यूपी Mlc चुनाव मतगणना पर क्यों छिड़ा है घमासान, अखिलेश यादव के दावों की सपा नेता ही क्यों खोल रहे हैं पोल?


Last Updated:

UP Mlc Election Results 2O26: उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव की मतगणना को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा लगाए गए धांधली के आरोपों पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखा पलटवार किया है. बीजेपी सांसद राम प्रताप सिंह ने कहा कि एक तरफ अखिलेश यादव मतगणना में अनियमितता का रोना रो रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ आगरा से उनकी ही पार्टी के उम्मीदवार ने स्वीकार किया है कि वोटों की गिनती पूरी तरह से पारदर्शी और सही तरीके से हो रही है.

ख़बरें फटाफट

Top Deals Inside

यूपी Mlc चुनाव में अखिलेश यादव के दावों की सपा नेता ही क्यों खोल रहे हैं पोल?Zoom

लखनऊ. उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की स्नातक और शिक्षक सीटों के लिए हुई मतगणना के बीच सियासी खींचतान अपने चरम पर पहुंच गई है. समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव द्वारा मतगणना प्रक्रिया पर उठाए गए सवालों और धांधली के आरोपों पर भारतीय जनता पार्टी ने पलटवार करते हुए सपा को अपने ही बयानों के जाल में घेर लिया है. लखनऊ में मीडिया से बात करते हुए भारतीय जनता पार्टी के सांसद राम प्रताप सिंह ने अखिलेश यादव के आरोपों को पूरी तरह से बेबुनियाद और हताशा से भरा करार दिया.

बीजेपी सांसद राम प्रताप सिंह ने अखिलेश यादव के आरोपों को खारिज करने के लिए खुद समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार के बयान को हथियार बनाया. उन्होंने कहा, ‘अखिलेश यादव की पार्टी समाजवादी पार्टी के आगरा से उम्मीदवार खुद कह रहे हैं कि वोटों की गिनती पूरी तरह से सही और सुचारू रूप से की जा रही है.’

अखिलेश के दावों की हवा निकली

राम प्रताप सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि जब धरातल पर चुनाव लड़ रहा सपा का अपना प्रत्याशी मतगणना व्यवस्था पर संतोष जता रहा है, तो लखनऊ में बैठकर अखिलेश यादव द्वारा लगाए जा रहे आरोप केवल चुनाव में संभावित हार की भूमिका तैयार करने का प्रयास हैं.

एमएलसी चुनाव मतगणना पर क्यों छिड़ा है घमासान?

उत्तर प्रदेश की स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की विधान परिषद सीटों पर हुई वोटिंग के बाद वोटों की गिनती के दौरान सपा और बीजेपी आमने-सामने आ गई हैं. अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया और प्रेस वार्ताओं के जरिए आरोप लगाया था कि स्थानीय प्रशासन और चुनाव अधिकारी बीजेपी के दबाव में काम कर रहे हैं तथा मतगणना केंद्रों पर धांधली और वोटों की हेरफेर की कोशिश की जा रही है.

बीजेपी का रुख, क्या सपा स्वीकार करेगी?

बीजेपी नेताओं का कहना है कि सपा जब भी चुनाव हारती है या नतीजे उनके पक्ष में नहीं दिखते, तो वह संवैधानिक संस्थाओं और चुनाव आयोग पर ठीकरा फोड़ना शुरू कर देती है. विधान परिषद की इन सीटों के नतीजे उत्तर प्रदेश की भावी राजनीति का रुझान तय करने में अहम माने जा रहे हैं. बीजेपी अपनी पकड़ बनाए रखने और ‘सुशासन’ के नैरेटिव को मजबूत करने में जुटी है.

वहीं, सपा और उसके सहयोगी दल इन चुनावों के जरिए जमीन पर अपनी मजबूती साबित करना चाहते हैं. लेकिन आगरा से अपने ही प्रत्याशी के बयान से सपा बैकफुट पर दिखाई दे रही है, जिसे बीजेपी आक्रामक तरीके से भुनाने में लगी है.



Source link