दिल्ली में सुबह ठिठुरन, अक्टूबर में ही आ गई सर्दी? आज कैसा रहेगा मौसम?
Last Updated:
दिल्ली में बारिश के बाद अक्टूबर में ही ठंड ने दस्तक दे दी है. सुबह के समय तापमान गिरने से ठिठुरन बढ़ गई है. CPCB के अनुसार बारिश के बाद दिल्ली का AQI सुधरकर 150 से 160 के बीच यानी मध्यम श्रेणी में पहुंच गया है इससे लोगों को राहत मिल रही है.
दिल्ली में सुबह-सुबह हल्की ठंड का अहसास होने लगा है.
इस बार अक्टूबर में ही ठंड ने दस्तक दे दी है. तापमान में हुई गिरावट से दिल्ली में सुबह के समय ठिठुरन शुरू हो गई है. ऐसा एक दिन पहले हुई बारिश के बाद हुआ है. भारत मौसम विज्ञान विभाग का कहना है कि दिल्ली-एनसीआर में सर्दी का दौर शुरू हो रहा है. सोमवार यानि 26 अक्टूबर को मौसम साफ रहेगा और धूप भी खिलेगी लेकिन तापमान गिरावट रहेगी, खासतौर पर सुबह के समय पारा 16 से 18 डिग्री के आसपास रहेगा. इसकी वजह से लोगों को सुबह के समय हल्ही सर्दी का अहसास होगा.
आईएमडी वैज्ञानिकों का कहना है कि फिलहाल सुबह और देर रात में तापमान काफी कम है, जबकि दोपहर में धूप निकलने पर हल्की गर्माहट रहती है और तापमान करीब 31 से 33 डिग्री के बीच पहुंच रहा है. देखा जाए तो अक्टूबर के महीने में यह तापमान इस मौसम के औसत से थोड़ा कम है, जिसकी वजह से मौसम सुखद और आरामदायक तो है ही लेकिन ठंडा भी रहेगा.
मौसम विभाग के मुताबिक पिछली रात हुई हल्की बारिश और गरज-चमक के बाद तापमान में गिरावट आई थी और इसी वजह से सर्दी की आहट महसूस हो रही है. संभावना जताई जा रही है कि आज हवा की गति सामान्य रहेगी और बारिश की संभावना नहीं है लेकिन मौसम में सर्दी रहेगी.
प्रदूषण और एयर क्वालिटी का क्या है हाल?
बारिश की वजह से दिल्ली की एयर क्वालिटी में जबर्दस्त सुधार हुआ है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, आज सुबह दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) लगभग 150-160 के आसपास ‘मॉडरेट’ (मध्यम) श्रेणी में दिखा रहा है. कुछ स्टेशनों पर यह 130-140 के आसपास भी दर्ज हो रहा है. हालांकि पिछले दिनों खराब श्रेणी में रहने वाला AQI अब बेहतर हो गया है. पिछले हफ्ते दिल्ली और नोएडा आदि जगहों का एक्यूआई 250 के आसपास पहुंच गया था, जबकि ग्रेटर नोएडा का 300 के पार पहुंच गया था.
देखा जा रहा है कि पीएम 2.5 और पीएम 10 अभी भी प्रमुख प्रदूषक हैं, लेकिन बारिश ने धूल और कणों को साफ कर दिया है. हालांकि संवेदनशील समूह में आने वाले बच्चे, बुजुर्ग और सांस की बीमारी वाले लोगों को लंबे समय तक बाहर न रहने की सलाह दी गई है.
गर्म कपड़े पहनें
दिल्ली एनसीआर में GRAP स्टेज-1 के उपाय लागू किए गए हैं. उनका मुस्तैदी से पालन जरूरी है. अक्टूबर में ही मौसम बदल गया है, ऐसे में जरूरी है कि अब गर्म कपड़े पहनना शुरू कर देने चाहिए. इस वक्त की सर्दी बीमार कर सकती है. इसलिए मौसम में खानपान और कपड़े पहनने का ध्यान रखें.