भागलपुर में कपड़े की दुकान खोलकर करें बढ़िया कमाई, 1 लाख रुपये से शुरू हो सकता है यह बिजनेस

भागलपुर में कपड़े की दुकान खोलकर करें बढ़िया कमाई, 1 लाख रुपये से शुरू हो सकता है यह बिजनेस


Last Updated:

Bhagalpur Clothing Business: भागलपुर में युवा कपड़े के बिजनेस पर ध्यान दे रहे हैं. यहां केवल एक लाख रुपये में कपड़ों की दुकान शुरू की जा सकती है और अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है. हालांकि इस राशि में सिल्क जैसे फैब्रिक नहीं रखे जा सकते लेकिन बेसिक लेवल पर काम शुरू किया जा सकता है.

भागलपुर. भागलपुर के युवा अब नौकरी के बजाय बिजनेस पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं. खासकर कपड़ों का व्यापार यहां तेजी से बढ़ रहा है. भागलपुर कपड़े के लिए पूरे देश में मशहूर माना जाता है. नाथनगर, चंपानगर, हुसैनपुर, मोजाहिदपुर, बैजानी जैसे क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर कपड़ा तैयार होता है. कहावत है कि कपड़ों के कारोबार में मार्जिन अच्छा होता है, इसलिए मुनाफा भी ज्यादा मिलता है.

ऊपर से अगर कपड़ा आपके ही शहर में बन रहा हो, तो ट्रांसपोर्ट का खर्च भी कम हो जाता है. ऐसे में फायदा और बढ़ जाता है. बहुत लोग समझते हैं कि भागलपुर सिर्फ सिल्क के लिए जाना जाता है, लेकिन यहां कॉटन, लीलन, मसराइज, स्टेफन, लेलुन सहित कई तरह के फैब्रिक भी बड़ी मात्रा में तैयार होते हैं.

कैसे शुरू करें कपड़े की दुकान?
कपड़ा व्यवसायी संजीव कुमार और हेमंत कुमार बताते हैं कि अगर कोई व्यक्ति कपड़ों की दुकान खोलना चाहता है, तो केवल 1 लाख रुपये से कारोबार शुरू कर सकता है. हालांकि, इस बजट में सिल्क आइटम शामिल करना मुश्किल होगा. लेकिन बाकी फैब्रिक की दुकान आसानी से शुरू हो सकती है. भागलपुर में थोक में कपड़ा बहुत सस्ते दामों पर उपलब्ध हो जाता है. यहां 80 रुपये प्रति मीटर से भी कपड़ा मिलना शुरू हो जाता है.

कमाएंगे कैसे ज्यादा?
अगर दुकान पर थान से कपड़ा बेचेंगे, तो 20 से 30 रुपये प्रति मीटर की बचत होगी. अगर डिजाइन करवाकर कॉस्ट्यूम बनाकर बेचेंगे, तो मुनाफा और बढ़ जाएगा. किसी भी बिचौलिए से बचें, सीधे बुनकरों से संपर्क करें. ऑर्डर पर कपड़ा खरीदेंगे, तो और कम कीमत में माल मिल जाएगा.

कहां से मिलेगी सप्लाई?
चंपानगर, नाथनगर और आसपास के क्षेत्रों में बड़े कपड़ा थोक व्यापारी मौजूद हैं. उनसे संपर्क कर माल की सप्लाई आसानी से मिल जाएगी. यह बिजनेस उन लोगों के लिए बेहतरीन विकल्प है, जो कम निवेश में ज्यादा लाभ कमाना चाहते हैं. स्थानीय बाजार मजबूत है और मांग लगातार बढ़ रही है, इसलिए कपड़ा व्यापार तेजी से सफलता दिला सकता है.



Source link