सर्बिया चुनाव: Student Movement Changes Regime|कैसे छात्रों के आंदोलन ने बदल दी पूरी राजनीति, 2 साल का संघर्ष और ढह गया 14 साल का मजबूत किला


होमदुनियायूरोप

कैसे छात्रों ने बदली सर्बिया की राजनीति, 2 साल की लड़ाई ने ढहाया किला

Last Updated:

Serbia Students’ Win Brought Political Change: सर्बिया की राजनीति में जो बदलाव हुआ है, वो साधारण नहीं है. जो शख्स इस देश को 14 साल से चला रहा था, उसकी सत्ता को चुनौती देना आसान बिल्कुल नहीं रहा होगा, बावजूद इसके ये हुआ है और पूरी दुनिया इसे देख रही है. चलिए आपको बताते हैं कि कैसे छात्रों के एक आंदोलन ने एक देश की सत्ता ही पलट दी, वो भी लोकतांत्रिक तरीके से.

Top Deals Inside

कैसे छात्रों ने बदली सर्बिया की राजनीति, 2 साल की लड़ाई ने ढहाया किला Zoom

एलेक्जेंडर वुचिच की सरकार तो गई ही, बदल गई सर्बिया की पॉलिटिक्स.

How student Movement Changes Politics: सर्बिया की राजनीति में जिस तरह का परिवर्तन हुआ है, उसकी कल्पना अलेक्जेंडर वुचिच को बिल्कुल नहीं रही होगी. देश के अलग-अलग पदों पर रहते हुए वे पिछले 14 साल से इस देश की राजनीति का केंद्र बने हुए थे लेकिन उनके इस मजबूत किले को न सिर्फ छात्रों के आंदोलन ने चुनौती दी, बल्कि सत्ता से उखाड़ फेंका. उससे छात्रों का आंदोलन इस बात का उदाहरण है कि जब किसी हादसे को लेकर जनता का गुस्सा व्यवस्था में बदलाव की मांग में बदल जाता है, तो वह देश की राजनीति को प्रभावित कर सकता है.

करीब दो सालों तक चले इस आंदोलन ने राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वुचिच और उनकी सर्बियन प्रोग्रेसिव पार्टी के लंबे राजनीतिक वर्चस्व को चुनौती दी. इसकी शुरुआत भ्रष्टाचार और सरकारी लापरवाही के खिलाफ हुई थी, लेकिन धीरे-धीरे यह कानून के राज, जवाबदेही और लोकतांत्रिक संस्थाओं में सुधार की व्यापक मांग बन गया. तो चलिए जानते हैं स्टेप बाय स्टेप कैसे ये आंदोलन एलेक्जेंडर वुचिच की कब्र खोदता रहा.

एक छोटी सी घटना ने भड़का दिया गुस्सा. (रॉयटर्स)

कैसे एक घटना ने खड़ा किया आंदोलन?

इस आंदोलन की शुरुआत 1 नवंबर 2024 को हुई, जब सर्बिया के दूसरे सबसे बड़े शहर नोवी साद के रेलवे स्टेशन के बाहर कंक्रीट की छतरी गिर गई. इस हादसे में 16 लोगों की मौत हो गई.स्टेशन का रेनोवेशन पहले किया गया था और इस परियोजना को लेकर राष्ट्रपति वुचिच भी सार्वजनिक रूप से जुड़े रहे थे. हादसे के बाद लोगों ने सवाल उठाए कि निर्माण कार्य में लापरवाही किसने की और इसके लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई. आलोचकों ने इसे भ्रष्टाचार और सरकारी निगरानी की विफलता का प्रतीक माना. छात्रों के लिए यह केवल एक दुर्घटना नहीं थी, इसी गुस्से ने आंदोलन को जन्म दिया.

यूनिवर्सिटी से सड़कों तक पहुंचा आंदोलन

  1. शुरुआत में छात्रों ने विश्वविद्यालयों और शहरों में प्रदर्शन किए. उन्होंने न्याय, पारदर्शिता और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की, लेकिन आंदोलन जल्द ही विश्वविद्यालय परिसरों से बाहर निकलकर पूरे देश में फैल गया.
  2. किसानों, कलाकारों, शिक्षकों, न्यायपालिका से जुड़े लोगों और आम नागरिकों ने भी इसमें भागीदारी की. मार्च 2025 में बेलग्रेड में सरकार के खिलाफ एक विशाल प्रदर्शन हुआ, जिसे देश के सबसे बड़े सरकार-विरोधी प्रदर्शनों में गिना गया.
  3. इस आंदोलन की एक खास बात यह थी कि इसका कोई स्पष्ट केंद्रीय नेता नहीं था. छात्र सभाओं के जरिये फैसले लेते थे. इससे आंदोलन किसी एक व्यक्ति पर निर्भर रहने के बजाय सामूहिक भागीदारी पर आधारित रहा.
दो साल से लगातार आंदोलन चल रहा था, जिसका असर दिखाई दिया. (रॉयटर्स)

विपक्ष से अलग कैसे खड़ा हुआ आंदोलन?

सर्बिया में सरकार के खिलाफ असंतोष पहले भी रहा था, लेकिन छात्र आंदोलन ने उसे एक नया रूप दिया. पारंपरिक विपक्षी दलों के विपरीत छात्रों ने अपनी मांगों को किसी एक नेता या पार्टी के इर्द-गिर्द केंद्रित नहीं किया. उनका मुख्य जोर भ्रष्टाचार खत्म करने, संस्थाओं को राजनीतिक दबाव से मुक्त करने और कानून के समान पालन पर था. इसी कारण आंदोलन को समाज के अलग-अलग वर्गों का समर्थन मिला. छात्रों ने चुनावी राजनीति में भी एक अलग रास्ता चुना. उन्होंने संसद की सभी 250 सीटों के लिए उम्मीदवारों की सूची तैयार की, लेकिन खुद चुनाव लड़ने के बजाय डॉक्टरों, शिक्षाविदों, कलाकारों और अन्य नागरिकों को प्रतिनिधित्व दिया. इससे उन्होंने यह संदेश देने की कोशिश की कि आंदोलन का उद्देश्य केवल सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि संस्थाओं में बदलाव लाना है.

वुचिच का किला कैसे ढहा?

  1. लगातार प्रदर्शनों ने सरकार पर दबाव बढ़ाया. जनवरी 2025 में प्रधानमंत्री ने इस्तीफा दे दिया. इसके बाद भी आंदोलन कमजोर नहीं पड़ा. राष्ट्रपति वुचिच ने शुरुआत में प्रदर्शनकारियों को सद्भावना रखने वाला बताया, लेकिन बाद में उन पर देश को अस्थिर करने का आरोप लगाया.
  2. छात्र आंदोलन ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई, पुलिस व्यवस्था में सुधार, सरकारी मीडिया को राजनीतिक नियंत्रण से मुक्त करने और सरकारी कंपनियों में पार्टी के वफादार लोगों की नियुक्तियों पर रोक लगाने जैसे मुद्दे उठाए.
  3. आंदोलन के चुनावी प्रभाव और राष्ट्रपति की पार्टी को मिली चुनौती ने यह दिखाया कि लंबे समय से स्थापित राजनीतिक प्रभुत्व भी लोकतांत्रिक दबाव में बदल सकता है. हालांकि राजनीतिक बदलाव के वास्तविक परिणाम इस बात पर निर्भर करेंगे कि संस्थागत सुधार कितने प्रभावी ढंग से लागू होते हैं.
छात्रों के आंदोलन ने बदली सर्बिया की राजनीति. (रॉयटर्स)

आगे की राह में कितनी चुनौतियां?

  • सत्ता तक का रास्ता तो तय हो गया लेकिन सड़कों पर उठाई गई मांगों को संसद और सरकारी संस्थाओं के भीतर कैसे पूरा किया जाए. उनके समर्थन से चुने गए प्रतिनिधियों को भ्रष्टाचार के मामलों, मीडिया की स्वतंत्रता और प्रशासनिक सुधारों पर ठोस कदम उठाने होंगे.
  • यहां आंदोलन के सामने बड़ी बात ये भी है कि उसकी ताकत सामूहिक नेतृत्व और राजनीतिक दलों से दूरी में रही, लेकिन शासन चलाने के लिए स्पष्ट नेतृत्व और जवाबदेही की जरूरत होगी.
  • आंदोलन की दीर्घकालीन सफलता इस पर निर्भर करेगी कि उसके समर्थक भ्रष्टाचार पर कार्रवाई, स्वतंत्र संस्थाओं और कानून के समान पालन की अपनी मांगों को व्यवहार में कितना उतार पाते हैं.

सर्बिया की कहानी का व्यापक सबक यही है कि लोकतंत्र केवल चुनावों से नहीं, बल्कि जनता के सवालों के प्रति जवाबदेह संस्थाओं से भी मजबूत होता है.  किसी एक हादसे से उपजा गुस्सा व्यापक सामाजिक बदलाव की मांग में बदल सकता है, हालांकि सरकार को चुनौती देना और व्यवस्था में स्थायी सुधार करना दो अलग बातें हैं. आंदोलन के जरिये सत्ता परिवर्तन कई देशों में हुआ है, लेकिन बड़ी बात ये होती है कि इसके बाद अगर देश स्थिर और सुचारु रूप से चल सके. आमतौर पर बांग्लादेश, नेपाल, श्रीलंका और अरब देशों में ऐसे आंदोलनों के बाद सत्ता बदली लेकिन ये किसी उल्लेखनीय सुधार की ओर जाते नहीं दिखे.



Source link