3 अनकैप्ड खिलाड़ी अंदर, रिजवान- शान मसूद पाकिस्तान की टेस्ट टीम से बाहर
Last Updated:
Mohammad Rizwan Shan Masood Out: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने श्रीलंका के खिलाफ आगामी दो मैचों की घरेलू टेस्ट सीरीज के लिए 14 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया. इस टीम में युवा खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी गई है, जिसका संकेत पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने पहले ही दे दिया था. इस नई टीम में कई चौंकाने वाले बदलाव देखने को मिले हैं, जहां पूर्व कप्तान शान मसूद, विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान और अनुभवी ओपनर इमाम-उल-हक जैसे सीनियर खिलाड़ियों को टीम से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है.
मोहम्मद रिजवान और इमाम उल हक पाकिस्तान के टेस्ट स्क्वॉड से बाहर.
नई दिल्ली. पाकिस्तान ने श्रीलंका के खिलाफ खेली जाने वाली 2 मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए 4 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया. मोहम्मद रिजवान और इमाम-उल-हक को इंग्लैंड दौरे पर उनके कथित अनुशासनहीन आचरण और जांच के घेरे में होने के कारण टीम से ड्रॉप किया गया है. वहीं, शान मसूद को लेकर चर्चा थी कि इंग्लैंड के खिलाफ उस सीरीज के अंतिम टेस्ट में 90 रनों की पारी खेलने के बावजूद वह टीम से बाहर होने को लेकर काफी दबाव महसूस कर रहे थे. अब टीम की कमान एक बार फिर अनुभवी बल्लेबाज बाबर आजम के हाथों में सौंपी गई है. पाकिस्तान की इस नई टेस्ट टीम में घरेलू क्रिकेट के शानदार प्रदर्शन के दम पर ऑलराउंडर सलमान अली आगा की वापसी हुई है. अगस्त-सितंबर में इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई विदेशी टेस्ट सीरीज के बीच से ड्रॉप किए जाने के बाद से सलमान ने घरेलू सर्किट में जबरदस्त वापसी की है. उन्होंने प्रेसिडेंट्स ट्रॉफी ग्रेड-I 2026-27 में किंग्समैन अकादमी की ओर से खेलते हुए तिहरा शतक औरशानदार शतक जड़कर चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा था.
इसके अलावा बाएं हाथ के स्पिनर अली उस्मान (Ali Usman) की भी टीम में वापसी हो गई है, जिन्हें इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट से बाहर कर दिया गया था. अली उस्मान ने पिछले साल अगस्त में हेडिंग्ले में सनसनीखेज प्रदर्शन करते हुए 1972 के बाद वहां फाइव-विकेट हॉल लेने वाले पहले विदेशी खिलाड़ी बनकर बड़ी सुर्खियां बटोरी थीं.
तीन युवा खिलाड़ियों को मिला पहली बार मौका
घरेलू क्रिकेट में रनों का अंबार लगाने वाले तीन युवा खिलाड़ियों समीर मिन्हास, मोहम्मद ताहा और मोहम्मद सुलेमान को पहली बार राष्ट्रीय टेस्ट टीम में शामिल किया गया है. मोहम्मद ताहा वर्तमान में प्रेसिडेंट्स ट्रॉफी में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. उन्होंने 7 मैचों में 3 शानदार शतकों और 225 के सर्वोच्च स्कोर की मदद से कुल 730 रन बनाए हैं. उनके अलावा मोहम्मद सुलेमान ने 652 रन और समीर मिन्हाज ने 405 रनों का बेहतरीन योगदान दिया है, जिसके चलते इन तीनों को यह बड़ा मौका मिला है.
गेंदबाजी आक्रमण और आगामी अभ्यास मैच
गेंदबाजी विभाग में, अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद अब्बास ने अपनी जगह बरकरार रखी है. अब्बास को पाकिस्तान के पिछले रेड-बॉल असाइनमेंट में संयुक्त रूप से प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया था. हालांकि, टीम में दो और तेज गेंदबाजों को शामिल किया जाना बाकी है. इनका चयन 4 से 6 नवंबर तक इस्लामाबाद में श्रीलंका की टेस्ट टीम के खिलाफ होने वाले तीन दिवसीय अभ्यास मैच के बाद किया जाएगा.
टेस्ट सीरीज का पूरा शेड्यूल और विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का समीकरण
श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच होने वाली यह दो मैचों की टेस्ट सीरीज आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 का एक अहम हिस्सा है. सीरीज का पहला मुकाबला 9 से 13 नवंबर तक रावलपिंडी में खेला जाएगा, जबकि दूसरा और अंतिम टेस्ट मैच 17 से 21 नवंबर तक लाहौर के ऐतिहासिक मैदान पर आयोजित होगा.
श्रीलंका के खिलाफ पाकिस्तान की 14 सदस्यीय टेस्ट टीम
बाबर आजम (कप्तान), अब्दुल्ला फजल, अली उस्मान, अराफात मिन्हाज, अजान अवैस, मोहम्मद अब्बास, मोहम्मद गाजी घोरी (विकेटकीपर), मोहम्मद सुलेमान, मोहम्मद ताहा, रजाउल्लाह, साद बेग (विकेटकीपर), सलमान अली आगा, समीर मिन्हाज और सऊद शकील.