JEE Main 2027 Free Coaching: जेईई मेन 2027 की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए सही स्टडी मटेरियल और मॉक टेस्ट बहुत जरूरी हैं. कई छात्र महंगी कोचिंग के बिना इस परीक्षा की तैयारी करना चाहते हैं, लेकिन उन्हें समझ नहीं आता कि पढ़ाई के लिए भरोसेमंद कंटेंट कहां से मिलेगा. ऐसे छात्रों के लिए अच्छी बात यह है कि ऑनलाइन कई ऐसे प्लेटफॉर्म मौजूद हैं, जहां फ्री में वीडियो लेक्चर, प्रैक्टिस सवाल और मॉक टेस्ट की मदद ली जा सकती है. अगर आप भी जेईई मेन में अच्छे नंबर लाने का लक्ष्य बना रहे हैं, तो इन प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल अपनी तैयारी को बेहतर बनाने के लिए कर सकते हैं.
JEE Main 2027: घर बैठे फ्री में कैसे करें तैयारी?
जेईई मेन देश की प्रमुख इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं में से एक है. इसके स्कोर के आधार पर NIT, IIT और कई दूसरे इंजीनियरिंग इंस्टीट्यूट्स में एडमिशन का मौका मिलता है. इस परीक्षा का आयोजन नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) करती है.
परीक्षा की तैयारी के लिए जरूरी नहीं है कि हर छात्र महंगी कोचिंग में ही एडमिशन ले. अगर आपके पास सही स्टडी प्लान, रेगुलर पढ़ाई और प्रैक्टिस करने की आदत है, तो फ्री ऑनलाइन प्लेटफॉर्म भी काफी मददगार हो सकते हैं. ऐसे में आइए ऐसे 3 प्लेटफॉर्म के बारे में जानते हैं, जिनकी मदद से आप घर बैठे अपनी तैयारी कर सकते हैं.
1. नेशनल टेस्ट अभ्यास: घर बैठे दें मॉक टेस्ट
जेईई मेन की तैयारी में सिर्फ किताबें पढ़ना काफी नहीं है. परीक्षा में सवालों को तय समय के भीतर हल करने की प्रैक्टिस भी जरूरी है. इसके लिए नेशनल टेस्ट अभ्यास ऐप की मदद ली जा सकती है. इसे नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए तैयार किया है.
इस प्लेटफॉर्म पर छात्र कंप्यूटर आधारित परीक्षा यानी CBT के तरीके से मॉक टेस्ट दे सकते हैं. इससे उन्हें असली परीक्षा जैसा अनुभव मिलता है और यह समझने में मदद मिलती है कि सीमित समय में सवालों को कैसे हल करना है.
इसकी एक खास सुविधा यह भी है कि छात्र मॉक टेस्ट डाउनलोड करके ऑफलाइन भी प्रैक्टिस कर सकते हैं. इससे इंटरनेट की परेशानी होने पर भी पढ़ाई जारी रखी जा सकती है. जेईई मेन की तैयारी करने वाले छात्र NTA की आधिकारिक वेबसाइट nta.ac.in पर जाकर इससे जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं.
2. SATHEE: फ्री वीडियो लेक्चर और डाउट क्लियर करने की सुविधा
SATHEE का पूरा नाम सेल्फ असेसमेंट, टेस्ट एंड हेल्प फॉर एंट्रेंस एग्जाम है. यह शिक्षा मंत्रालय और IIT कानपुर की पहल है. इसका उद्देश्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों को मुफ्त में पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध कराना है.
इस प्लेटफॉर्म पर छात्रों को वीडियो लेक्चर, मॉक टेस्ट और सवालों से जुड़े डाउट दूर करने के लिए ऑनलाइन सेशन जैसी सुविधाएं मिलती हैं. जेईई मेन के अलावा जेईई एडवांस्ड की तैयारी करने वाले छात्र भी इसका इस्तेमाल कर सकते हैं.
SATHEE पर उपलब्ध पढ़ाई के कंटेंट की मदद से छात्र घर बैठे अपनी कमजोरियों को पहचान सकते हैं और उन टॉपिक्स पर दोबारा काम कर सकते हैं, जिनमें उन्हें परेशानी होती है. इस प्लेटफॉर्म पर जेईई मेन की तैयारी के लिए क्रैश कोर्स जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं. नए कोर्स और सेशन की जानकारी के लिए छात्र इसकी आधिकारिक वेबसाइट – sathee.iitk.ac.in को देख सकते हैं.
3. IIT-PAL: आईआईटी के प्रोफेसरों से समझें फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथ्स
जेईई मेन में अच्छे नंबर लाने के लिए फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथ्स के कॉन्सेप्ट मजबूत होना जरूरी है. अगर किसी टॉपिक को समझने में परेशानी हो रही है, तो IIT-PAL के वीडियो लेक्चर मदद कर सकते हैं.
IIT-PAL यानी आईआईटी-प्रोफेसर असिस्टेड लर्निंग के तहत छात्रों को आईआईटी के प्रोफेसरों और सब्जेक्ट एक्सपर्ट के लेक्चर उपलब्ध कराए जाते हैं. इनका उद्देश्य कक्षा 11वीं और 12वीं के छात्रों को जरूरी कॉन्सेप्ट समझने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने में मदद देना है.
इस प्लेटफॉर्म पर फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथ्स जैसे विषयों के टॉपिक के अनुसार लेक्चर देखे जा सकते हैं. छात्र अपनी सुविधा के हिसाब से किसी भी टॉपिक को दोबारा पढ़ सकते हैं. इसके अलावा, IIT-PAL के लेक्चर स्वयं प्रभा चैनलों पर भी प्रसारित किए जाते हैं. छात्र इसकी आधिकारिक वेबसाइट iitpal.iitd.ac.in पर जाकर उपलब्ध कंटेंट देख सकते हैं.
JEE Main 2027 की तैयारी में AI टूल्स भी आएंगे काम
आजकल पढ़ाई के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI टूल्स का भी इस्तेमाल किया जा सकता है. जेईई मेन की तैयारी करने वाले छात्र इनकी मदद से अपने लिए स्टडी प्लान बना सकते हैं, मुश्किल टॉपिक्स को आसान भाषा में समझ सकते हैं और किसी कॉन्सेप्ट को याद रखने के लिए आसान तरीके खोज सकते हैं.
उदाहरण के लिए, अगर आपको फिजिक्स का कोई सवाल समझ नहीं आ रहा है, तो AI टूल से उसके सॉल्यूशन को स्टेप-बाय-स्टेप समझाने के लिए कह सकते हैं. इसी तरह, मैथ्स के किसी टॉपिक पर अतिरिक्त सवाल तैयार कराकर प्रैक्टिस भी कर सकते हैं. हालांकि, AI से मिले जवाबों को आंख बंद करके सही नहीं मानना चाहिए. खासकर मैथ और साइंस के सवालों में जवाब को किताबों या भरोसेमंद स्टडी मटेरियल से मिलाकर देखना बेहतर है.
इन फ्री प्लेटफॉर्म का सही इस्तेमाल कैसे करें?
अगर आप जेईई मेन 2027 की तैयारी कर रहे हैं, तो सबसे पहले अपना सिलेबस पूरा करने की योजना बनाएं. जिन टॉपिक्स को समझने में परेशानी होती है, उनके लिए IIT-PAL के लेक्चर देख सकते हैं. पढ़े हुए टॉपिक्स को दोहराने और सवालों का अभ्यास करने के लिए SATHEE की मदद लें. वहीं, अपनी तैयारी का लेवल जांचने और परीक्षा के समय को संभालने के लिए नेशनल टेस्ट अभ्यास पर मॉक टेस्ट दें.
ध्यान रखें कि केवल वीडियो देखने या मॉक टेस्ट देने से तैयारी पूरी नहीं होगी. हर टेस्ट के बाद अपनी गलतियों को समझना और कमजोर टॉपिक्स पर दोबारा काम करना जरूरी है. रेगुलर पढ़ाई, सही रणनीति और लगातार प्रैक्टिस के साथ इन फ्री ऑनलाइन सोर्स का बेहतर इस्तेमाल किया जा सकता है.