Ramayana Advance Booking: ‘रामायण’ का ऐसा क्रेज, सुबह 6 बजे से आधी रात तक के हैं शो, बिक चुके 1.5 लाख टिकट


Last Updated:

Ramayana Advance Booking: कुछ फिल्में रिलीज के बाद सुर्खियां बटोरती हैं तो कुछ का इंतजार पहले से ही चर्चा में आ जाता है. रणबीर कपूर की ‘रामायण’ के साथ भी कुछ ऐसा ही होता दिख रहा है. भारतीय महाकाव्य की इस भव्य कहानी को बड़े पर्दे पर देखने के लिए फैंस के बीच अलग ही एक्साइटमेंट है. अब सिनेमाघरों में इसकी तैयारियों और टिकटों की मांग ने सबका ध्यान खींच लिया है. माना जा रहा है कि फिल्म पहले ही दिन बंपर ओपनिंग करने वाली है.

Top Deals Inside

'रामायण' का ऐसा क्रेज, सुबह 6 बजे से आधी रात तक के हैं शो, बिके 1.5 लाख टिकटZoom

नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म की एडवांस बुकिंग तेजी से आगे बढ़ रही है.

नई दिल्ली. बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों एक ऐसी फिल्म की चर्चा है, जिसके पर्दे पर आने से पहले ही दर्शकों के बीच हलचल मच गई है. भगवान राम की गाथा, रावण का खौफ और सितारों से सजी महागाथा को देखने के लिए फैंस बेसब्र हैं. रणबीर कपूर की इस फिल्म को लेकर सोशल मीडिया पर भी खूब बातें हो रही हैं. लेकिन अब सिनेमाघरों से आ रही खबरें इस एक्साइटमेंट को और बढ़ा रही हैं. कहीं सूरज निकलने से पहले ही शो की तैयारी है तो कहीं आधी रात तक पर्दे पर यह महागाथा देखने का मौका मिलेगा. आखिर ऐसा क्या है इस फिल्म में, जिसने रिलीज से पहले ही दर्शकों के बीच इतना रोमांच पैदा कर दिया है? एडवांस बुकिंग के आंकड़े इसकी कहानी बयां कर रहे हैं.

रणबीर कपूर की ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों का उत्साह रिलीज से पहले ही नजर आने लगा है. नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म की एडवांस बुकिंग तेजी से आगे बढ़ रही है. फिल्म की टिकट बिक्री से अब तक करीब 10 करोड़ रुपये की कमाई हो चुकी है. सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, ‘रामायण’ की एडवांस बुकिंग से कुल कलेक्शन 9.91 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. फिल्म ने डेढ़ लाख से ज्यादा टिकट बेचने का आंकड़ा भी पार कर लिया है.

एडवांस कलेक्शन में 1.75 करोड़

‘रामायण’ की एडवांस बुकिंग में हिंदी वर्जन सबसे आगे चल रहा है. सैकनिल्क के मुताबिक, हिंदी में टिकटों की बिक्री से 8.72 करोड़ रुपये का कलेक्शन हुआ है. कन्नड़ वर्जन ने 90.89 लाख रुपये कमाए हैं. वहीं, तेलुगु वर्जन की एडवांस बुकिंग से 27.63 लाख रुपये की कमाई हुई है. इन आंकड़ों से साफ है कि फिलहाल हिंदी दर्शकों की ओर से फिल्म को सबसे ज्यादा रिस्पॉन्स मिल रहा है. रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म के एडवांस कलेक्शन में 1.75 करोड़ रुपये जुड़े. यह करीब 21 फीसदी की बढ़ोतरी है. इसी दौरान सिनेमाघरों में 380 नए शो भी जोड़े गए. इसके साथ ही रणबीर कपूर की फिल्म के कुल शो की संख्या बढ़कर 4,324 हो गई.

फिल्म 5 नवंबर 2026 को रिलीज होगी, जबकि दूसरा पार्ट दिवाली 2027 में आने की योजना है. इसे हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम में रिलीज किया जाएगा.

दिल्ली-NCR सबसे आगे, मुंबई दूसरे नंबर पर

शहरों के हिसाब से देखें, तो दिल्ली-NCR ‘रामायण’ की एडवांस बुकिंग में सबसे आगे है. यहां 26,867 टिकटों की बिक्री से 2.11 करोड़ रुपये का कलेक्शन दर्ज किया गया. मुंबई दूसरे स्थान पर है. यहां 22,649 टिकट बिकने से 1.58 करोड़ रुपये की कमाई हुई है. बड़े शहरों में टिकटों की बिक्री फिल्म को लेकर शुरुआती दिलचस्पी का संकेत देती है. हालांकि, असली तस्वीर रिलीज के बाद ही साफ होगी.

सुबह 6 बजे से शुरू हो सकते हैं शो

फिल्म के शो टाइमिंग भी चर्चा में हैं. BookMyShow पर मुंबई के गोरेगांव स्थित मिराज सिनेमाज में ‘रामायण पार्ट 1’ का सुबह 6 बजे का शो लिस्ट किया गया है. वहीं, कुछ सिनेमाघरों में रात 11:59 बजे के शो भी सूचीबद्ध हैं. हालांकि, ये रिलीज से पहले की लिस्टिंग हैं. सिर्फ इनके आधार पर दर्शकों की मांग का सटीक अंदाजा नहीं लगाया जा सकता.

5 नवंबर को रिलीज होगी ‘रामायण’

नितेश तिवारी के निर्देशन और नमित मल्होत्रा व यश के निर्माण में बन रही इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे. सनी देओल भगवान हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण का किरदार निभा रहे हैं. भारतीय महाकाव्य पर आधारित यह फिल्म दो भागों में आएगी. इसका पहला भाग 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है. दूसरे भाग की रिलीज दिवाली 2027 के लिए निर्धारित है.



Source link