दीप्ति शर्मा ने रचा इतिहास, वनडे में ऐसा करने वाली बनीं पहली भारतीय महिला, सचिन के क्लब में शामिल

दीप्ति शर्मा ने रचा इतिहास, वनडे में ऐसा करने वाली बनीं पहली भारतीय महिला, सचिन के क्लब में शामिल


होमखेलक्रिकेट

दीप्ति ने रचा इतिहास, वनडे में छठे नंबर पर शतक लगाने वाली बनीं पहली भारतीय

Last Updated:

भारत की दिग्गज महिला क्रिकेटर दीप्ति शर्मा ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीसरे वनडे में शतकीय पारी खेलकर इतिहास रच दिया. दीप्ति का वनडे में ये दूसरा शतक था. उनकी शतकीय पारी के कारण भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर के खेल में 6 विकेट के नुकसान पर 328 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था.

Zoom

शतक लगाने के बाद बल्ला उठाते हुए दीप्ति शर्मा (फोटो-X/@ShuklaRajiv)

नई दिल्ली: भारतीय महिला टीम की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने वनडे में इतिहास रच दिया. जिम्बाब्वे के खिलाफ तीसरे और आखिरी मैच में दीप्ति ने 86 गेंदों में नाबाद 106 रनों की पारी खेली. अपनी इस पारी में उन्होंने 15 चौके लगाए. वनडे में दीप्ति का यह दूसरा शतक था. इसके साथ ही दीप्ति छठे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए शतक लगाने वाली भारत की पहली महिला क्रिकेटर बन गई हैं.

सिर्फ इतना ही नहीं, इस शतकीय पारी के साथ दीप्ति भारत के दिग्गज सचिन तेंदुलकर और मनोज प्रभाकर के एक खास क्लब में भी शामिल हो गई हैं. दरअसल, दीप्ति महिला और पुरुष क्रिकेटरों में भारत की सिर्फ तीसरी ऐसी खिलाड़ी बनी हैं, जिन्होंने वनडे में 150 से ज्यादा विकेट और कम से कम दो शतक लगाने का कारनामा किया है. वनडे में सचिन के नाम 154 विकेट और 49 शतक हैं. वहीं, मनोज प्रभाकर की बात करें तो उन्होंने वनडे में 157 विकेट और 2 शतक लगाए हैं. इसके अलावा दीप्ति के नाम वनडे में अब 2 शतकों के साथ 171 विकेट हो चुके हैं.

भारत ने 121 रनों से जीता मुकाबला

वहीं, जिम्बाब्वे के खिलाफ इस मुकाबले की बात करें तो भारतीय महिला टीम ने इसे 121 रनों से अपने नाम किया. मैच में दीप्ति शर्मा के अलावा पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी बेहतरीन 126 रनों की पारी खेली. अपनी इस पारी में हरमनप्रीत ने 126 गेंदों का सामना किया, जिसमें उन्होंने कुल 15 चौके लगाए. दीप्ति और हरमनप्रीत की इन शतकीय पारियों की बदौलत भारतीय महिला टीम ने निर्धारित 50 ओवरों के खेल में 6 विकेट पर 328 रनों का स्कोर खड़ा किया.

इसके जवाब में जिम्बाब्वे की टीम ने भी कुछ हद तक भारत को टक्कर देने की कोशिश की, लेकिन टॉप-ऑर्डर की बल्लेबाजी फेल होते ही पूरी टीम धराशायी हो गई. जिम्बाब्वे की पूरी टीम 48.5 ओवरों में 207 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. वहीं, गेंदबाजी में टीम इंडिया के लिए वैष्णवी शर्मा ने कमाल किया. उन्होंने 10 ओवरों में 39 रन देकर 4 विकेट लिए. इसके अलावा दीप्ति शर्मा के खाते में 3 विकेट आए, जबकि सायली सतघरे, जिंतिमानि कलिता और श्री चरणी ने भी एक-एक विकेट अपने नाम किया.



Source link