Last Updated:
Pakistan-Iran Border: पाकिस्तान ने शनिवार सुबह ईरान से लगे गब्ड-रिमदान बॉर्डर को एक हफ्ते बाद दोबारा खोल दिया. सीमा बंद होने से LPG गैस, खाद्य सामग्री और अन्य जरूरी सामान से लदे ट्रक दोनों तरफ फंसे थे. गुरुवार को सीमा के पास खड़े मालवाहक ट्रकों पर अज्ञात बंदूकधारियों ने हमला किया था, जिसमें दर्जनों वाहन जला दिए गए.
ईरान और पाकिस्तान का बॉर्डर.
Pakistan News Hindi: पाकिस्तान और ईरान के बीच एक हफ्ते से बंद पड़ा गब्ड-रिमदान बॉर्डर शनिवार सुबह फिर खोल दिया गया. इसके साथ ही दोनों देशों के बीच जरूरी सामान की आवाजाही दोबारा शुरू हो गई है. ईरान का आरोप था कि पाकिस्तान ने अमेरिका के दबाव में बॉर्डर बंद किया था. लेकिन ये पाकिस्तान के लिए ही मुसीबत बन गया और पूरे देश में LPG की कमी हो गई. सीमा बंद होने के कारण LPG गैस, खाद्य सामग्री और दूसरी जरूरी चीजों से भरे ट्रक दोनों तरफ फंसे हुए थे. अब बॉर्डर खुलने से इनकी सप्लाई बहाल होने और पाकिस्तान में LPG की किल्लत कम होने की उम्मीद जताई जा रही है.
ग्वादर में स्थित इस सीमा चौकी को गेट 250 के नाम से भी जाना जाता है. अधिकारियों ने 16 अक्टूबर या उससे पहले की तारीख वाले आयात और निर्यात के सामान से लदे वाहनों को सीमा पार करने की अनुमति दी है. इससे कई दिनों से जमा माल की आवाजाही शुरू होने और कारोबारियों को राहत मिलने की उम्मीद है. ग्वादर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष मीर नवीद जान कलमती ने शनिवार सुबह व्यापार शुरू होने की पुष्टि की. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने गब्ड-रिमदान बॉर्डर खोल दिया है और आयात-निर्यात का सामान लेकर ट्रकों और दूसरे वाहनों को दोनों दिशाओं में जाने की अनुमति दी गई है.
ट्रकों पर हमले के बाद बढ़ाई गई सुरक्षा
बॉर्डर खोलने का फैसला ऐसे समय लिया गया है, जब गुरुवार को सीमा के पास खड़े सामान से लदे ट्रकों पर अज्ञात बंदूकधारियों ने हमला किया था. ये ट्रक बॉर्डर खुलने का इंतजार कर रहे थे. हमले में दर्जनों वाहन आग के हवाले कर दिए गए, जबकि कई अन्य ट्रकों को नुकसान पहुंचा. इसके बाद स्थानीय अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और सीमा से गुजरने वाले व्यावसायिक वाहनों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त कर्मियों को तैनात किया. सुरक्षा इंतजामों के बाद ही गब्ड-रिमदान पर व्यापार दोबारा शुरू करने की अनुमति दी गई.
17 अक्टूबर से बंद था व्यापार
पाकिस्तान के वाणिज्य मंत्रालय ने 17 अक्टूबर को गब्ड-रिमदान और तफ्तान, दोनों सीमा चौकियों पर व्यापारिक गतिविधियां रोक दी थीं. मंत्रालय ने 3 अक्टूबर को जारी किए गए अपने पुराने व्यापार आदेश को तत्काल प्रभाव से वापस ले लिया था. हालांकि, कारोबार बंद करने की वजह सार्वजनिक रूप से स्पष्ट नहीं की गई थी. सीमा बंद होने से LPG, खाद्य सामग्री और अन्य जरूरी सामान की सप्लाई प्रभावित हुई. अब ट्रकों की आवाजाही शुरू होने से अटकी हुई खेपों को निकालने में मदद मिलने की उम्मीद है. कारोबारियों को भी नुकसान और देरी से राहत मिल सकती है.
क्या पाकिस्तान में LPG की कमी दूर होगी?
गब्ड-रिमदान बॉर्डर खुलने के बाद पाकिस्तान में LPG की सप्लाई पर दबाव कम होने की उम्मीद जताई जा रही है. व्यापारियों का कहना है कि जरूरी सामान की आवाजाही बहाल होने से गैस और खाने-पीने की चीजों की कीमतों पर पड़ने वाला दबाव भी कम हो सकता है. हालांकि, सप्लाई सामान्य होने में कितना समय लगेगा, यह सुरक्षा की स्थिति और फंसे हुए ट्रकों की जांच व आवाजाही की प्रक्रिया पर निर्भर करेगा.