Last Updated:
मुंबई क्राइम ब्रांच ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हमले की साजिश के मामले में प्रांजल ठकराल को गिरफ्तार किया है. पूछताछ से मुख्य साजिशकर्ता अनिल पंडित के विदेशी नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है और पुलिस अब पंडित तक पहुंचने की कोशिश करेगी.
टाइगर श्रॉफ मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने अनिल पंडित के करीबी प्रांजल को गिरफ्तार किया है, जिसने इस हमले की साजिश रची थी.
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हमले के मामले में एक अहम कड़ी सामने आई है. मुंबई क्राइम ब्रांच ने मुख्य साजिशकर्ता अनिल पंडित के करीबी प्रांजल ठकराल को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक यह डिप्लोमा इंजीनियर ही इस मामले की अहम कड़ी है, जिसके माध्यम से अब असली गैंगस्टर तक पहुंचा जा सकता है.
मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच में बेहद चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है. पुलिस के मुताबिक टाइगर श्रॉफ पर हमले की पूरी साजिश लॉरेंस बिश्नोई के भाई और गैंगस्टर अनिल पंडित ने रची थी, जबकि इस योजना को अंजाम तक पहुंचाने में प्रांजल ठकराल उसकी एक अहम कड़ी था.
एक गुप्त ऐप से जुड़े थे अनिल और प्रांजल
अनिल और प्रांजल रोजाना एक खास गुप्त ऐप के जरिए संपर्क में रहते थे, ताकि पुलिस उनकी लोकेशन ट्रेस न कर सके. इस साजिश के लिए पैसों के इंतजाम से लेकर शूटरों की मदद और लॉजिस्टिक्स की पूरी जिम्मेदारी प्रांजल के ही ऊपर थी.
प्रांजल का आपराधिक इतिहास
प्रांजल का आपराधिक इतिहास भी लंबा और गहरा है. इससे पहले पानीपत में एक बड़े कारोबारी पर हुई फायरिंग की साजिश भी अनिल पंडित के कहने पर रेहान अंसारी और प्रांजल ने ही रची थी. इस मामले में प्रांजल को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, हालांकि मार्च के महीने में उसे जमानत मिल गई.
जेल से आते ही रची साजिश
पुलिस ने बताया कि मार्च के महीने में जेल से बाहर आते ही उसने एक बार फिर अनिल पंडित के साथ मिलकर बॉलीवुड हीरो टाइगर श्रॉफ पर हमले की साजिश रची और सीधे मुंबई में टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाने की सुपारी ले ली. इसी ने हमले के लिए लड़कों को तैयार किया, पैसे दिए और हथियार दिए.
क्राइम ब्रांच असली गुनहगार तक पहुंचेगी
अब क्राइम ब्रांच के लिए प्रांजल सबसे अहम कड़ी बन गया है. इसकी वजह यह है कि फिलहाल विदेश में फरार मुख्य आरोपी अनिल पंडित तक पहुंचने के लिए प्रांजल एकमात्र और महत्वपूर्ण कड़ी है.
प्रांजल के फोन में मौजूद गुप्त ऐप की चैट और पैसों के लेन-देन से अनिल पंडित के विदेशी नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है. प्रांजल की गिरफ्तारी के बाद अब टाइगर श्रॉफ हमले के मामले की जांच सीधे अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने की उम्मीद है.
प्रांजल को अदालत में पेश किया गया, जहां उसे 31 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है.