गुना में किशोरी की फांसी से मौत, परिजनों ने हनुमान चौराहे पर किया चक्काजाम, युवक पर हत्या का आरोप

गुना में किशोरी की फांसी से मौत, परिजनों ने हनुमान चौराहे पर किया चक्काजाम, युवक पर हत्या का आरोप


Last Updated:

गुना में एक किशोरी की फांसी से मौत के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए हनुमान चौराहे पर चक्काजाम कर दिया. परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया और कार्रवाई की मांग की. सड़क पर प्रदर्शन के कारण यातायात प्रभावित हुआ.

Zoom

परिजनों ने सड़क पर शव रखकर किया चक्काजाम

गुना. मध्य प्रदेश के गुना जिले के बजरंगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में किशोरी जानकी की फांसी लगने से मौत के बाद परिजनों ने गुना के हनुमान चौराहे पर चक्का जाम कर दिया. परिजनों ने गांव के ही युवक संजीव पर हत्या का आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की. पुलिस के आश्वासन के बाद परिजनों ने जाम हटा लिया.

मृतका के चाचा के रिश्तेदार सुरेंद्र सिंह धाकड़ ने बताया कि जानकी धाकड़ समाज की थी. उनके अनुसार आरोपी युवक कुम्हार समाज का है और उसी गांव का रहने वाला है. सुरेन्द्र का आरोप है कि करीब छह महीने पहले संजीव जानकी के घर आया था और उसे धमकाकर गया था. तब परिजनों ने उसके माता-पिता को इस बारे में समझाइश दी थी.

परिजनों ने किया चक्का जाम
परिजनों का कहना है कि घटना वाले दिन संजीव फिर घर पहुंचा. उस समय परिवार के सदस्य घर पर नहीं थे और खेत में मक्का निकालने गए थे. परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान उसने कुछ ऐसा किया, जिसके बाद जानकी ने फांसी लगा ली. सुबह करीब साढ़े पांच से छह बजे के बीच परिजनों ने जानकी को फांसी पर लटका देखा.

घटना की जानकारी लगते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए. उन्होंने आरोपी पर तत्काल कार्रवाई की मांग को लेकर हनुमान चौराहे पर चक्का जाम कर दिया. इससे कुछ देर यातायात प्रभावित रहा. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से चर्चा की.

पुलिस ने परिजनों को कार्रवाई का दिया आश्वासन
पुलिस ने परिजनों को आश्वासन दिया कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. बताया गया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामला दर्ज किया जाएगा. इस आश्वासन के बाद परिजनों ने चक्का जाम समाप्त कर दिया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा.

फिलहाल, पुलिस ने शिकायतकर्तों के बयान पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है और मृतका के परिजनों को नियमाअनुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है..



Source link