बैटिंग ऑर्डर बदलते ही रूठी वैभव सूर्यवंशी की किस्मत, 8 गेंद में पारी हुई खत्म
Last Updated:
न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में वैभव सूर्यवंशी का बल्ला नहीं चल पाया. तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए वैभव 8 गेंद खेलकर सिर्फ 4 रन ही बना पाए. वैभव को चोटिल ईशान किशन की जगह प्लेइंग इलेवन में खेलने का मौका मिला था, लेकिन अपने नए बैटिंग क्रम में वह खुद नहीं ढाल पाए और मौके को गंवा दिया.
वैभव सूर्यवंशी 4 रन बनाकर हुए आउट
नई दिल्ली: न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में वैभव सूर्यवंशी सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हो गए. मैच में वैभव तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे थे, लेकिन इस पोजीशन पर उनका बल्ला नहीं चल पाया. सीरीज में पहली बार खेलने उतरे वैभव को लेकर न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने एक अलग प्लानिंग कर रखी थी. उसी प्लान के तहत जैसे ही वैभव बल्लेबाजी के लिए आए, उन्होंने मीडियम पेसर को गेंदबाजी आक्रमण पर बुलाया.
वैभव के बारे में सबको पता है कि जब गेंद तेजी से उनके बल्ले पर आती है, तो वह आसानी से शॉट लगाते हैं, लेकिन गेंद में गति नहीं मिलने पर उन्हें खेलने में थोड़ी दिक्कत होती है. इसी प्लान के तहत मिचेल सैंटनर ने अपनी गेंदबाजी को सेट किया और खतरनाक वैभव सूर्यवंशी को सस्ते में आउट करने में वह सफल रहे.
ईशान किशन की जगह वैभव को मिला था मौका
न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 में वैभव को ईशान किशन की जगह खेलने का मौका मिला था. ईशान को पहले टी20 में चोट लगी थी, जिसके कारण वह नहीं खेल पाए थे. वैभव के अलावा शिवम दुबे का भी नाम आगे चल रहा था कि उन्हें मिडिल ऑर्डर में उतारा जा सकता है, लेकिन लंबे समय से मौके के इंतजार में बैठे वैभव सूर्यवंशी पर कप्तान और कोच ने भरोसा दिखाया, लेकिन उन्हें नंबर-3 पर उतारने का फैसला कारगर साबित नहीं हुआ.
क्या टीम मैनेजमेंट से हो गई वैभव को लेकर भूल?
वैभव सूर्यवंशी के बल्लेबाजी में फ्लॉप होने के बाद अब टीम मैनेजमेंट के फैसले पर सवाल उठ रहे हैं. दरअसल, वैभव ने हमेशा से ओपनिंग की है. वह पहली बार तीसरे नंबर पर बैटिंग करने उतरे थे. ऐसे में सवाल यह उठता है कि क्या वैभव को अभिषेक के साथ ओपन नहीं कराया जा सकता था? इसके अलावा संजू को तीसरे नंबर पर भेजा जा सकता था. संजू पहले भी अलग-अलग पोजीशन पर खेलकर अच्छा प्रदर्शन कर चुके हैं, लेकिन टीम मैनेजमेंट अभिषेक और संजू के साथ ही गया.
न्यूजीलैंड ने मैच में बनाए 180 रन
वहीं, इस मुकाबले की बात करें तो न्यूजीलैंड को टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी का न्योता मिला था. पहले बल्लेबाजी करते हुए कीवी टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी, लेकिन ग्लेन फिलिप्स और बेवन जैकब्स की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत न्यूजीलैंड की टीम 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 180 रन बनाने में सफल रही.