दिल्ली केंद्रीय सचिवालय के नॉर्थ ब्लॉक में लगी आग, मौके पर फायर की 6 गाड़ियां
Last Updated:
दिल्ली में केंद्रीय सचिवालय के नॉर्थ ब्लॉक की छत पर शॉर्ट सर्किट से आग लग गई. सूचना मिलते ही दमकल की 6 गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया. फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है.
दिल्ली केंद्रीय सचिवालय के नॉर्थ ब्लॉक में लगी आग, मची भगदड़, मौके पर पहुंची फायर की 6 गाड़ियां.
26 अक्टूबर को दिल्ली स्थित केंद्रीय सचिवालय के नॉर्थ ब्लॉक में अचानक आग लग गई. बिल्डिंग में से निकलते धुएं को देखकर अचानक वहां अफरातफरी मच गई और फायर विभाग को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची दमकल की 6 गाड़ियों ने तत्काल आग पर काबू पाया.
जानकारी के मुताबिक सचिवालय में एसी की मरम्मत चल रही थी, तभी एयर कंडीशनिंग (एसी) यूनिट में शॉर्ट सर्किट हो गया और आग भड़क गई. इमारत से काला धुआं निकलता देखा गया.
दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के मुताबिक उन्हें सुबह 11 बजकर 10 मिनट पर धुआं निकलने की सूचना मिली. इसके बाद तुरंत छह दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं. अधिकारियों के अनुसार, आग इमारत की छत पर लगे एसी बॉयलर में लगी थी. उस समय वेल्डिंग का काम चल रहा था, तभी अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया और आग लग गई.
पुलिस अधिकारियों ने भी बताया कि इमारत में कुछ मरम्मत का काम चल रहा था, जिसके कारण आग लग गई. हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली है. फिलहाल दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया है और स्थिति नियंत्रण में है.
बता दें कि नॉर्थ ब्लॉक केंद्रीय सचिवालय का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जहां कई महत्वपूर्ण सरकारी विभागों का काम होता है. रोजाना सुबह यहां सैकड़ों कर्मचारी आते हैं. आज जिस समय यह हादसा हुआ, सोमवार होने के चलते कर्मचारी दफ्तरों में काम कर रहे थे.
हालांकि घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है. आगे की जांच चल रही है और पूरी जानकारी बाद में उपलब्ध कराई जाएगी.अधिकारियों का कहना है कि आग छोटी थी और समय रहते बुझा ली गई. आसपास के लोगों में कोई घबराहट नहीं फैली और कामकाज सामान्य रूप से जारी है.