Last Updated:
Tech Professional Career Journey: टेक प्रोफेशनल की शुरुआती सैलरी 2.9 लाख रुपये थी. लेऑफ का दर्द झेलने वाले टेक उसने अपनी मेहनत के दम पर यूएई में 1.5 करोड़ रुपये सालाना का शानदार पैकेज हासिल किया है. शख्स की कहानी रेडिट पर वायरल हो रही है.
Tech Professional Career Journey: शख्स ने लेऑफ के बाद भी हार नहीं मानी (Representative Image)
नई दिल्ली (Tech Professional Career). जिंदगी में मिलने वाली असफलताएं और झटके इंसान के भविष्य की मजबूत नींव रखते हैं. कॉर्पोरेट जगत में ऐसे कई उदाहरण हैं, जहां करियर की शुरुआत में नौकरी से निकाले जाने वालों ने बाद में अपनी मेहनत और लगन से गजब ग्रोथ हासिल की. रेडिट पर टेक प्रोफेशनल की कहानी वायरल हो रही है. मात्र 2.9 लाख रुपये सालाना पैकेज से करियर की शुरुआत करने और पहली ही कंपनी से निकाले जाने का दर्द झेलने वाले इस शख्स ने अपने दम पर बड़ा मुकाम हासिल किया है.
लेऑफ से हुई शुरुआत, 15 दिन में मिला IBM का साथ
करियर के शुरुआती दिन हर किसी के लिए चैलेंजिंग होते हैं. इस टेक प्रोफेशनल के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ. उन्होंने अपने L&T Infotech में मैनुअल टेस्टिंग की भूमिका से करियर की शुरुआत की थी. उनका पैकेज सिर्फ 2.9 लाख रुपये था. इंटरनल एग्जाम में फेल हो जाने के कारण उन्हें नौकरी से निकाल दिया गया था. यह किसी भी फ्रेशर के लिए बड़ा झटका होता है. लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और दोस्त की सलाह पर सिर्फ 15 दिनों के अंदर IBM कंपनी जॉइन कर ली. यहां जेडी एडवर्ड्स प्लेटफॉर्म पर काम किया.
सही समय पर लिए सही फैसले
आईबीएम में उन्होंने बिग डेटा के बेसिक्स सीखने शुरू किए. शुरू में लाइव प्रोजेक्ट न मिलने के कारण उन्हें काफी संघर्ष करना पड़ा. लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी. मई 2020 में बिग डेटा प्रोजेक्ट पर काम करने का मौका मिला. उन्होंने दिन-रात एक करके प्रोडक्शन एनवायरमेंट के बेसिक्स समझे. जनवरी 2022 तक उनका वेतन मात्र 3.78 लाख रुपये सालाना था. फिर TCS, कॉग्निजेंट जैसी कंपनियों से 7.5 से 13 लाख के ऑफर्स हासिल किए. इसके बाद Airbus में 23 लाख, फिर Thoughtworks में 48 लाख का पैकेज मिला.
यूएई में 1.5 करोड़ के पैकेज का शानदार अवसर
थॉटवर्क्स में कुछ ही महीने काम करने के बाद उन्हें किसी कंपनी से 62 लाख रुपये सालाना और वर्क फ्रॉम होम की फ्लेक्सिबिलिटी का ऑफर मिला. लेकिन उनकी किस्मत का अगला बड़ा पड़ाव UAE की कंसल्टिंग फर्म से आया. वहां उन्हें 1.5 करोड़ रुपये सालाना का शानदार पैकेज मिला. उनका मानना है कि यहां उन्हें ग्लोबल एक्सपोजर और सीखने का बेहतरीन माहौल मिला. उनका सफर सिखाता है कि मेहनत के साथ ही सही समय पर लिए गए फैसले और कभी हार न मानने वाला जज्बा ही फर्श से अर्श तक पहुंचा सकता है.