Last Updated:
ITBP Head Constable Recruitment 2026: भारत-तिब्बत सीमा पुलिस में हेड कांस्टेबल पदों पर भर्ती के लिए recruitment.itbpolice.nic.in पर आवेदन कर सकते हैं. 12वीं पास और आईटीआई वालों के लिए यह बेहतरीन सरकारी नौकरी है. आईटीबीपी हेड कासंटेबल भर्ती में चयनित युवाओं को 81,100 रुपये तक सैलरी मिलेगी.
ITBP Head Constable Recruitment 2026: हेड कांस्टेबल पद के लिए 12वीं पास वाले भी आवेदन कर सकते हैं
नई दिल्ली (ITBP Head Constable Recruitment 2026). देश की बर्फीली और चुनौतीपूर्ण सीमाओं की रक्षा करने का जज्बा रखते हैं? अगर आप देश सेवा के साथ सुरक्षित और शानदार करियर की तलाश में हैं तो भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) में बेहतरीन मौका है. ITBP में हेड कांस्टेबल के पदों पर सीधी भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया आखिरी चरण में है. आईटीबीपी में हेड कांस्टेबल पद पर भर्ती के लिए recruitment.itbpolice.nic.in पर आवेदन कर सकते हैं.
आईटीबीपी हेड कांस्टेबल को कितनी सैलरी मिलेगी?
किसी भी सरकारी नौकरी की तैयारी करते समय सबसे पहले उसकी सैलरी पर नजर जाती है. ITBP के इस पद पर चुने जाने वाले उम्मीदवारों को केंद्र सरकार के 7वें वेतन आयोग के पे लेवल-4 के तहत वेतन दिया जाएगा. इसके तहत चयनित युवाओं को 25,500 रुपये से लेकर 81,100 रुपये प्रति माह तक का आकर्षक वेतन मिलेगा. इसके अलावा महंगाई भत्ता, मेडिकल सुविधाएं और अन्य जोखिम भत्ते भी दिए जाते हैं. इससे करियर आर्थिक रूप से मजबूत बनता है.
शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा के नियम
इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों को तय किए गए मानकों पर खरा उतरना होगा:
- शैक्षणिक योग्यता: आवेदक का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं (10+2) कक्षा पास होना अनिवार्य है. इसके साथ ही, संबंधित ट्रेड में आईटीआई (ITI) सर्टिफिकेट के साथ 3 साल का अनुभव या ऑटोमोबाइल इंजीनियरिंग में 3 वर्षीय डिप्लोमा होना जरूरी है.
- आयु सीमा: इस पद के लिए उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 25 वर्ष तय की गई है. आरक्षित वर्गों (जैसे एससी, एसटी और ओबीसी) के नियमों के अनुसार ऊपरी आयु सीमा में नियमानुसार छूट का प्रावधान भी रखा गया है.
आईटीबीपी में हेड कांस्टेबल का चयन कैसे होगा?
ITBP हेड कांस्टेबल पद पर चयन फिटनेस और इंटेलिजेंस लेवल के जरिए होता है. इसकी चयन प्रक्रिया कई चरणों में पूरी होती है:
- शारीरिक दक्षता और मानक परीक्षण (PET/PST): सबसे पहले शारीरिक क्षमता और माप की जांच की जाएगी.
- लिखित परीक्षा: इसमें सफल उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा देनी होगी.
- प्रैक्टिकल स्किल टेस्ट और डॉक्यूमेंट्स: इसके बाद ट्रेड से जुड़ा प्रैक्टिकल टेस्ट, मूल डॉक्यूमेंट्स का वेरिफिकेशन और आखिर में मेडिकल परीक्षा (DME/RME) होगी.
आवेदन शुल्क और फॉर्म भरने का आसान तरीका
सामान्य (UR), ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क मात्र 100 रुपये रखा गया है. वहीं, अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और भूतपूर्व सैनिकों के लिए आवेदन निःशुल्क है. फॉर्म भरने के लिए ये स्टेप्स फॉलो करें:
- ऑफिशियल वेबसाइट recruitment.itbpolice.nic.in पर जाएं.
- होमपेज पर दिए गए रजिस्ट्रेशन लिंक पर क्लिक करके अपनी बेसिक डिटेल्स एंटर करें.
- लॉगिन करने के बाद ‘Head Constable Recruitment’ का फॉर्म भरें.
- पासपोर्ट साइज फोटो, हस्ताक्षर और जरूरी दस्तावेज अपलोड करें.
- ऑनलाइन फीस का भुगतान करके फॉर्म सबमिट कर दें और उसका एक प्रिंटआउट निकालकर रख लें.
फॉर्म भरने से पहले ध्यान में रखें 2 टिप्स
- सर्वर पर रखें नजर: आखिरी तारीख पर अक्सर वेबसाइट पर भारी ट्रैफिक होता है. इससे सर्वर डाउन होने का खतरा रहता है. इसलिए समय रहते आवेदन करना ही बुद्धिमानी है.
- पहले से तैयार रखें डॉक्यूमेंटस: फोटो, सिग्नेचर और सर्टिफिकेट्स के साइज पहले ही नियमानुसार सेट कर लें. इससे फॉर्म भरते वक्त कोई रुकावट नहीं आएगी.