Last Updated:
गोल्डन टेंपल पहुंचे अभिनेता और नेता राज बब्बर ने राजनीति से दूरी बनाने की खबरों पर चुप्पी तोड़ी है. उन्होंने कहा कि उन्होंने किसी से दूरी नहीं बनाई है. वहीं, पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री की तारीफ करते हुए उन्होंने जल्द ही इससे जुड़कर काम करने का भी संकेत दिया. ऐसे में फैंस के मन में एक बार फिर उन्हें पंजाबी फिल्मों में देखने की उम्मीद जाग गई है.
राज बब्बर ने करियर में कई हिट दी हैं.
नई दिल्ली. अमृतसर में गोल्डन टेंपल पहुंचे अभिनेता और वरिष्ठ नेता राज बब्बर ने राजनीति से दूरी बनाने की खबरों पर अपनी बात रखी. उन्होंने साफ कहा कि उन्होंने किसी से दूरी नहीं बनाई है. इस दौरान उन्होंने पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री की भी जमकर तारीफ की और जल्द ही इससे जुड़ने के संकेत दिए. उनके इस बयान के बाद फैंस के बीच उन्हें एक बार फिर पंजाबी फिल्मों में देखने की उम्मीद बढ़ गई है.
राज बब्बर हाल ही में अपने परिवार के साथ अमृतसर स्थित गोल्डन टेंपल पहुंचे थे. यहां उन्होंने सभी की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए अरदास की. इस दौरान मीडिया से बातचीत में उनसे राजनीति से दूर रहने को लेकर सवाल पूछा गया. इस पर उन्होंने कहा, “मैंने किसी से दूरी नहीं बनाई, वाहेगुरु जैसा कहते हैं, हम उसी रास्ते पर चलते हैं.”
पंजाबी फिल्मों में फिर नजर आएंगे राज बब्बर?
राज बब्बर ने पंजाबी सिनेमा में बन रही फिल्मों को लेकर भी अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री में अच्छी कहानियों पर काम हो रहा है और शानदार फिल्में बनाई जा रही हैं. साथ ही उन्होंने संकेत दिया कि वह भी जल्द ही इस इंडस्ट्री में काम करते नजर आ सकते हैं. हालांकि, राज बब्बर ने अपने आने वाले प्रोजेक्ट के बारे में कोई खास जानकारी नहीं दी. उन्होंने यह भी साफ नहीं किया कि वह किसी नई फिल्म में अभिनय करने जा रहे हैं या किसी दूसरे प्रोजेक्ट से जुड़ेंगे. ऐसे में उनके अगले कदम को लेकर अभी सस्पेंस बना हुआ है.
पंजाबी सिनेमा से पुराना है राज बब्बर का रिश्ता
राज बब्बर ने हिंदी फिल्मों में अपनी अलग पहचान बनाई है, लेकिन पंजाबी सिनेमा से भी उनका गहरा जुड़ाव रहा है. वह ‘चन्न परदेसी’, ‘लौंग दा लश्कारा’, ‘माड़ी दा दीवा’, ‘माहौल ठीक है’ और ‘यारां नाल बहारां’ जैसी फिल्मों में नजर आ चुके हैं. साल 2021 में उन्होंने पंजाबी कॉमेडी-हॉरर फिल्म ‘भूत अंकल तुसी ग्रेट हो’ में काम किया था. इसके बाद 2024 में रिलीज हुई फिल्म ‘शाहकोट’ में भी वह दिखाई दिए. इस फिल्म में उनके साथ गुरु रंधावा और ईशा तलवार नजर आए थे. अब उनके ताजा बयान से एक बार फिर पंजाबी फिल्मों में उनकी वापसी की चर्चा तेज हो गई है.
ऐसा रहा राज बब्बर का राजनीतिक सफर
राज बब्बर ने साल 1989 में जनता दल के साथ राजनीति में कदम रखा था. इसके बाद वह समाजवादी पार्टी से जुड़े और 1994 में उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के सदस्य बने. साल 1999 में उन्होंने आगरा लोकसभा सीट से चुनाव जीता. 2004 में भी वह इसी सीट से दोबारा सांसद चुने गए. साल 2006 में समाजवादी पार्टी के साथ उनके रिश्तों में खटास आ गई. इसके बाद 2008 में उन्होंने कांग्रेस का दामन थाम लिया. साल 2009 में उन्होंने फिरोजाबाद लोकसभा सीट से जीत दर्ज की. आगे चलकर वह उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भी बने और 2016 से 2019 तक इस जिम्मेदारी को संभाला. साल 2015 में वह उत्तराखंड से राज्यसभा के सदस्य भी चुने गए.2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने उन्हें हरियाणा की गुरुग्राम सीट से मैदान में उतारा था. हालांकि, इस बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा. अब राजनीति से जुड़े सवालों पर उनके बयान और पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री में काम करने के संकेतों ने उन्हें फिर चर्चा में ला दिया है.