खत्म हुआ दलेर मेहंदी vs मंत्री उनियाल विवाद, मीका सिंह ने CM धामी का जताया आभार, कहा- आप मेरे भाई को…

खत्म हुआ दलेर मेहंदी vs मंत्री उनियाल विवाद, मीका सिंह ने CM धामी का जताया आभार, कहा- आप मेरे भाई को…


Last Updated:

Daler Mehndi Row:  उत्तराखंड में एक कार्यक्रम के दौरान राज्य के मंत्री सुबोध उनियाल की ओर से दिग्गज गायक दलेर मेहंदी की तीखी आलोचना का मामला तूल पकड़ रहा था. दलेर मेहंदी के समर्थन में बॉलीवुड से तमाम कलाकार सपोर्ट में उतरे. इसके बाद सीएम धामी की एंट्री हुई और आखिरकार विवाद थम गया. 

Zoom

दलेर बनाम मंत्री विवाद खत्म हुआ.

देहरादून : पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी और कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के बीच का विवाद जगजाहिर है. उत्तराखंड में हुए इवेंट में जिस तरह से मंत्री ने पब्लिक में दलेर मेहंदी को अपमानित किया. इससे उनके भाई मीका सिंह का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया था. मीका सिंह अपने भाई के सपोर्ट में खड़े हुए और लगातार मंत्री को कॉलआउट किया. इसके बाद सीएम पुष्कर सिंह धामी की एंट्री हुई. अब 5 दिन तक चले इस विवाद का अंत हो चुका है. इस बाक की जानकारी खुद मीका सिंह ने सोशल मीडिया पर दी है. आइए जानते हैं शुरू से पूरा मामला.

क्या है पूरा मामला?

  • सिंगर दलेर मेहंदी रविवार रात 18 अक्टूबर 2026 को उत्तराखंड के नई टिहरी में आयोजित सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले में परफॉर्म कर रहे थे.
  • इसी दौरान उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने उनके कार्यक्रम को बीच में रोक दिया और मंच पर ही उन्हें टोकने लगे.
  • मंत्री ने सिंगर के व्यवहार पर सवाल उठाए.
  • इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद यह मामला चर्चा में आ गया.
  • सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में उनियाल, दलेर मेहंदी से कहते सुनाई दिए, इतना पैसे देकर हमने आपको बुलाया है. आप बेवकूफ बना रहे हैं हमें. बोला तो जा नहीं रहा, गाना क्या गाओगे?
  • इसके बाद दलेर सिंह के भाई मीका सिंह ने वीडियो जारी कर उनका बचाव किया.

फिर क्या कुछ हुआ?

मीका ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि उन्होंने अपने भाई को कभी शराब पीते हुए नहीं देखा. उन्होंने कहा कि हाल ही में दलेर मेहंदी का बड़ा ऑपरेशन हुआ था और संभव है कि उनकी तबीयत ठीक न हो. अगर दलेर मेहंदी ठीक से खड़े नहीं हो पा रहे थे या गा नहीं पा रहे थे, तो इसकी वजह उनकी खराब तबीयत हो सकती है. मंत्री को उनकी परफॉर्मेंस पर सवाल उठाने का अधिकार है, लेकिन बिना सबूत यह कहना ठीक नहीं है कि वह शराब पीकर गा रहे थे. मैं आप लोगों से पूछना चाहता हूं कि वो (दलेर मेहंदी) पिछले 30 साल से सुपरस्टार रहे हैं. क्या ज़िंदगी में आप लोगों ने कभी उनके हाथ में शराब का गिलास देखा है? नहीं देखा. जब आपने देखा ही नहीं, तो आपने सीधा (कैसे) बोल दिया कि उनसे खड़ा नहीं हुआ जा रहा है. मैं मीडिया को भी चैलेंज करता हूं. उनके यार-दोस्त होंगे, बहुत सारे कलीग्स हैं, जिन्होंने उनके साथ बॉलीवुड में काम किया होगा. अगर एक बंदा बोल दे कि हमने दलेर मेहंदी को शराब पीते हुए देखा है, मैं गाना ही छोड़ दूंगा.

सीएम की एंट्री

विवाद बढ़ते देख उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पत्रकारों से बात की और कहा कि मेरा मानना है कि उस समय मंत्री पर जनता का दबाव रहा होगा. मंत्री ने खुद कहा है कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि दलेर मेहंदी की तबीयत खराब है. उत्तराखंड कलाकारों की धरती है, जहां हर किसी का सम्मान किया जाता है. मुझे लगता है कि इस मामले को यहीं खत्म कर देना चाहिए. मैं मीका और दलेर मेहंदी से बात करूंगा. दोनों मेरे अच्छे मित्र हैं. इसके बाद सीएम ने दोनों भाइयों से फोन पर बातचीत की और दलेर मेंहदी को सम्मान के साथ दोबारा उत्तराखंड में इन्वाइट करने की बात कही.

इस पर मीका सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताया कि उनसे दलेर मेहंदी ने विवाद को और आगे ना बढ़ाने के लिए कहा है. साथ ही मीका ने सीएम का धन्यवाद किया कि उन्होंने कलाकार की भावनाओं को समझा और उनका सम्मान किया. दरअसल बीते पांच दिनों में तमाम सेलेब्रिटीज़ ने दलेर को समर्थन दिया था, वहीं सिक्ख संगठन भी विवाद में एंट्री कर गए थे. मामले को खत्म करने के लिए सीएम ने पहल की थी.



Source link