Last Updated:
हिमाचल प्रदेश में चक्रवाती तूफान का असर दिखेगा. मौसम विभाग ने 29 और 30 अक्तूबर को बारिश और बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी किया है.
हिमाचल में दो बारिश बर्फबारी के आसार. (फाइल फोटो)
शिमला. हिमाचल प्रदेश में मौसम करवट लेने वाला है. बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान अर्नब का असर हिमाचल प्रदेश तक नजर आएगा. हालांकि, पिछले 24 घंटों के दौरान हिमाचल प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा. लेकिन रविवार को शिमला के नारकंडा पीक में सीजन का पहला हल्का हिमपात हुआ है. मौसम विभाग ने 29 और 30 अक्तूबर को मौसम खराब रहने का अनुमान जताया है और दो दिन बारिश और बर्फबारी का येलो अलर्ट है.
शिमला में मौसम विज्ञान केंद्र ने 26 अक्तूबर की दोपहर को बुलेटिन जारी करते हुए बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ. हालांकि, कुछ स्थानों पर तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई. न्यूनतम तापमान सामान्य रहा है. ऊंचाई वाले क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान -3 से 7 डिग्री सेल्सियस, मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में 6 से 13 डिग्री सेल्सियस और निचले पहाड़ी क्षेत्रों व मैदानी इलाकों में 10 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया.
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 10 से 16 डिग्री सेल्सियस, मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में 19 से 28 डिग्री सेल्सियस और निचले पहाड़ी क्षेत्रों और मैदानी इलाकों में 23 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया,
मौसम विभाग ने बताया कि सोमवार को हिमाचल में सबसे कम न्यूनतम तापमान लाहौल स्पीति के कुकुमसेरी में -2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. उधर, ऊना में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर हरियाणा के ऊपर चक्रवाती तूफान एक्टिव होगा और इस कारण हिमाचल तक असर दिखेगा और आंधी तूफान और बारिश के आसार हैं. हालांकि, 27 अक्टूबर 2026 की रात से उत्तर-पश्चिम भारत में नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहा है.
. मौसम विभाग ने 29 और 30 अक्तूबर को मौसम खराब रहने का अनुमान जताया है और दो दिन बारिश और बर्फबारी का येलो अलर्ट है.
मौसम विभाग ने बताया कि 26 से 28 अक्तूबर तक मौसम साफ रहेगा, लेकिन 29 और 30 अक्टूबर को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है. ऊना, बिलासपुर, सोलन किन्नौर औल लाहौल स्पीति में कोई अलर्ट नहीं रहेगा, जबकि बाकी सात जिलों में 29 अक्तूबर को मौस खराब रहेगा. 30 अक्तूबर को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में बारिश औऱ बर्फबारी का येलो अलर्ट है, बाकी जगह मौसम साफ है. मौसम विभाग ने कहा कि 3 से 4 दिन के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है. सोमवार को भी प्रदेशभर में धूप खिली थी.