Last Updated:
Jio IPO GMP Today : जियो आईपीओ देश का सबसे बड़ा आईपीओ है. इस इश्यू में छोटे और बड़े सभी निवेशकों ने जमकर पैसा लगाया. आईपीओ 22 गुना से ज्यादा सब्सक्राइब हुआ है. ग्रे मार्केट में भी जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयर प्रीमियम पर कारोबार कर रहे हैं.
जियो आईपीओ 22 गुना से ज्यादा सब्सक्राइब हुआ.
नई दिल्ली. इस महीने की 21 से 23 तारीख तक खुले जियो IPO ने कई रिकार्ड बनाए. जियो प्लेटफॉर्म्स के 30,213 करोड़ रुपये के IPO में तीन दिनों के दौरान 1.38 करोड़ से ज्यादा आवेदन आए, जो दुनिया में किसी भी IPO को मिले अब तक के सबसे अधिक आवेदन हैं. यह आईपीओ 22 गुना से ज्यादा सब्सक्राइब हुआ. एंकर और गैर-एंकर निवेशकों की कुल बोलियां करीब 7.40 लाख करोड़ रुपये पहुंच गईं. जियो आईपीओ 28 अक्टूबर को शेयर बाजार में लिस्ट होगा.
अब सबकी नजरें इस बात पर ही टिकी हैं कि जियो आईपीओ निवेशकों का कितना लिस्टिंग गेन देता है. ग्रे मार्केट के आंकड़ों पर विश्वास करें तो यह इश्यू पैसा लगाने वालों को निराश नहीं करेगा और लिस्टिंग पर अच्छा-खासा मुनाफा देगा. ग्रे मार्केट पर नजर रखने वाली वेबसाइट, आईपीओवॉच. इन के अनुसार, इस समय जियो आईपीओ के शेयर 250 रुपये प्रीमियम पर ट्रेड कर रहे हैं. आईपीओ के ऊपर प्राइस बैंड 1119 रुपये के हिसाब से देखें तो निवेशकों को 22.34 फीसदी लिस्टिंग गेन हो सकता है.
रिटेल निवेशकों ने जमकर लगाया पैसा
जियो IPO में रिटेल निवेशकों ने जमकर पैसा लगाया. रिटेल निवेशकों के लिए 8.5 करोड़ शेयर रिजर्व थे, लेकिन 23 करोड़ से ज्यादा शेयरों के लिए बोलियां आईं. यानी उपलब्ध शेयरों के मुकाबले 2.72 गुना मांग रही. जियो के आईपीओ में बड़े संस्थागत निवेशकों (QIB) की कैटेगरी 70.55 गुना सब्सक्राइब हुई है. गैर-संस्थागत निवेशकों (NII) की कैटेगरी 14 गुना, रिलायंस शेयरहोल्डर कोटा 7.60 गुना और कर्मचारी कोटा 2.93 गुना भर गया है.
26 को होगा शेयर अलॉटमेंट
26 अक्टूबर को जियो आईपीओ के शेयरों का अलॉटमेंट होगा. 27 अक्टूबर को शेयर डीमैट खातों में क्रेडिट किए जाएंगे और 28 अक्टूबर को जियो प्लेटफॉर्म्स की BSE और NSE पर लिस्टिंग होनी है.
जियो आईपीओ ने तोड़ दिया रिकॉर्ड
आवेदनों की संख्या के मामले में भी जियो IPO ने पिछला रिकॉर्ड बड़े अंतर से तोड़ा है. इससे पहले सबसे ज्यादा आवेदन पाने का रिकॉर्ड Waaree Energies के नाम था. अक्टूबर 2024 में उसके IPO को 97.34 लाख आवेदन मिले थे. जियो को इससे करीब 42 फीसदी ज्यादा आवेदन मिले हैं. जियो IPO में पहले दिन करीब 30.5 लाख आवेदन आए थे, जबकि दूसरे दिन के अंत तक यह संख्या 75 लाख पार कर गई थी. तीसरे दिन आवेदनों की संख्या 1.38 करोड़ से ज्यादा पहुंच गई.
(डिस्क्लेमर – नेटवर्क18 और टीवी18 कंपनियां चैनल/वेबसाइट का संचालन करती हैं, जिनका नियंत्रण इंडिपेंडेट मीडिया ट्रस्ट करता है, जिसमें रिलायंस इंडस्ट्रीज एकमात्र लाभार्थी है.)