इंस्टाग्राम पर दोस्ती, WhatsApp पर भरोसा, फिर 24 लाख की ठगी, महिला कांस्टेबल से धोखाधड़ी करने वाला अरेस्‍ट

इंस्टाग्राम पर दोस्ती, WhatsApp पर भरोसा, फिर 24 लाख की ठगी, महिला कांस्टेबल से धोखाधड़ी करने वाला अरेस्‍ट


होमताजा खबरDelhi

दिल्‍ली पुलिस की महिला कांस्टेबल से 24 लाख की ठगी, आरोपी अरेस्‍ट

Last Updated:

दिल्ली पुलिस की महिला कांस्टेबल के साथ सोशल मीडिया पर दोस्ती कर 24 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है. आरोपी विक्रांत कुमार उर्फ विक्की तोमर ने खुद को क्रिकेट जगत की हस्ती बताकर महिला को निवेश पर मोटे मुनाफे का झांसा दिया था. ठगी के लिए महिला ने पर्सनल लोन और दोस्तों से उधार लेकर पैसे दिए थे. आरोपी ने ठगी के साथ-साथ महिला के साथ मारपीट और छेड़छाड़ भी की थी. सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की साइबर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

Zoom

दिल्‍ली पुलिस की महिला कांस्‍टेबल के साथ 24 लाख रुपए की ठगी करने वाला आरोपी अरेस्‍ट हो गया है. (एआई इमेज)

दिल्‍ली क्राइम न्‍यूज. दिल्ली पुलिस की एक महिला कांस्टेबल को निवेश पर मोटा मुनाफा कमाने का लालच देना एक शख्स को भारी पड़ गया. उसने महिला कांस्‍टेबल से पहले सोशल मीडिया पर जान-पहचान बढ़ाई, फिर भरोसे में लेकर उसकी जमा-पूंजी को निवेश के नाम पर निकलवा लिया. हालात ऐसे बने कि महिला कांस्टेबल को 12 लाख रुपये का पर्सनल लोन तक लेना पड़ा. इतना ही नहीं, जान-पहचान वालों से भी उधार लेकर महिला कांस्‍टेबल ने निवेश कर दिया. वहीं, करीब 24 लाख रुपए गंवाने के बाद इस महिला कांस्‍टेबल को पता चला कि वह धोखाधड़ी का शिकार हो चुकी है. दिल्ली पुलिस ने इस मामले में 26 साल के आरोपी विक्रांत कुमार उर्फ विक्की तोमर को गिरफ्तार किया है.

पुलिस के अनुसार, इस पूरे मामले की शुरुआत इंस्टाग्राम से हुई. आरोपी ने सबसे पहले महिला कांस्टेबल से सोशल मीडिया पर संपर्क किया. उसने बातचीत के दौरान बताया कि उसे स्पोर्ट्स कोटे के तहत दिल्ली पुलिस में भर्ती होने के लिए गाइडेंस चाहिए. भर्ती से जुड़ी जानकारी मांगने के बहाने शुरू हुई बातचीत धीरे-धीरे आगे बढ़ी और फिर इंस्टाग्राम से व्‍हाट्सएप तक पहुंच गई. पुलिस का आरोप है कि इस दौरान उसने खुद को क्रिकेट की दुनिया की एक जानी-मानी हस्ती के तौर पर पेश किया, ताकि महिला का भरोसा जीता जा सके.

मोटे रिटर्न के लालच में महिला कांस्‍टेबल को जाल में फंसाया
पुलिस के अनुसार, जान-पहचान बढ़ने के बाद आरोपी ने निवेश का ऐसा लालच दिया कि महिला कांस्टेबल बिना सोचे समझे लाखों रुपए निवेश करने के लिए राजी हो गई. आरोपी के झांसे में आने के बाद महिला कांस्‍टेबल ने सबसे पहले अपने एक्सिस बैंक अकाउंट में जमा सेविंग्स ट्रांसफर कर दीं. इसके बाद उसने 12 लाख रुपये का पर्सनल बैंक लोन लिया. इतना ही नहीं, रकम जुटाने के लिए उसने अपने जान-पहचान वालों से भी पैसे उधार लिए. इस तरह महिला ने अपनी बचत, बैंक से लिए कर्ज और दूसरों से उधार ली गई रकम को मिलाकर निवेश के नाम पर पैसे ट्रांसफर कर दिए.

करीब 8 लाख रुपये बेटिंग प्लेटफॉर्म से जुड़े अकाउंट में भेजे
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान एक अहम जानकारी सामने आई कि आरोपी के कहने पर करीब 8 लाख रुपये ऐसे बैंक अकाउंट में ट्रांसफर किए गए, जो बेटिंग प्लेटफॉर्म से जुड़ा हुआ था. इस ट्रांजैक्शन के सामने आने के बाद रुपयों का लेन-देन जांच के दायरे में आ गया. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ठगी की रकम कहां-कहां भेजी गई और इसमें किसी दूसरे व्यक्ति या अन्य बैंक अकाउंट की भूमिका तो नहीं थी.

महिला कांस्‍टेबल के साथ छेड़छाड़ और मारपीट की भी कोशिश
यह मामला सिर्फ निवेश के नाम पर पैसों की ठगी तक सीमित नहीं है. पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, आरोपी और महिला कांस्टेबल की व्यक्तिगत मुलाकात भी हुई थी. आरोप है कि इस मुलाकात के दौरान आरोपी ने महिला कांस्‍टेबल की कमर को गलत तरीके से छुआ और उसके साथ मारपीट भी की. दिल्ली पुलिस के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की साइबर पुलिस ने महिला कांस्टेबल की शिकायत पर दर्ज केस में कार्रवाई करते हुए 26 वर्षीय विक्रांत कुमार उर्फ विक्की तोमर को गिरफ्तार कर लिया है.



Source link