डॉ. सज्जन सिंह यादव होंगे जम्मू-कश्मीर के नए मुख्य सचिव, कौन हैं यह IAS अधिकारी?

डॉ. सज्जन सिंह यादव होंगे जम्मू-कश्मीर के नए मुख्य सचिव, कौन हैं यह IAS अधिकारी?


होमताजा खबरदेश

सज्जन सिंह यादव होंगे जम्मू-कश्मीर के नए मुख्य सचिव, कौन हैं यह IAS अधिकारी?

Last Updated:

केंद्र सरकार ने 1995 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. सज्जन सिंह यादव को जम्मू-कश्मीर का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है. केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से शनिवार को जारी आदेश के मुताबिक, उन्हें 1 नवंबर 2026 से या कार्यभार संभालने की तारीख से, जो भी बाद में हो, इस पद पर तैनात किया जाएगा. एजीएमयूटी कैडर के अधिकारी यादव इससे पहले वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग में अतिरिक्त सचिव के तौर पर काम कर चुके हैं. अपने करीब 31 साल के प्रशासनिक करियर में उन्होंने 17 अलग-अलग स्थानों पर 23 पदों पर जिम्मेदारी संभाली है.

Zoom

डॉ. सज्जन सिंह यादव होंगे जम्मू-कश्मीर के नए मुख्य सचिव, केंद्र ने जारी किया आदेश (फोटो एआई से मदद लेकर बनाई गई)

केंद्र सरकार ने 1995 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. सज्जन सिंह यादव को जम्मू-कश्मीर का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है. इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्रालय ने शनिवार को आदेश जारी किया है. गृह मंत्रालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के साथ डॉ. सज्जन सिंह यादव, आईएएस (एजीएमयूटी :1995) को दिल्ली से जम्मू-कश्मीर स्थानांतरित किया गया है. उन्हें 1 नवंबर 2026 से या कार्यभार ग्रहण करने की तारीख, जो भी बाद में हो, से जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव के पद पर तैनात किया गया है.

यह आदेश गृह मंत्रालय की ओर से जारी किया गया है. आदेश की कॉपी दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, पुडुचेरी, अंडमान-निकोबार, गोवा, चंडीगढ़, लद्दाख के मुख्य सचिवों के साथ-साथ डीएनएच एंड डीडी और लक्षद्वीप के प्रशासक के सलाहकार और जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल के सचिव को भी भेजी गई है.

कौन हैं सज्जन सिंह यादव
डॉ. सज्जन सिंह यादव भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1995 बैच के एजीएमयूटी कैडर के अधिकारी हैं. उन्होंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा के जरिए सीधी भर्ती से सेवा में प्रवेश किया था. रिकॉर्ड के अनुसार उनका गृह राज्य हरियाणा है. अपने 31 साल के लंबे कार्यकाल में डॉ. यादव 17 अलग-अलग स्थानों पर 23 पदों पर रह चुके हैं. उन्होंने केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर भी काम किया है. उनकी सबसे लंबी पोस्टिंग 4 साल 8 महीने तक वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग में अतिरिक्त सचिव के तौर पर रही है. इसके अलावा वह नई दिल्ली में वित्त व्यय विभाग में संयुक्त सचिव और महिला एवं बाल विकास मंत्रालय में संयुक्त सचिव जैसे अहम पदों पर भी काम कर चुके हैं.

रिकॉर्ड के मुताबिक, डॉ. सज्जन सिंह यादव ने आखिरी बार नई दिल्ली में वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग में अतिरिक्त सचिव के तौर पर काम किया था. वह 19 अगस्त 2026 तक इस पद पर थे. उनके पूरे करियर में औसतन हर पोस्टिंग करीब 1 साल 4 महीने की रही है. शिक्षा की बात करें तो डॉ. सज्जन सिंह यादव ने एनिमल हसबेंडरी की पढ़ाई की है और दिल्ली विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज से फाइनेंस में एमबीए किया है। सेवा के दौरान उन्होंने 9 प्रशिक्षण कार्यक्रम भी पूरे किए हैं.



Source link