1 रन से हार, लास्ट बॉल पर OUT, युगांडा के साथ जो हुआ, वो किसी फिल्म से कम नहीं
Last Updated:
ICC T20 mens qualifier: शानदार प्रदर्शन के दम पर मेजबान नाइजीरिया ने ICC पुरुष T20 विश्व कप 2028 के सफर में ‘रीजनल फाइनल’ में जगह बनाई. युगांडा उपविजेता रहा और उसने भी फाइनल में अपनी जगह पक्की की. तंजानिया, घाना, रवांडा और केन्या के साथ कुल छह टीमों की लाइन-अप पूरी हुई. इस तरह ICC पुरुष T20 विश्व कप 2028 के रास्ते में अफ्रीका के ‘रीजनल फाइनल’ के लिए छह टीमों की लाइन-अप पूरी हो गई है.
नाइजीरिया ने युगांडा को आखिरी गेंद पर हराया.
नई दिल्ली: उस पल को महसूस कीजिए, जब युगांडा को जीत के लिए आखिरी बॉल पर तीन रन चाहिए जबकि सुपर ओवर के लिए दो रन की जरूरत थी. सामने थी नाइजीरिया की टीम. फुटबॉल के लिए मशहूर इन दोनों टीमों की रोमांचक टक्कर का नतीजा आखिरी गेंद पर नाइजीरिया की जीत के साथ आया. मेंस टी-20 वर्ल्ड कप के क्वालीफायर में नाइजीरिया ने अपनी अफ्रीकी प्रतिद्वंद्वी को पहली बार हराया.
मैच में नाइजीरिया ने पहले बैटिंग करते हुए 19.4 ओवर में 148 रन बनाए. जवाब में युगांडा 147 रन ही बना पाई और एक रन से मुकाबला गंवा बैठी. यह नाइजीरिया की क्रिकेट हिस्ट्री में युगांडा के खिलाफ 14 मैचों में पहली जीत है. इस जीत के साथ नाइजीरिया ने टूर्नामेंट का खिताब अजेय रहते हुए जीता.
अबूजा में खेले गए ‘ICC पुरुष T20 विश्व कप सब-रीजनल अफ्रीका क्वालीफायर C’ में क्रमशः पहले और दूसरे स्थान पर रहने के बाद, नाइजीरिया और युगांडा ने 2027 में होने वाले ‘ICC पुरुष T20 विश्व कप अफ्रीका रीजनल फाइनल’ के लिए क्वालीफाई कर लिया है. ये दोनों टीमें अब तंजानिया, घाना, रवांडा और केन्या के साथ जुड़ गई हैं, जिन्होंने महाद्वीप के पहले दो ‘सब-रीजनल क्वालीफायर’ के जरिए पहले ही क्वालीफाई कर लिया था.
मेजबान नाइजीरिया ने अपने घरेलू मैदान पर खेले गए पांच मैचों में जीत हासिल कर शानदार अंदाज में अपनी जगह पक्की की, जबकि युगांडा चार जीत के साथ दूसरे स्थान पर रहा. टूर्नामेंट के आखिरी दिन जब ये दोनों टीमें आमने-सामने आईं तो टॉप पोजिशन के लिए एक रोमांचक मुकाबला देखने को मिला. नाइजीरिया ने बेहद नाटकीय अंदाज में ट्रॉफी अपने नाम की, और NCF ओवल 1 पर एक रन से रोमांचक जीत दर्ज की.
पहले बल्लेबाजी करते हुए नाइजीरिया ने 148 रन बनाए, जिसमें आइजैक डानलाडी ने 47 रन का योगदान दिया. यह स्कोर काफी नहीं लग रहा था, क्योंकि युगांडा के कप्तान रियाजत अली शाह ने 35 गेंदों पर 60 रन बना दिए थे, जिससे आखिरी ओवर में जीत के लिए युगांडा को 6 रन की जरूरत थी.
पहली पांच गेंदों पर तीन सिंगल लेने के बाद युगांडा को आखिरी गेंद पर जीत के लिए 3 रन और मैच टाई करने के लिए 2 रन की जरूरत थी, लेकिन तभी एक और नाटकीय मोड़ आया. नाइजीरिया के गेंदबाज विंसेंट एडेवोये चोट के कारण अपना ओवर पूरा नहीं कर सके. उनकी जगह सिल्वेस्टर ओक्पे ने गेंदबाजी की और जुमा मियागी को गेंदबाजी की, जो दूसरा रन लेने की कोशिश में रन आउट हो गए. इस तरह युगांडा जीत से एक रन दूर रह गया.