Last Updated:
मुंबई में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले के तार इंदौर से जुड़ गए हैं. फायरिंग की साजिश और हथियार सप्लाई के मामले में आरोपी प्रांजल को इंदौर से हिरासत में लिया गया. अब पूछताछ में उससे बड़े खुलासे होने की उम्मीद है. आरोपी प्रांजल पेशे से इंजीनियर बताया जा रहा है. मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार को निशाना बनाया गया था. हमला करने के बाद आरोपी फरार हो गए थे.
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग साजिश का ‘मिनी मुंबई’ कनेक्शन
(रिपोर्ट-मिथिलेश गुप्ता)
मायानगरी मुंबई में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग की वारदात के तार अब मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी और ‘मिनी मुंबई’ कहे जाने वाले इंदौर से जुड़ गए हैं. इस हाई-प्रोफाइल मामले में इंदौर क्राइम ब्रांच और मुंबई क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने एक बड़ी और ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए प्रांजल नाम के एक संदिग्ध आरोपी को इंदौर से हिरासत में लिया है.
प्रांजल हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला बताया जा रहा है. पुलिस को संदेह है कि वह फायरिंग की साजिश और आरोपियों तक हथियार पहुंचाने से जुड़े नेटवर्क के बारे में अहम जानकारी रखता है.
भाई के इलाज के लिए इंदौर आया था प्रांजल
पूछताछ में सामने आई जानकारी के मुताबिक प्रांजल का बड़ा भाई पिछले करीब पांच महीने से इंदौर में इलाज करा रहा है. इससे पहले उसका इलाज दिल्ली के एक अस्पताल में चल रहा था. बताया जा रहा है कि दिल्ली के डॉक्टरों ने आगे के इलाज के लिए उसे इंदौर भेजा था. इसी सिलसिले में 22 साल का प्रांजल भी करीब पांच दिन पहले इंदौर आया था. वह पेशे से इंजीनियर है.
इंदौर से पकड़े गए संदिग्ध का फोटो
सोनीपत से पकड़े गए आरोपियों से मिला इनपुट
टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में हरियाणा के सोनीपत से तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद प्रांजल के बारे में मुंबई क्राइम ब्रांच को जानकारी मिली थी. इसके बाद मुंबई क्राइम ब्रांच ने इंदौर क्राइम ब्रांच के साथ इनपुट साझा किया. पुलिस ने लोकेशन ट्रेस कर प्रांजल को हिरासत में लिया.
पूछताछ के लिए मुंबई ले जाएगी क्राइम ब्रांच
इंदौर में हिरासत में लिए गए प्रांजल से पुलिस हथियारों की सप्लाई, फायरिंग की साजिश और मामले में शामिल दूसरे लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है. पूछताछ के बाद मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम उसे अपने साथ मुंबई ले जा सकती है. पुलिस की जांच में आने वाले समय में मामले से जुड़े दूसरे संपर्कों और हथियार सप्लाई नेटवर्क के बारे में भी जानकारी सामने आने की उम्मीद है. फिलहाल प्रांजल की भूमिका को लेकर पुलिस की जांच जारी है