Last Updated:
Jabalpur News: दर्दनाक हादसे की यह घटना गोरखपुर थाना क्षेत्र की रामपुर मांडवा बस्ती की है. घर की छत पर लोहे का पुराना सामान रखते समय परिवार के तीन लोग ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गए. हादसे में मां-बेटे की दर्दनाक मौत हो गई. नाबालिग लड़के की हालत गंभीर है. प्राइवेट अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है.
मां-बेटे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
रिपोर्ट- श्रीनिवास चौधरी, जबलपुर. मध्य प्रदेश के जबलपुर में बिजली की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मां-बेटे की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे में मृतका का 12 साल का भतीजा गंभीर रूप से झुलस गया. हादसा उस वक्त हुआ, जब घर की छत पर लोहे का पुराना सामान रखा जा रहा था. ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आते ही तीनों करंट की चपेट में आ गए. हादसे में मां और बेटे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि मासूम गंभीर रूप से झुलस गया. घायल बच्चे को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
दर्दनाक हादसे की यह घटना गोरखपुर थाना क्षेत्र की रामपुर मांडवा बस्ती की है, जहां रविवार शाम एक ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. मृतकों की पहचान 55 वर्षीय सीता राजपूत और उनके 23 वर्षीय बेटे किशन राजपूत के रूप में हुई है. वहीं 12 वर्षीय भतीजा बाबू उर्फ रियान राजपूत गंभीर रूप से झुलस गया है. बताया जा रहा है कि घर की छत पर लोहे का पुराना सामान रखते समय तीनों ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गए.
मौके पर मच गई चीख-पुकार
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. आसपास के लोग भी घटनास्थल पर जमा हो गए. मां-बेटे की एक साथ मौत से परिवार में मातम पसरा है. घटना की सूचना मिलते ही गोरखपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. घायल बालक का निजी अस्पताल में उपचार जारी है. पुलिस हादसे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. जरा सी चूक ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं. यह हादसा रिहायशी इलाकों में गुजर रही हाईटेंशन लाइनों के आसपास सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े करता है.
बिजली कर्मचारी की करंट से मौत
वहीं मंडला जिले के मवई क्षेत्र में भी 11000 वोल्ट की बिजली लाइन की चपेट में आने से एक आउटसोर्स विद्युत कर्मचारी की मौत हो गई. हादसा ग्राम रहंगी में ट्रांसफॉर्मर लगाने के दौरान हुआ, जहां 28 वर्षीय डेनी धुर्वे की जान चली गई. घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ट्रांसफॉर्मर लगाने के काम के दौरान कुडेला लाइन बंद थी लेकिन मवई लाइन चालू रहने के कारण यह हादसा हुआ. बिजली की चपेट में आने से कर्मचारी की मौत हो गई. घटना की सूचना मिलने के बाद मवई पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों और परिस्थितियों की जांच कर रही है. जांच पूरी होने के बाद ही घटना की विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी.