Last Updated:
Faridabad Crime News : फरीदाबाद का गोपाल हत्याकांड आखिरकार सुलझ ही गया. उसकी पत्नी ने ही उसकी अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या करने की साजिश रची थी. करीब एक साल पहले काजल और योगेंद्र के आपत्तिजनक फोटो गांव में वॉट्सऐप पर वायरल हुए थे. काजल ने इन्हें AI से तैयार बताकर गोपाल को समझा दिया था. हालांकि, पिछले कुछ दिनों से गोपाल को काजल पर शक होने लगा था. इसे लेकर दोनों के बीच फोन पर झगड़े भी होते थे.
गोपाल के हत्यारोपित गिरफ्तार.
फरीदाबाद : हरियाणा के फरीदाबाद में रिश्तों को शर्मसार करने वाले गोपाल हत्याकांड में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. जिस पत्नी के पास गोपाल ने मदद के लिए फोन किया, उसी पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या करने का आरोप है. पुलिस के मुताबिक, इस हत्याकांड की साजिश के तार उत्तर प्रदेश के हाथरस से जुड़े हैं.
आरोप है कि पहले गोपाल को खाटूश्याम ले जाने के बहाने अपने साथ ले जाया गया. फिर उसके साथ मारपीट कर उसे मृत समझकर फरीदाबाद के खेतों में फेंक दिया गया. मगर, गोपाल की सांसें चल रही थीं. होश आने पर उसने अपनी पत्नी को फोन किया. इसके बाद कहानी में ऐसा मोड़ आया, जिसने इस पूरे मामले को हत्या की साजिश में बदल दिया. पुलिस ने आरोपी पत्नी काजल और उसके प्रेमी योगेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है. हालांकि, मामले में गोपाल की बेटी शालिनी की भूमिका सामने नहीं आने की बात पुलिस ने कही है.
खाटूश्याम जाने के बहाने अपहरण
दरअसल, उत्तर प्रदेश के हाथरस के गांव कुंवरपुर निवासी 37 वर्षीय गोपाल पिछले करीब 20 वर्षों से फरीदाबाद की एक कपड़ा फैक्ट्री में मशीन ऑपरेटर के तौर पर काम कर रहा था. करीब 16 साल पहले उसने काजल से कोर्ट मैरिज की थी. पुलिस के अनुसार, करीब तीन साल पहले काजल की नजदीकियां गोपाल के दोस्त योगेंद्र से बढ़ने लगी थीं. एक साल पहले काजल और योगेंद्र के आपत्तिजनक फोटो गांव में वॉट्सऐप पर वायरल हुए थे. काजल ने इन्हें AI से तैयार बताकर गोपाल को समझा दिया था. हालांकि, पिछले कुछ दिनों से गोपाल को काजल पर शक होने लगा था। इसे लेकर दोनों के बीच फोन पर झगड़े भी होते थे. परिवार के अन्य लोगों को भी दोनों के रिश्ते की जानकारी हो गई थी. आरोप है कि इसके बाद गोपाल की हत्या की साजिश रची गई.
घायल हालत में खेतों में फेंका
गोपाल के भाई भूरे के मुताबिक, 10 अक्टूबर को योगेंद्र उसे खाटूश्याम ले जाने के बहाने अपने साथ ले गया. आरोप है कि कार में गोपाल के साथ मारपीट की गई और उसके गले में गमछे से फंदा डाल दिया गया. इसके बाद उसे मृत समझकर फरीदाबाद के खेतों में फेंक दिया गया और आरोपी वहां से फरार हो गए. हालांकि, गोपाल को होश आ गया. उसने स्थानीय लोगों की मदद से अपनी पत्नी को फोन कर दिया.
मदद के बजाय हत्या की साजिश का आरोप
भूरे के मुताबिक, सूचना मिलने पर गोपाल की बेटी शालिनी उसे लेने पहुंची. इसके बाद गोपाल को पल्ला इलाके में एक ठिकाने पर ले जाया गया, जहां उसे इंजेक्शन देकर बेहोश रखा गया. इसी बीच 13 अक्टूबर को गोपाल की पत्नी काजल भी हाथरस से फरीदाबाद पहुंच गई. अगले दिन योगेंद्र को भी वहां बुलाया गया. गोपाल के भाई का आरोप है कि 14 अक्टूबर की रात काजल और योगेंद्र ने मिलकर गोपाल की गर्दन पर चाकू से कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई.
परिवार को सुनाई दूसरी कहानी
हत्या के बाद काजल ने परिवार को बताया कि घर में घुसे बदमाशों ने गोपाल के साथ मारपीट की थी. हालांकि, पुलिस पूछताछ में उसने कथित तौर पर हत्या की बात स्वीकार कर ली. पुलिस ने काजल और योगेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है. जहां परिवार बेटी के शामिल होने की बात कर रहा है. वहीं पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार, शालिनी की भूमिका सामने नहीं आई है.