Last Updated:
Heavy Earrings Tips: हैवी झुमके आजकल काफी ट्रेंड में है. बिना नेकलेस सिर्फ एक हैवी झुमके से आप अपने पूरे लुक को स्टाइलिश बना सकते हैं. एक्ट्रेसेस भी आजकल हैवी ईयररिंग्स के साथ ही अपने स्टाइल को कंप्लीट करती है. लेकिन भारी झुमकों के साथ एक प्रॉब्लम है, इसे ज्यादा देर तक पहनने से काम में दर्द होने लगता है. यदि आप भी इससे परेशान रहते हैं, तो यहां बताए गए ट्रिक्स आपके बहुत काम आ सकते हैं.
शादी, पार्टी हो या कोई खास फंक्शन, हैवी झुमके और स्टेटमेंट ईयररिंग्स लुक में चार चांद लगाते हैं. लेकिन खूबसूरत दिखने वाले ये झुमके कुछ ही देर में कानों में दर्द भी पैदा करने लगते हैं. इसलिए चेहरे के आकार और आउटफिट के हिसाब से ईयररिंग्स चुनने के साथ-साथ उन्हें सही तरीके से पहनना भी जरूरी है. अगर आप भी भारी ईयररिंग्स पहनने पर कान में दर्द से परेशान रहते हैं, तो कुछ स्टाइलिंग टिप्स और ट्रिक्स आपके काम आ सकती हैं.
लंबे समय तक भारी ईयररिंग्स पहनने से कान की लौब का टिश्यू खिंचने लगता है. इससे छेद बड़ा होने या कान की लौब के लटकने का खतरा रहता है. ऐसे में भारी झुमके पहनते समय कानों को सपोर्ट देना जरूरी है, ताकि खिंचाव कम हो सके. इसलिए भारी झुमके पहनते समय हमेशा इन 5 तरीकों को आजमाना चाहिए.
बैंडेज वाली ट्रिक आएगी काम
भारी झुमकों का वजन कम महसूस करने के लिए बैंडेज की चिपकने वाली पट्टी का इस्तेमाल किया जा सकता है. इसके लिए साफ बैंडेज से लगभग एक इंच का टुकड़ा काट लें. इसे कान की लौब के पीछे चिपकाएं और फिर ईयररिंग पहनें. ईयररिंग का पिन बैंडेज से होकर निकलेगा, जिससे कान के पीछे सपोर्ट मिलता है. ध्यान रखें कि बैंडेज साफ हो और आपकी त्वचा पर जलन या एलर्जी न करे.
लौब टेप से दें कानों को सपोर्ट
अगर आप अक्सर हैवी ईयररिंग्स पहनती हैं, तो ईयरलोब सपोर्ट टेप यानी लाउब टेप का इस्तेमाल कर सकती हैं. ये कान की लौब को सहारा देने के लिए बनाया जाता है. इससे झुमकों के खिंचाव को कम करने में मदद मिलती है.
लौब लिफ्टर करें ट्राई
लाउब लिफ्टर ऐसे एक्सेसरीज हैं, जो भारी ईयररिंग्स के वजन को कान की लौब पर बेहतर तरीके से फैलाने में मदद करते हैं. इससे छेद पर पड़ने वाला खिंचाव कम होता है. कुछ लिफ्टर कान की लौब के लटकने को कम दिखाने में भी मदद करते हैं. इन्हें खरीदते समय अपनी ईयररिंग्स के डिजाइन और वजन के हिसाब से विकल्प चुनें.
चौड़े ईयररिंग बैक लगाएं
साधारण ईयररिंग बैक की जगह चौड़े या पैड वाले सपोर्ट बैक इस्तेमाल कर सकती हैं. ये कान के पीछे ज्यादा जगह पर सहारा देते हैं, जिससे झुमकों का वजन एक छोटे हिस्से पर केंद्रित नहीं होता. हालांकि, इनसे भी बहुत भारी झुमकों का पूरा दबाव खत्म नहीं होता.
कानों की त्वचा को रखें मॉइस्चराइज
किसी खास फंक्शन में भारी झुमके पहनने से पहले त्वचा पर ऐसा मॉइस्चराइजर लगा सकती हैं, जो आपको सूट करता हो. लेकिन ध्यान रखें कि मॉइस्चराइजर कान के छेद को मजबूत नहीं बनाता और न ही झुमकों के वजन से होने वाले खिंचाव को रोकने का भरोसेमंद तरीका है. हालांकि इससे कानों के दर्द में कुछ कमी जरूर महसूस होती है.