रोहतास: ऐतिहासिक धरोहरों, कैमूर की खूबसूरत पहाड़ियों, झरनों और प्राकृतिक वादियों के लिए बिहार का रोहतास जिला बहुत फेमस है. यह जिला अब देश के चर्चित रियलिटी शो MTV रोडीज की शूटिंग को लेकर सुर्खियों में है. रोडीज के 21वें सीजन की शूटिंग के लिए नेहा धूपिया, प्रिंस नरूला और निखिल चिनापा समेत कई चर्चित हस्तियां सासाराम पहुंची हैं. करीब 500 लोगों की टीम इस शूटिंग से जुड़ी हैं. इसके लिए सासाराम के सिकरिया डैम, करमचट डैम और कैमूर की खूबसूरत पहाड़ियों का चयन किया गया है. इनमें सिकरिया डैम पर शूटिंग पूरी हो चुकी है. जहां बड़े स्तर पर हुई इस शूटिंग को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला रहा है. यहां के ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने अपने जीवन में पहली बार इस इलाके में इतनी बड़ी शूटिंग देखी है.
500 गाड़ियों का काफिला देख ग्रामीण रह गए दंग
सिकरिया डैम पर मौजूद स्थानीय निवासी शिवकुमार पासवान ने बताया कि उन्होंने अपने जीवन में कभी एक साथ इतनी गाड़ियां नहीं देखी थीं. अचानक इलाके में सैकड़ों गाड़ियों और लोगों की भीड़ देखकर उन्हें पहले लगा कि भोजपुरी के मशहूर गायक खेसारी लाल यादव यहां पहुंचे हैं. हालांकि बाद में जानकारी मिली कि मुंबई से किसी बड़े टीवी शो की शूटिंग के लिए हीरो-हीरोइन और पूरी टीम आई है. उन्होंने बताया कि शूटिंग स्थल के आसपास प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था की गई थी और स्थानीय लोगों को नजदीक जाने की अनुमति नहीं थी. ऐसे में वे कलाकारों को पास से नहीं देख सके, लेकिन दूर से शूटिंग की गतिविधियां जरूर देखी.
यहां बड़ी-बड़ी मशीनों से हो रही थी शूटिंग
शिवकुमार पासवान के मुताबिक, डैम में बनी झील के ऊपर बड़े-बड़े तार बांधे गए थे और कई तरह की आधुनिक मशीनें लगाई गई थीं. इनकी सहायता से कलाकार अलग-अलग गतिविधियां कर रहे थे. उन्होंने बताया कि पहली बार जब उन्होंने कलाकारों को आपस में लड़ते-झगड़ते देखा तो उन्हें लगा कि सचमुच मारपीट हो रही है. हालांकि बाद में लोगों ने बताया कि यह सब टेलीविजन शो की शूटिंग का हिस्सा है. उनके अनुसार करीब दो दिनों तक पूरे इलाके में मेले जैसा माहौल बना रहा. इतनी बड़ी संख्या में गाड़ियों और बाहरी लोगों की मौजूदगी स्थानीय ग्रामीणों के लिए बिल्कुल नया अनुभव था. उन्होंने कहा कि ऐसे बड़े शो की शूटिंग यहां लगातार होनी चाहिए. ताकि इस क्षेत्र की पहचान बढ़ने के साथ स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर भी मिल सकें.
पहली बार हुई इतने बड़े स्तर की शूटिंग
वहीं, सिकरिया डैम के समीप रहने वाले उमेश पाल ने बताया कि शूटिंग के दौरान वे लगातार वहां मौजूद रहे. उन्होंने कहा कि इससे पहले इस स्थान पर इतने बड़े स्तर की शूटिंग कभी नहीं देखी थी. मुंबई से आई टीम और शूटिंग की भव्य तैयारियों को देखकर स्थानीय लोग काफी उत्साहित थे. हालांकि उन्हें इस बात का मलाल भी रहा कि स्थानीय निवासी होने के बावजूद वे शूटिंग को नजदीक से नहीं देख सके. सुरक्षा कारणों से प्रशासन ने लोगों को शूटिंग स्थल के पास जाने की अनुमति नहीं दी थी.
उमेश पाल ने बताया कि उन्हें कलाकारों से मिलने या करीब से शूटिंग देखने का मौका नहीं मिला लेकिन इस बात की खुशी जरूर है कि उनके इलाके का चयन इतने बड़े राष्ट्रीय स्तर के शो के लिए किया गया। उनका मानना है कि इससे आने वाले समय में क्षेत्र में पर्यटन और रोजगार की संभावनाएं बढ़ सकती हैं।
जेनरेटर और खाने-पीने का पूरा इंतजाम लेकर पहुंची थी टीम
शूटिंग स्थल पर मौजूद एक अन्य स्थानीय बुजुर्ग ने बताया कि उन्होंने अपने जीवन में पहली बार इतनी बड़ी फिल्मी टीम और शूटिंग की तैयारियां देखीं. उनके अनुसार, बाहर से आई टीम अपने साथ टेंट, जेनरेटर, खाने-पीने की व्यवस्था और शूटिंग में इस्तेमाल होने वाले तमाम उपकरण लेकर पहुंची थी. कलाकारों और टीम के ठहरने तथा शूटिंग से जुड़ी गतिविधियों के लिए बड़े स्तर पर अस्थायी इंतजाम किए गए थे. डैम के आसपास विशेष शूटिंग सेट भी तैयार किया गया था. बुजुर्ग ने बताया कि अचानक इतनी भीड़ और गाड़ियों की आवाजाही देखकर ग्रामीण हैरान रह गए थे. बाद में पता चला कि मुंबई से बड़े कलाकार यहां पहुंचे हैं. हालांकि पुलिस की रोक-टोक के कारण वे भी कलाकारों को नजदीक से नहीं देख सके.
पर्यटन और रोजगार की बढ़ी उम्मीद
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि रोडीज जैसे लोकप्रिय रियलिटी शो की शूटिंग उनके क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है. जिस सिकरिया डैम और आसपास की पहाड़ियों को वे वर्षों से देखते आ रहे हैं. अब वही खूबसूरत नजारे राष्ट्रीय टेलीविजन के माध्यम से देशभर के दर्शकों तक पहुंच सकेंगे. इससे न केवल रोहतास की प्राकृतिक सुंदरता को नई पहचान मिलने की उम्मीद है. बल्कि भविष्य में फिल्मों, वेब सीरीज और अन्य बड़े टीवी शो की शूटिंग के रास्ते भी खुल सकते हैं.
जानें यहां कौन सी हैं ऐतिहासिक इमारतें
दरअसल, रोहतास जिले में ऐतिहासिक रोहतासगढ़ किला, शेरशाह सूरी का मकबरा, कैमूर की पहाड़ियां, झरने और कई खूबसूरत डैम पहले से ही पर्यटन की अपार संभावनाएं समेटे हुए हैं. ऐसे में रोडीज की शूटिंग ने एक बार फिर जिले की प्राकृतिक खूबसूरती और शूटिंग लोकेशन के रूप में इसकी संभावनाओं को सामने ला दिया है. स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में यदि यहां नियमित रूप से फिल्मों और बड़े शो की शूटिंग होती है तो होटल, परिवहन, खानपान, स्थानीय व्यवसाय और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे. ग्रामीणों के लिए सबसे बड़ी खुशी इस बात की है कि अब उनके गांव और आसपास की खूबसूरत वादियों को भी देशभर में पहचान मिल सकेगी.