Anthropic Jobs 2026: AI कंपनी Anthropic में 3.25 करोड़ की नौकरी, कौन कर सकेगा अप्‍लाई?

Anthropic Jobs 2026: AI कंपनी Anthropic में 3.25 करोड़ की नौकरी, कौन कर सकेगा अप्‍लाई?


Anthropic Jobs 2026: आजकल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से कुछ सेकंड में आर्टिकल, भाषण, ईमेल और दूसरी सामग्री तैयार की जा सकती है.ऐसे में एक सवाल अक्सर उठता है कि क्या AI आने वाले समय में लिखने वालों की नौकरियां खत्म कर देगा? इसी बीच AI की दुनिया से एक दिलचस्प खबर सामने आई है.क्‍लाउड एआई (Claude AI) बनाने वाली अमेरिकी कंपनी एंथ्रोपिक (Anthropic)एक ऐसे व्यक्ति की तलाश कर रही है जो कंपनी के बड़े अधिकारियों के लिए भाषण, बयान और दूसरी महत्वपूर्ण सामग्री लिख सके. इस नौकरी के लिए कंपनी सालाना 3.25 करोड़ रुपये तक की सैलरी देने को तैयार है. खास बात यह है कि यह नौकरी किसी AI इंजीनियर या सॉफ्टवेयर डेवलपर की नहीं, बल्कि लिखने और कम्युनिकेशन की समझ रखने वाले अनुभवी प्रोफेशनल के लिए है.

AI से लिखने वाली कंपनी को क्यों चाहिए इंसानी राइटर?

एंथ्रोपिक दुनिया की प्रमुख आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनियों में शामिल है.कंपनी ने Claude नाम का AI सिस्टम विकसित किया है जिसकी मदद से यूजर्स आर्टिकल, रिपोर्ट, ईमेल, भाषण और दूसरी तरह की सामग्री तैयार कर सकते हैं.इसके बावजूद कंपनी अब एक अनुभवी एग्‍जिक्‍यूटिव कम्‍युनिकेशनंस राइटर (Executive Communications Writer) की भर्ती कर रही है.इस पद पर चयनित व्यक्ति का काम केवल अच्छी अंग्रेजी लिखना या भाषण तैयार करना नहीं होगा.उसे कंपनी के बड़े अधिकारियों की सोच, कंपनी की रणनीति और तकनीक से जुड़े जटिल मुद्दों को आम लोगों तक आसान भाषा में पहुंचाना होगा.कंपनी ऐसे व्यक्ति की तलाश कर रही है जो समझ सके कि किसी महत्वपूर्ण मुद्दे पर क्या कहना चाहिए, कैसे कहना चाहिए और किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है.यही वजह है कि इस पद के लिए लेखन के साथ रणनीतिक सोच और अनुभव को भी महत्व दिया जा रहा है.

सालाना 3.25 करोड़ रुपये तक सैलरी

एंथ्रोपिक ने एग्‍जिक्‍यूटिव कम्‍युनिकेशनंस राइटर पद के लिए सालाना 2,95,000 डॉलर से 3,45,000 डॉलर तक की सैलरी निर्धारित की है.भारतीय रुपये में यह राशि लगभग 2.78 करोड़ रुपये से 3.25 करोड़ रुपये सालाना बताई गई है.इस हिसाब से अधिकतम सैलरी करीब 27 लाख रुपये प्रति महीने बैठती है.सैलरी के अलावा कंपनी इक्विटी और अन्य कर्मचारी लाभ भी देगी.इक्विटी का मतलब है कि कर्मचारी को निर्धारित शर्तों के अनुसार कंपनी में हिस्सेदारी से जुड़ा लाभ भी मिल सकता है.इस तरह नौकरी का कुल पैकेज केवल नकद सैलरी तक सीमित नहीं रहेगा.

कहां मिलेगी नौकरी?

एंथ्रोपिक ने इस पद के लिए अमेरिका के दो प्रमुख शहरों को लोकेशन के रूप में रखा है.पहला शहर सैन फ्रांसिस्को है जो अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य में स्थित है और दुनिया के प्रमुख टेक्नोलॉजी केंद्रों में गिना जाता है.दूसरा शहर न्यूयॉर्क सिटी है जो अमेरिका के बड़े कारोबारी और मीडिया केंद्रों में शामिल है.कंपनी ने इस पद के लिए इन्हीं दो शहरों का उल्लेख किया है इसलिए उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले नौकरी की लोकेशन और काम करने की व्यवस्था से जुड़ी शर्तों को समझना जरूरी होगा.

नौकरी के लिए कितने साल का अनुभव चाहिए?

एंथ्रोपिक की इस नौकरी के लिए फ्रेशर्स के बजाय अनुभवी उम्मीदवारों की तलाश की जा रही है.
कंपनी ने कम से कम आठ साल का संबंधित कार्य अनुभव मांगा है.यह अनुभव एग्‍जिक्‍यूटिव कम्‍युनिकेशनंस, टेक्‍नोलॉजी स्‍ट्रैटजी या जर्नलिज्‍म के क्षेत्र में होना चाहिए यानी ऐसे प्रोफेशनल, जिन्होंने बड़ी कंपनियों के अधिकारियों के लिए कम्युनिकेशन का काम किया है.तकनीक से जुड़ी रणनीति पर काम किया है या पत्रकारिता में जटिल विषयों को समझकर लिखा है.इस पद की अनुभव संबंधी शर्त पूरी कर सकते हैं हालांकि केवल आठ साल का अनुभव होना पर्याप्त नहीं है.उम्मीदवार में तकनीकी विषयों को समझने, उन्हें सरल भाषा में समझाने और संवेदनशील परिस्थितियों में सही संदेश तैयार करने की क्षमता भी होनी चाहिए.

क्या पत्रकार भी कर सकते हैं इस नौकरी के लिए आवेदन?

एंथ्रोपिक ने इस पद के लिए जर्नलिज्‍म को भी प्रासंगिक अनुभव वाले क्षेत्रों में शामिल किया है.इसका मतलब है कि पत्रकारिता में कम से कम आठ साल का संबंधित अनुभव रखने वाले प्रोफेशनल भी इस नौकरी के लिए संभावित उम्मीदवार हो सकते हैं.खास तौर पर ऐसे पत्रकार जिन्होंने टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, बिजनेस, कॉर्पोरेट मामलों या नीतियों से जुड़े विषयों पर काम किया है. उनका अनुभव इस तरह की भूमिका में उपयोगी हो सकता है हालांकि कंपनी को केवल खबर लिखने वाला व्यक्ति नहीं चाहिए.उसे ऐसा अनुभवी कम्युनिकेशन प्रोफेशनल चाहिए जो कंपनी के शीर्ष अधिकारियों के लिए रणनीतिक संदेश तैयार कर सके.इसके लिए लेखन के साथ कंपनी की नीतियों, तकनीकी विषयों और अलग-अलग तरह के पाठकों की समझ जरूरी होगी.

कंपनी के बड़े अधिकारियों के लिए लिखने होंगे भाषण

एग्‍जिक्‍यूटिव कम्‍युनिकेशनंस राइटर की सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी एंथ्रोपिक के वरिष्ठ अधिकारियों के लिए लिखने का काम करना होगी.चयनित उम्मीदवार को कंपनी के अधिकारियों के भाषण तैयार करने होंगे. इसके अलावा बड़े कार्यक्रमों में दिए जाने वाले कीनोट एड्रेस भी लिखने होंगे. कंपनी की ओर से जारी किए जाने वाले सार्वजनिक बयान और विभिन्न मुद्दों पर लिखे जाने वाले ओपिनियन आर्टिकल्‍स तैयार करना भी इस पद की जिम्मेदारियों में शामिल होगा.उसे कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मिलकर काम करना होगा ताकि उनके विचार और कंपनी की प्राथमिकताएं सही तरीके से लोगों तक पहुंचाई जा सकें. इस काम में यह समझना जरूरी होगा कि किस मौके पर किस तरह की भाषा इस्तेमाल की जाए. मुश्किल AI तकनीक को आम लोगों की भाषा में समझाना होगा. एंथ्रोपिक की इस नौकरी में सबसे बड़ी चुनौती जटिल तकनीकी विषयों को आसान भाषा में समझाने की होगी. कंपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में काम करती है. इनमें AI एलिग्‍नमेंट, AI सेफटी और लार्ज लैंग्‍वेज मॉडल्‍स जैसे विषय शामिल हैं. AI एलिग्‍नमेंट का मतलब आसान भाषा में यह समझना है कि AI सिस्टम का व्यवहार इंसानों के उद्देश्यों और निर्धारित मूल्यों के अनुरूप कैसे रखा जाए. AI सेफटी का संबंध AI के सुरक्षित इस्तेमाल और उससे जुड़े संभावित जोखिमों को कम करने से है वहीं लार्ज लैंग्‍वेज मॉडल्‍स ऐसी AI तकनीक है जो बड़ी मात्रा में भाषा से जुड़ा डेटा सीखकर सवालों के जवाब देने और सामग्री तैयार करने जैसे काम कर सकती है.चयनित उम्मीदवार को इन विषयों को इस तरह समझाना होगा कि केवल तकनीकी विशेषज्ञ ही नहीं बल्कि आम लोग, निवेशक और नीति बनाने वाले अधिकारी भी इन्हें समझ सकें.

कंपनी की रिसर्च और प्रोडक्ट्स की कहानी भी बतानी होगी

इस नौकरी में केवल भाषण और बयान लिखना ही शामिल नहीं है.चयनित उम्मीदवार को एंथ्रोपिक की रिसर्च, प्रोडक्ट्स और AI विकसित करने के तरीके से जुड़ी जानकारी भी प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करनी होगी.उसे कंपनी की उपलब्धियों, प्राथमिकताओं और तकनीकी विकास को लेकर ऐसे संदेश तैयार करने होंगे जो अलग-अलग लोगों तक सही तरीके से पहुंच सकें.इसके लिए उम्मीदवार को कंपनी की रिसर्च टीम, प्रोडक्ट्स और नेतृत्व की सोच को समझना होगा.साथ ही यह भी देखना होगा कि कंपनी की ओर से कही गई बातों में किसी तरह की अस्पष्टता या विरोधाभास न हो.

और क्‍या करना होगा?

एंथ्रोपिक की इस नौकरी में क्राइसिस कम्‍युनिकेशंस यानी संकट के समय कंपनी के संदेश तैयार करने की जिम्मेदारी भी शामिल है.मान लीजिए कि किसी AI प्रोडक्ट को लेकर विवाद हो जाता है या किसी सरकारी नियामक संस्था की ओर से कंपनी से सवाल पूछे जाते हैं.ऐसी स्थिति में कंपनी की ओर से क्या जवाब दिया जाए, किस भाषा में बात रखी जाए और किन तथ्यों को स्पष्ट किया जाए.इसमें एग्‍जिक्‍यूटिव कम्‍युनिकेशनंस राइटर की महत्वपूर्ण भूमिका होगी.इसके अलावा किसी बड़े प्रोडक्ट की घोषणा या AI इंडस्ट्री से जुड़े विवाद के दौरान भी उसे समय पर और सावधानी से बयान तैयार करना होगा.ऐसे मामलों में गलत शब्दों का इस्तेमाल कंपनी की छवि और लोगों के भरोसे को प्रभावित कर सकता है.इसलिए कंपनी ऐसे व्यक्ति की तलाश कर रही है जो संवेदनशील मुद्दों पर जिम्मेदारी से लिख सके.

कंपनी के अधिकारियों को सलाह भी देनी होगी

इस पद पर चयनित उम्मीदवार का काम केवल अधिकारियों के बताए अनुसार लिखना नहीं होगा.उसे वरिष्ठ अधिकारियों को यह सलाह भी देनी होगी कि किसी मुद्दे पर किस तरह का संदेश देना बेहतर होगा. उसे यह समझना होगा कि किसी बयान को आम लोग, निवेशक, सरकारी अधिकारी और कारोबारी साझेदार किस तरह देख सकते हैं.किसी बयान से गलतफहमी पैदा होने की संभावना तो नहीं है. यह देखना भी उसकी जिम्मेदारी होगी.इसके अलावा कंपनी के अलग-अलग सार्वजनिक बयानों में एकरूपता बनाए रखना भी जरूरी होगा यानी उम्मीदवार को लेखक के साथ एक रणनीतिक सलाहकार की भूमिका भी निभानी होगी.

AI कंपनी के लिए एक गलत बयान क्यों हो सकता है भारी?

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहा है.AI की सुरक्षा, सरकारी नियमों, तकनीकी विकास और इसके सामाजिक असर को लेकर दुनियाभर में चर्चा हो रही है.ऐसे में AI कंपनियों के सार्वजनिक बयान काफी महत्वपूर्ण होते हैं.अगर कोई कंपनी अपने AI सिस्टम की क्षमताओं या सुरक्षा के बारे में अस्पष्ट जानकारी देती है तो इससे लोगों के बीच गलतफहमी पैदा हो सकती है.इसी तरह सरकारी नियमों या तकनीकी विकास से जुड़े किसी संवेदनशील मुद्दे पर गलत तरीके से दिया गया बयान कंपनी के प्रति भरोसे को प्रभावित कर सकता है इसलिए एंथ्रोपिक ऐसे अनुभवी व्यक्ति को नियुक्त करना चाहती है जो तकनीकी जानकारी की सटीकता बनाए रखते हुए कंपनी का पक्ष स्पष्ट रूप से रख सके.

जब AI खुद लिख सकता है तो इंसानी राइटर की जरूरत क्यों?

एंथ्रोपिक की इस नौकरी से एक महत्वपूर्ण सवाल सामने आता है.जब AI कुछ सेकंड में भाषण, आर्टिकल और बयान तैयार कर सकता है तो कंपनी एक इंसानी लेखक को इतनी बड़ी सैलरी क्यों देना चाहती है? इसका जवाब इस पद की जिम्मेदारियों में छिपा है.AI की मदद से किसी विषय पर शुरुआती ड्राफ्ट तैयार किया जा सकता है.लिखी हुई सामग्री को बेहतर बनाने और भाषा में बदलाव करने में भी AI मदद कर सकता है लेकिन किसी संवेदनशील मुद्दे पर कंपनी को क्या कहना चाहिए, उसके क्या परिणाम हो सकते हैं और अलग-अलग लोग उसे किस तरह समझेंगे, यह तय करना एक अलग जिम्मेदारी है.इसके लिए संदर्भ, अनुभव, विवेक और रणनीतिक सोच की जरूरत होती है.



Source link