₹50000000 वाला लफड़ा और गिरफ्तार हो गई उत्तराखंड में एक हीरोइन, अंकिता भंडारी से क्या कनेक्शन?

₹50000000 वाला लफड़ा और गिरफ्तार हो गई उत्तराखंड में एक हीरोइन, अंकिता भंडारी से क्या कनेक्शन?


Last Updated:

Urmila Sanawar Arrested: अभिनेत्री उर्मिला सनावर को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने उन्हें पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी की शिकायत पर दर्ज एक मामले में गिरफ्तार किया है. शिकायत में मानहानि, 5 करोड़ रुपये मांगने और जान से मारने की धमकी देने जैसे आरोप लगाए गए हैं. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर उर्मिला सनावर पर पुलिस ने कार्रवाई क्यों की और अंकिता भंडारी केस से उनका क्या कनेक्शन है?

Zoom

फिल्म अभिनेत्री उर्मिला सनावर गिरफ्तार.

हरिद्वार: उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है. मामले से जुड़े कथित वीआईपी और वायरल ऑडियो को लेकर चर्चा के बीच अभिनेत्री उर्मिला सनावर को गिरफ्तार कर लिया गया है. हालांकि, उनकी गिरफ्तारी सीधे अंकिता भंडारी हत्याकांड में नहीं हुई है, बल्कि पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी की शिकायत पर दर्ज एक अलग मामले में पुलिस ने यह कार्रवाई की है. उर्मिला सनावर पहले भी अंकिता केस से जुड़े कथित ऑडियो और वीआईपी के दावों को लेकर चर्चा में रही हैं. ऐसे में उनकी गिरफ्तारी के बाद एक बार फिर यह मामला सुर्खियों में आ गया है.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी ने अभिनेत्री उर्मिला सनावर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में आरोप लगाया गया कि उर्मिला ने सोशल मीडिया पर मानहानिकारक टिप्पणियां कीं. इसके अलावा उन पर व्हाट्सऐप कॉल के जरिए कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये मांगने और मांग पूरी नहीं होने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है.

शिकायत में रविदास धाम की संपत्ति को लेकर भी विवाद का जिक्र किया गया है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की. इसके बाद हरिद्वार पुलिस ने सहारनपुर स्थित उर्मिला सनावर के आवास पर दबिश दी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया. मामले में पुलिस ने मोबाइल फोन समेत दूसरे साक्ष्यों की जांच भी शुरू की है. हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि होना अभी बाकी है.

अंकिता भंडारी केस में क्यों चर्चा में आईं उर्मिला सनावर?
दरअसल, उर्मिला सनावर का नाम अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े कथित वीआईपी के दावों के बाद चर्चा में आया था. उन्होंने सोशल मीडिया पर कुछ ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग साझा की थीं. इन रिकॉर्डिंग के आधार पर उन्होंने दावा किया था कि अंकिता भंडारी मामले में एक वीआईपी की भूमिका से जुड़े अहम तथ्य सामने आ सकते हैं.

इन दावों के बाद उत्तराखंड में मामला फिर चर्चा में आ गया. अंकिता के परिवार और मामले पर नजर रखने वाले लोगों के बीच भी कथित वीआईपी की पहचान और उसकी भूमिका को लेकर सवाल उठते रहे हैं. हालांकि, सोशल मीडिया पर साझा की गई रिकॉर्डिंग में किए गए दावों को अपने आप में प्रमाण नहीं माना जा सकता. इनकी सत्यता और उनमें कही गई बातों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकती है.

क्या है अंकिता भंडारी हत्याकांड?
अंकिता भंडारी उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले की रहने वाली थीं और ऋषिकेश के पास वनंतरा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करती थीं. सितंबर 2022 में उनकी हत्या कर दी गई थी. इस मामले में रिजॉर्ट मालिक पुलकित आर्य और उसके दो कर्मचारियों को दोषी ठहराया गया था. अदालत ने तीनों को उम्रकैद की सजा सुनाई थी.

इस मामले में सजा होने के बाद भी कथित वीआईपी की भूमिका को लेकर सवाल उठते रहे. इसी वजह से जब उर्मिला सनावर ने वायरल ऑडियो और वीआईपी से जुड़े दावे किए तो मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया. अब इन दावों से जुड़े पहलुओं की जांच सीबीआई कर रही है.

सीबीआई जांच के बीच बढ़ी हलचल
अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े नए दावों और वायरल ऑडियो की जांच के बीच सीबीआई की कार्रवाई भी चर्चा में है. जांच एजेंसी कथित रिकॉर्डिंग, उसमें सामने आए नामों और उनसे जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है. उर्मिला सनावर से भी इस सिलसिले में पूछताछ किए जाने की खबरें सामने आई थीं.



Source link