Last Updated:
Prayagraj News : प्रयागराज एयरपोर्ट से हवाई सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है. नवंबर-दिसंबर में रनवे के विस्तार का काम शुरू हो सकता है. इस दौरान कुछ दिनों तक उड़ानों की आवाजाही प्रभावित होने की आशंका है. जानिए रनवे की लंबाई कितनी बढ़ेगी और यात्रियों को किन परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है.
प्रयागराज एयरपोर्ट.
प्रयागराज: संगम नगरी प्रयागराज में हवाई सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है. प्रयागराज एयरपोर्ट के रनवे का विस्तार करने की तैयारी की जा रही है. इसके लिए नवंबर-दिसंबर के बीच काम शुरू हो सकता है. निर्माण कार्य के दौरान कुछ दिनों तक विमानों की लैंडिंग और टेकऑफ प्रभावित हो सकते हैं. ऐसे में दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु समेत दूसरे शहरों से प्रयागराज आने-जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
रनवे के विस्तार के लिए लिया जाएगा ट्रैफिक ब्लॉक
भारतीय वायुसेना रनवे के विस्तार और उसे नए टैक्सीवे से जोड़ने के लिए ट्रैफिक ब्लॉक लेने की तैयारी कर रही है. यह तकनीकी काम सुरक्षा को ध्यान में रखकर किया जाएगा. निर्माण के दौरान कुछ दिनों के लिए विमानों की आवाजाही बंद करनी पड़ सकती है. जरूरत पड़ने पर कुछ उड़ानों को वाराणसी या लखनऊ जैसे दूसरे शहरों में स्थानांतरित भी किया जा सकता है.
एक साथ नहीं, कई चरणों में होगा काम
हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को ज्यादा परेशानी न हो, इसके लिए काम को एक बार में पूरा करने के बजाय कई चरणों में करने की योजना है. इससे उड़ानों का संचालन लंबे समय तक बंद रखने की जरूरत नहीं पड़ेगी. हालांकि, अभी तक यह तय नहीं हुआ है कि किस तारीख को रनवे पर काम शुरू होगा और किन दिनों में उड़ानें प्रभावित होंगी.
600 मीटर बढ़ेगी रनवे की लंबाई
प्रयागराज के बमरौली एयरपोर्ट की मौजूदा हवाई पट्टी करीब 2700 मीटर लंबी है. योजना के तहत इसमें लगभग 600 मीटर और विस्तार किया जाना है. इसके बाद रनवे की कुल लंबाई करीब 3300 मीटर हो जाएगी. इससे एयरपोर्ट पर बड़े विमानों के संचालन में सुविधा मिलेगी.
बड़े विमानों के संचालन में मिलेगी मदद
रनवे का विस्तार होने के बाद दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु जैसे प्रमुख शहरों से आने वाले बड़े बोइंग विमानों का संचालन आसान हो सकेगा. इससे प्रयागराज की हवाई कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी. साथ ही, शहर में बढ़ते पर्यटन और भविष्य में यात्रियों की संभावित संख्या को देखते हुए भी यह काम महत्वपूर्ण है.
महाकुंभ 2031 की तैयारियों के लिहाज से अहम
प्रयागराज में वर्ष 2031 में प्रस्तावित महाकुंभ को देखते हुए एयरपोर्ट की सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है. रनवे का विस्तार होने से भविष्य में अधिक यात्रियों को संभालने और बड़े विमानों के संचालन में मदद मिल सकती है. इससे संगम नगरी आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी फायदा होने की उम्मीद है.
तारीख तय होने के बाद जारी होगी सूचना
रनवे के विस्तार और इंटरकनेक्शन के लिए ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाना प्रस्तावित है, लेकिन इसकी तारीखें अभी तय नहीं हुई हैं. रक्षा विभाग के विंग कमांडर एवं प्रवक्ता देवार्थों धर के अनुसार, तारीखों पर अंतिम निर्णय होने के बाद यात्रियों की सुविधा के लिए सूचना जारी की जाएगी. इसलिए प्रयागराज से हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को अपनी उड़ान से जुड़ी जानकारी पहले से जांचते रहना चाहिए.