2 ओवर, 7 रन और 2 विकेट, सेंटनर की ‘स्पिन साइंस’ ने किया टीम इंडिया को एक्पोज
Last Updated:
santner match winning spell :किवी कप्तान के एक ओवर ने सीरीज का पहला मैच टीम को हरवा दिया था तो आज एक ही ओवर ने मैच का पासा पलट दिया. सेंटनर ने पहले अभिषेक को आउट किया फिर एक ही ओवर में कप्तान श्रेयस और अक्षर पटेल को आउट करके टीम इंडिया की कमर तोड़ दी. पहले मैच में बेहतरीन गेंदबाजी करने वाले आफ स्पिनर ब्रेसवेल ने भी कप्तान का अच्छा साथ दिया. किवी कप्तान को अफसोस होगा कि उनका जादुई स्पेल भी टीम को जीत नहीं दिला पाया.
किवी कप्तान ने लिए 4 विकेट, भारतीय बल्लेबाजों को जमकर किया परेशान
नई दिल्ली. इम्तिहान में जैसे कोई गणित की तैयारी करके जाए और सामने साइंस का पर्चा आ जाए ठीक उसी तरह से भारतीय टीम के साथ हेग्ले ओवल में खेले गए दूसरे टी20 में देखने को मिला. भारतीय बल्लेबाज तेज गेंदबाजों की गणित सुलझाने की की तैयारी करके आए थे और सेंटनर की स्पिन की साइंस में उलझ कर रह गए. पहले मैच में टीम जीत गई को स्पिन के खिलाफ कमजोरी की बात ज्यादा नहीं हुई पर दूसरे मुकाबले में तस्वीर पूरी तरह से साफ हो गई.
किवी कप्तान के एक ओवर ने सीरीज का पहला मैच टीम को हरवा दिया था तो आज एक ही ओवर ने मैच का पासा पलट दिया. सेंटनर ने पहले अभिषेक को आउट किया फिर एक ही ओवर में कप्तान श्रेयस और अक्षर पटेल को आउट करके टीम इंडिया की कमर तोड़ दी. पहले मैच में बेहतरीन गेंदबाजी करने वाले आफ स्पिनर ब्रेसवेल ने भी कप्तान का अच्छा साथ दिया. किवी कप्तान को अफसोस होगा कि उनका जादुई स्पेल भी टीम को जीत नहीं दिला पाया.
पहले 2 ओवर में 7 रन और 2 विकेट
दुनिया के सबसे बेहतरीन लेफ्ट ऑर्म स्पिनर्स में शुमार मिचेल सेंटनर ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए पहले ही स्पेल में मैच का नक्शा बदल दिया. अभिषेक शर्मा जो आज किस्मत के साथ खेल रहे थे सबसे पहले उनको जाल में फंसाया. रूम बनाकर मारने की कोशिश को नाकाम करते हुए सेंटनर ने पैर को पकड़ कर गेंदबाजी की और अभिषेक को परेशान करके आउट किया. श्रेयस का विकेट भी सेंटनर ने चालाकी से लिया जब फ्लाइट की जाल में भारतीय कप्तान को फंसाया. अक्षर पटेल को भी लालच में फंसाकर आउट किया. तीसरे ओवर की पहली गेंद पर नमन धीर का आसान सा कैच जैकब्स ने छोड़ दिया वरना उनका स्पेल और बेहतर हो सकता था. चौथे ओवर में भी सेंटनर रफ्तार में लगातार बदलाव करते रहे जिसके जाल में नमन धीर भी फंसे. सेंटनर ने 4 ओवर में 21 रन देकर 4 विकेट लिया. टी-20 क्रिकेट मे सेंटनर दूसरी बार भारत के खिलाफ 4 विकेट लेने में कामयाब रहे.
ब्रेसवेल ने भी दिया साथ
इसी मैदान पर पहले मैच में 4 ओवर में 37 रन देकर 2 विकेट लेने वाले ब्रेसवेल ने दूसेर मैच में भी सधी हुई गेंदबाजी की और बल्लेबाजो को खुलकर खेलने नहीं दिया. पहले तीन ओवर में सिर्फ 20 रन देने वाले ऑफ स्पिनर ने चौथे ओवर में जो पारी का 14वां ओवर था उसमें नमन धीर ने कुछ बड़े शॉट्स खेल पर अंत में स्पेल देखेंगे 4 ओवर में 35 रन मैच की परिस्थिति को देखते हुए अच्छा माना जा सकता है. दोनों मैच में ब्रेसवेल और सेंटनर की जोड़ी ने मैच को बनाया पर तेज गेंदबाजों के खराब प्रदर्शन ने मैच टीम इंडिया की झोली में डाल दिया.