Rajasthan Kal Ka Mausam: राजस्थान में बारिश से बदलगे मौसम, कई इलाकों में बढ़ेगी ठंड, जानें अपने जिले का हाल

Rajasthan Kal Ka Mausam: राजस्थान में बारिश से बदलगे मौसम, कई इलाकों में बढ़ेगी ठंड, जानें अपने जिले का हाल


जयपुर. राजस्थान में अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में मौसम का मिजाज बदलने वाला है. प्रदेश में नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से कई जिलों में बादल छाने और हल्की बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक, 26 से 29 अक्टूबर के बीच कोटा और उदयपुर संभाग में मौसम का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है. वहीं, बीकानेर संभाग के श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और बीकानेर में भी बादल छाने और कहीं-कहीं बारिश के आसार हैं.

मौसम में बदलाव के साथ प्रदेश में ठंड का असर भी बढ़ने लगेगा. सुबह और रात के तापमान में गिरावट आने से लोगों को सर्दी का एहसास होगा. हालांकि, दिन के तापमान में फिलहाल ज्यादा बदलाव होने की संभावना नहीं है.

बीकानेर संभाग में तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में मौसम बदल सकता है. श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और बीकानेर में बादल छाने की संभावना है.

इस दौरान कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हो सकती है.

वहीं, शेखावाटी क्षेत्र के सीकर और झुंझुनूं में भी पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल सकता है. दूसरी तरफ, पूर्वी राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है.

कोटा और उदयपुर संभाग में भी बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक, 25 से 28 अक्टूबर के दौरान कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ इलाकों में बादल छाए रह सकते हैं. इस दौरान कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.

हालांकि, प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा. आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है. इससे रात और सुबह के समय ठंड बढ़ेगी.

अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसमी प्रणालियों के कारण राजस्थान की तरफ नमी आ रही है.

इस नमी के कारण दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के कोटा और उदयपुर संभाग में बादल बन रहे हैं. पड़ोसी राज्य गुजरात में भी इस मौसमी बदलाव का असर बारिश के रूप में देखने को मिल रहा है.

दीपावली के बाद बढ़ सकता है ठंड का असर

मौसम विभाग के अनुसार, अक्टूबर के आखिरी दिनों में एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के आसार हैं. इसके प्रभाव से प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम फिर बदल सकता है.

बारिश और तापमान में गिरावट के चलते दीपावली के बाद राजस्थान में ठंड का असर बढ़ने की संभावना है. ऐसे में आने वाले दिनों में सुबह और रात के समय लोगों को हल्की सर्दी महसूस हो सकती है.



Source link