Last Updated:
Maharashtra Politics: दिवंगत अजित पवार के निधन के बाद खाली पड़े महाराष्ट्र के वित्त मंत्रालय पर अब एनसीपी ने अपनी निर्णायक दावेदारी ठोक दी है. उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ सीएम देवेंद्र फडणवीस से मिलने पहुंचे कैबिनेट मंत्री छगन भुजबल ने साफ कर दिया कि पार्टी को किसी भी विकल्प की जगह ‘सिर्फ और सिर्फ वित्त विभाग’ ही चाहिए.
कैबिनेट फेरबदल की अटकलों को छगन भुजबल ने खारिज कर दिया है. (फाइल फोटो)
Maharashtra Politics: महाराष्ट्र सरकार के मंत्री एवं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के वरिष्ठ नेता छगन भुजबल ने 25 अक्टूबर को बताया कि पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने वित्त विभाग की मांग को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की. इसी के साथ उन्होंने राज्य में मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलों को खारिज कर दिया. राकांपा के दो गुटों के विलय संबंधी अटकलों के बारे में पूछे जाने पर भुजबल ने पत्रकारों से कहा कि यह मामला अब खत्म हो चुका है.
भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति सरकार में यह विभाग राकांपा नेता और तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार के पास था, जिनका जनवरी में बारामती में हुए विमान हादसे में निधन हो गया था. इसके बाद से वित्त विभाग का कार्यभार मुख्यमंत्री फडणवीस संभाल रहे हैं. राकांपा के प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को फडणवीस से मुलाकात कर पार्टी को वित्त विभाग आवंटित करने की मांग की. इस प्रतिनिधिमंडल में उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और पार्टी के वरिष्ठ नेता सुनील तटकरे, प्रफुल्ल पटेल तथा भुजबल शामिल थे.
वित्त विभाग की मांग और इस पर मुख्यमंत्री की ओर से कोई आश्वासन या समय-सीमा तय किए जाने के सवाल पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री भुजबल ने कहा कि कोई निश्चित तारीख नहीं दी जा सकी. उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री इस मांग को लेकर सकारात्मक हैं. यह पूछे जाने पर कि क्या राकांपा वित्त विभाग के बजाय कोई अन्य विकल्प स्वीकार करेगी. इस पर उन्होंने स्पष्ट कहा, “हमें सिर्फ वित्त विभाग ही चाहिए.”
मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल की खबरों पर भुजबल ने कहा, “मंत्रियों को बदलने को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है.” उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल में फेरबदल का फैसला पूरी तरह मुख्यमंत्री के अधिकार क्षेत्र में आता है. अपनी पार्टी और शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा के विलय की अटकलों पर भुजबल ने कहा कि यह मुद्दा अब खत्म हो चुका है. उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा, “बहस आप शुरू करते हैं और फिर हमें उसका जवाब देना पड़ता है.”