Sharad Purnima Kheer: इस ट्रिक से 15 मिनट में तैयार करें मलाईदार खीर

Sharad Purnima Kheer: इस ट्रिक से 15 मिनट में तैयार करें मलाईदार खीर


Last Updated:

Sharad Purnima Kheer: शरद पूर्णिमा हिन्दू धर्म में खास महत्व रखता है. इस दिन मां लक्ष्मी की पूजा की जाती है. इस दिन खीर बनाया जाता है और खुले आसमान के नीचे रखा जाता है, चंद्रमा की रोशनी सीधे खीर में पहुंचें. फिर इसे प्रसाद के रूप में घर के सभी लोग ग्रहण करते हैं. वैसे तो मलाईदार और स्वादिष्ट खीर बनाने में काफी टाइम लगता है. लेकिन हम आपको एक ऐसी ट्रिक बता रहे हैं, जिससे सिर्फ 15 मिनट में आप खीर बनाकर तैयार कर सकते हैं.

मान्यता है कि शरद पूर्णिमा की रात खीर को चंद्रमा की रोशनी में रखने से उसमें अमृत बरसता हैं. यही वजह है कि कई हिन्दू घरों में दूध और चावल से बनी खीर तैयार की जाती है. अगर आप भी इस शरद पूर्णिमा पर खीर बनाने की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन घंटों तक दूध को उबालना नहीं चाहते, तो प्रेशर कुकर वाली यह रेसिपी आपके काम आ सकती है. इसकी मदद से आप कम मेहनत में गाढ़ी, मलाईदार और स्वादिष्ट खीर बना सकते हैं. आइए जानते हैं प्रेशर कुकर में खीर बनाने का आसान तरीका.

प्रेशर कुकर में खीर बनाने के लिए सामग्री- ¼ कप चावल, 1 लीटर फुल क्रीम दूध, ½ लीटर दूध (बाद में मिलाने के लिए), 2 हरी इलायची, 200 ग्राम कंडेंस्ड मिल्क, 1 बड़ा चम्मच कटे हुए बादाम, 1 बड़ा चम्मच कटे हुए काजू, 1 बड़ा चम्मच किशमिश, केवड़ा एसेंस की कुछ बूंदें (वैकल्पिक)

प्रेशर कुकर में मलाईदार खीर बनाने का तरीका: चावल को अच्छी तरह धो लें- सबसे पहले चावल को 2-3 बार साफ पानी से धो लें, ताकि उसमें मौजूद अतिरिक्त स्टार्च और गंदगी निकल जाए. इसके बाद चावल को कुछ देर पानी में भिगोकर रख सकते हैं. इससे चावल जल्दी पकने में मदद मिलती है.

Add News18 as
Preferred Source on Google

कुकर में दूध और चावल डालें- अब प्रेशर कुकर में धुले हुए चावल, 1 लीटर फुल क्रीम दूध और हरी इलायची डाल दें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें. कुकर का ढक्कन बंद करें और आंच धीमी रखें. प्रेशर बनने के बाद इसे करीब 15 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं. ध्यान रखें कि दूध के साथ प्रेशर कुकर का इस्तेमाल करते समय कुकर को जरूरत से ज्यादा न भरें.

प्रेशर अपने आप निकलने दें- गैस बंद करने के बाद कुकर का प्रेशर अपने आप पूरी तरह निकलने दें. प्रेशर खत्म होने के बाद ही ढक्कन खोलें. अब चावल को चेक करें. चावल अच्छी तरह गल गए हों, तो खीर को चम्मच से चलाएं.

कंडेंस्ड मिल्क और बचा हुआ दूध मिलाएं- अब कुकर में आधा लीटर दूध और 200 ग्राम कंडेंस्ड मिल्क डालें. इसे अच्छी तरह मिलाकर धीमी आंच पर करीब 5 मिनट तक पकाएं. बीच-बीच में चलाते रहें, ताकि खीर बर्तन के तले में न लगे. कंडेंस्ड मिल्क से खीर में मिठास और गाढ़ापन आता है.

ड्राई फ्रूट्स डालकर तैयार करें- आखिर में कटे हुए बादाम, काजू, किशमिश और केवड़ा एसेंस की कुछ बूंदें डाल दें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं. आपकी गाढ़ी और मलाईदार चावल की खीर तैयार है. इसे गर्मागर्म परोस सकते हैं या ठंडा करके भी खा सकते हैं.

शरद पूर्णिमा पर खीर बनाते समय ध्यान रखें- खीर को मलाईदार बनाने के लिए फुल क्रीम दूध का इस्तेमाल करें. कंडेंस्ड मिल्क में पहले से मिठास होती है, इसलिए अतिरिक्त चीनी डालने से पहले स्वाद जरूर चखें. खीर ठंडी होने पर और गाढ़ी हो जाती है, इसलिए जरूरत के अनुसार थोड़ा दूध मिला सकते हैं.

लेटेस्ट कॉमर्स डील्स, खास डिस्काउंट और बेहतरीन शॉपिंग ऑफर देखने के लिए कंपेयर इंड‍ियादेखें.



Source link