वेलिंग्टन: महज 35 गेंदों में शतक जमाने के बाद अभिषेक शर्मा ने जैसे ही पिच पर योग की मुद्रा दिखाई पूरा स्टेडियम तालियों से गूंज उठा. न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंग्टन में खेले गए तीसरे टी-20 में इस बाएं हाए के विस्फोटक बल्लेबाज ने 38 गेंद में 113 रन की धुआंधार पारी खेली. नौ चौके और 11 छक्के से सजी इस पारी की मदद से अभिषेक ने अपना चौथा टी-20 इंटरनेशनल शतक भी पूरी किया. इसी के साथ वह भारत के लिए चार-चार सेंचुरी जमाने वाले रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव के बाद सिर्फ तीसरे बल्लेबाज बन गए.
इससे पहले डेरिल मिचेल की तूफानी बल्लेबाजी के दम पर न्यूजीलैंड ने ठंड और तेज हवाओं के बीच मंगलवार को यहां खेले गए तीसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में भारत के खिलाफ तीन विकेट पर 198 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।
खराब फॉर्म से उबरते हुए मिचेल ने महज 52 गेंदों पर नाबाद 89 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में पांच छक्कों के अलावा और इतने ही चौके लगाये।
भारतीय गेंदबाज भले ही विकेट लेने के मामले में बहुत प्रभावशाली नहीं रहे, लेकिन उन्होंने अंतिम पांच ओवरों में कसी हुई गेंदबाजी करते हुए केवल 52 रन खर्च किए। भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने लगातार तीसरी बार टॉस जीतकर न्यूजीलैंड को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया।
तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह (चार ओवर में 33 रन देकर एक विकेट) ने टिम सीफर्ट को जल्द ही आउट कर दूसरे ओवर में ही भारत को सफलता दिलाई।
इसके बाद फिन एलन और मिचेल ने आक्रामक अंदाज अपनाते हुए दूसरे विकेट के लिए 86 रन की साझेदारी कर न्यूजीलैंड की पारी को मजबूती दी। एलन ने 25 गेंदों पर 40 रन बनाए। उन्होंने भुवनेश्वर कुमार के शुरुआती ओवर में दो छक्के जड़कर अपने इरादे जाहिर कर दिए। भुवनेश्वर ने चार ओवर में 40 रन दिए और उन्हें पूरे मुकाबले में सही लेंथ हासिल करने के लिए संघर्ष करना पड़ा।
भुवनेश्वर के लिए पारी का 18वां ओवर हालांकि बेहतर रहा। इस ओवर में उन्होंने लगातार यॉर्कर लेंथ पर गेंदबाजी की, जिससे आगामी मुकाबलों के लिए उनका आत्मविश्वास बढ़ सकता है।
एलन ने पहले भुवनेश्वर की गेंद को लॉन्ग ऑन के ऊपर से छह रन के लिए भेजा और फिर डीप मिडविकेट के ऊपर से छक्का जड़ा। इसके बाद उन्होंने प्रिंस यादव की ऑफ स्टंप के बाहर की गेंद को स्क्वायर लेग के ऊपर से छह रन के लिए पहुंचाया।
मिचेल ने भी अपनी लय हासिल करते हुए कुछ आकर्षक चौके लगाए। उन्होंने प्रिंस की गेंद पर कमाल का रैंप शॉट खेला।
एलन की आक्रामक पारी पर नितीश कुमार रेड्डी ने विराम लगाया। चार ओवर में 38 रन देकर एक विकेट लेने वाले रेड्डी की गेंद पर एलन लॉन्ग ऑन के बाहर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में नमन धीर को कैच दे बैठे।
अक्षर पटेल ने फॉर्म में चल रहे ग्लेन फिलिप्स (17) को आउट कर न्यूजीलैंड को बड़ा झटका दिया। चार ओवर में 36 रन देकर एक विकेट लेने वाले अक्षर ने अपनी ही गेंद पर बेहतरीन कैच पकड़ा।
मिचेल को इसके बाद बेवन जैकब्स का अच्छा साथ मिला। जैकब्स ने 23 गेंदों पर नाबाद 39 रन बनाए। दोनों ने आठ ओवर में चौथे विकेट के लिए 75 रन जोड़कर न्यूजीलैंड को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।