Haryanvi Singer Murder Mystery : ‘व्रत रखकर मांगूंगी इंसाफ’, अंकित बालियान की पत्नी ने किया करवा चौथ उपवास रखने का ऐलान

Haryanvi Singer Murder Mystery : ‘व्रत रखकर मांगूंगी इंसाफ’, अंकित बालियान की पत्नी ने किया करवा चौथ उपवास रखने का ऐलान


मुजफ्फरनगर : हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या की गुत्थी अभी भी उलझी हुई है. चार बदमाशों ने गोली से भूनकर उनकी हत्या कर दी थी. अब उनकी पत्नी सीमा न्याय की गुहार लगा रही हैं. उन्होंने ऐलान कर दिया है कि वह अपने पति की हत्या के मामले में न्याय की मांग करते हुए इस बार ‘करवा चौथ’ का व्रत रखेंगी.

बालियान की अगस्त में शामली जिले में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस मामले के कई आरोपी अब भी फरार बताए जा रहे हैं. दरअसल, परंपरा के अनुसार, करवा चौथ का व्रत मुख्य रूप से पति की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य, सुखी वैवाहिक जीवन और अखंड सौभाग्य की कामना के लिए रखा जाता है. बालियान की पत्नी सीमा ने सोमवार को अपने पति के इंस्टाग्राम खाते पर एक पोस्ट के माध्यम से यह घोषणा की. उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी अपील की कि वह इस मामले में हस्तक्षेप करें और कार्रवाई सुनिश्चित करें.

पोस्ट में दी गई जानकारी के अनुसार, सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से परिवार असंतुष्ट है. पोस्ट में लिखा गया, हमारा परिवार ऐसे दर्द से गुजर रहा है, जिसकी भरपाई कोई नहीं कर सकता. एक पत्नी ने अपना जीवनसाथी खो दिया है, एक परिवार ने अपना बेटा खो दिया है और उनके अपने न्याय का इंतजार कर रहे हैं.

पोस्ट में कहा गया, मुख्यमंत्री जी, आज सवाल सिर्फ अंकित बालियान का नहीं है, बल्कि उस परिवार को न्याय दिलाने का है जिसकी उम्मीदें अब सरकार की कार्रवाई पर टिकी हैं. कृपया हमारे दर्द को समझने की कोशिश करें. अंकित के पिता की हालत गंभीर है. मैं, उनकी पत्नी आपको बताना चाहती हूं कि मैं अपने पति के लिए न्याय की मांग करते हुए इस बार ‘करवा चौथ’ का व्रत रख रही हूं. हमें न्याय चाहिए.

शामली में इस साल 26 अगस्त को एक जिम से बाहर निकलकर अपनी कार की ओर जा रहे बालियान की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. पुलिस ने इस मामले में कथित हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था. इनमें से दो आरोपी मोहित और सुमित 31 अगस्त को शामली जिले में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मारे गए थे.

पुलिस ने फरार आरोपियों सत्यम कादियान, आर्यन और राहुल उर्फ बोलू शाहपुरिया की गिरफ्तारी के लिए सूचना देने पर एक-एक लाख रुपये के इनाम की घोषणा की है. अधिकारियों ने बताया कि फरार आरोपियों के खिलाफ संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है, जबकि पुलिस दल उनकी तलाश में जुटे हैं.



Source link