Last Updated:
Motihari News: मोतिहारी में 5 लाख के नकली नोट की खेप पकड़ी गई. यह नेपाल से बिहार में खपाने के लिए लाई जा रही थी. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक कार की तलाशी ली थी, जिसमें बने तहखाने के भीतर से जाली नोटों की गड्डियां बरामद की गईं. आरोपी युवक को गिरफ्तार किया गया. उससे पूछताछ की जा रही है.
मोतिहारी में 5 लाख के नकली नोट बरामद.
मोतिहारीः बिहार के मोतिहारी से चौंकाने वाली खबर सामने आई. जहां सेमरा गांव के पास पुलिस ने एक गाड़ी की तलाशी ली, तो उसमें 5 लाख रुपए के नकली नोट मिले. सेमरा गांव के पास पुलिस ने खुफिया इनपुट के आधार पर एक गाड़ी को पकड़ा. तलाशी में गाड़ी में बने तहखाने से करीब 5 लाख रुपये के नकली नोट बरामद किए गए. पुलिस ने इस मामले में एक कथित तस्कर को गिरफ्तार किया. कहा जा रही है कि छठ और दीपावली के दौरान इन नकली नोटों को बाजार में खपाने का प्लान था.
पुलिस ने लिया एक्शन
पुलिस को सूचना मिली थी कि नेपाल से नकली नोटों की खेप मोतिहारी लाई जा रही है. इसके बाद एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर एक टीम बनाई गई. टीम ने सूचना के आधार पर सेमरा इलाके में गाड़ी को रोका. जब गाड़ी की तलाशी ली गई तो उसमें खास तरीके से तहखाना बनाया गया था. इसी तहखाने में नकली नोट छिपाकर ले जाए जा रहे थे. पुलिस ने नोटों को जब्त कर लिया और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली नोट कहां से लाए गए थे और इन्हें किन लोगों तक पहुंचाया जाना था.
त्योहारों में नकली नोट खपाने की आशंका
पुलिस को शक है कि बरामद नकली नोटों को छठ और दीपावली के दौरान बाजार में चलाने की योजना थी. त्योहारों में खरीदारी बढ़ने के कारण बाजार में नकदी का इस्तेमाल भी बढ़ जाता है. ऐसे में नकली नोटों को खपाने की कोशिश की जा सकती थी. हालांकि, इस योजना से जुड़े सभी तथ्यों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी. पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है, ताकि तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके.
केंद्रीय एजेंसियां भी कर सकती हैं पूछताछ
नेपाल से नकली नोटों की खेप आने की जानकारी के बाद मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं. नकली नोटों की छपाई कहां हुई, इन्हें सीमा पार कैसे लाया गया और बिहार में किन जगहों पर पहुंचाया जाना था, इन सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं. मामले में केंद्रीय एजेंसियों की पूछताछ भी हो सकती है. फिलहाल पुलिस की जांच जारी है.