Last Updated:
Ganja Trafficking: गोंदिया की लोकल क्राइम ब्रांच ने रेलटोली इलाके में सख्त नाकाबंदी कर तस्करी करने के अनोखी तरकीब की हवा निकाल दी. मोपेड सवार दोनों आरोपियों को संदिग्ध हालत में रोककर जब तलाशी ली गई, तो उनके शरीर पर चिपका नशा देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए. मौके से पौने तीन किलो से ज्यादा गांजा और वाहन जब्त कर दोनों को सलाखों के पीछे भेज दिया गया है.
पुलिस ने गोंदिया में गांजा तस्करी कर रहे मध्य प्रदेश के दो आरोपी को गिरफ्तार किया है.
Ganja Trafficking: महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में गांजा तस्करी के मामले में लोकल क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए मध्य प्रदेश के दो लोगों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से कुल 2 किलो 915 ग्राम हरा गीला गांजा बरामद किया गया है. पुलिस ने एक मोपेड और अन्य सामान भी जब्त किया है. जब्त किए गए सामान की कुल कीमत 1 लाख 68 हजार 250 रुपये बताई गई है.
पेट, पीठ और पैरों पर प्लास्टिक से चिपकाकर छिपाया गांजा
पुलिस अधीक्षक (एसपी) गोरख भामरे के मार्गदर्शन में लोकल क्राइम ब्रांच की टीम ने गोंदिया ग्रामीण पुलिस स्टेशन की सीमा में रेलवे स्टेशन, रेलटोली से रेस्ट हाउस की ओर जाने वाले रास्ते पर नाकाबंदी की थी. इसी दौरान दो लोग दोपहिया वाहन पर संदिग्ध अवस्था में आते दिखाई दिए. पुलिस ने उन्हें रोककर तलाशी ली.
तलाशी के दौरान आरोपियों की पहचान मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के शिवनघाट निवासी गोमाजी चौधरी और लक्ष्मीचंद बघेल के रूप में हुई. जांच में सामने आया कि दोनों ने अपने पेट, पीठ और पैरों पर प्लास्टिक की मदद से गांजा चिपकाकर छिपाया हुआ था. इसके अलावा, उनके बैग में रखे तीन टिफिन बॉक्स से भी गांजा बरामद किया गया.
कुल 1.68 लाख रुपये का सामान जब्त
लोकल क्राइम ब्रांच की इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 2 किलो 915 ग्राम हरा गीला गांजा, एक मोपेड और अन्य सामान जब्त किया है. जब्त किए गए सामान की कुल कीमत 1 लाख 68 हजार 250 रुपये है. गोंदिया जिले में मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी करने वालों के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं.