Last Updated:
MP TOP News in Hindi: मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के हर कोने से ताजा खबरों के लिए News18 से जुड़े रहें. यहां आपको राजनीतिक हलचल, क्राइम, प्राकृतिक आपदाएं, स्थानीय विकास तक हर क्षेत्र की बड़ी से बड़ी और छोटी से छोटी खबरें मिलती रहेंगी.
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की टॉप न्यूज.
MP News in Hindi: अगर आप मध्य प्रदेश की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो एमपी की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट देंगे. इसके अलावा राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश में क्या-क्या है खास. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें…
दिवाली से पहले NHM संविदा कर्मचारियों को राहत, हर महीने 1 तारीख को मिलेगा मानदेय
भोपाल: मध्य प्रदेश में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के संविदा कर्मचारियों के मानदेय भुगतान को लेकर आदेश जारी किया गया है. NHM ने सभी संविदा कर्मचारियों को हर महीने की 1 तारीख को समय पर मानदेय देने के निर्देश दिए हैं. NHM संचालक वित्त वीरभद्र शर्मा ने इस संबंध में सभी CMHO, सिविल सर्जन और मेडिकल कॉलेजों के अधिष्ठाताओं को आदेश जारी किया है. इस फैसले से संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों को समय पर भुगतान मिलने और आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है.
धार दौरे पर CM मोहन यादव, 260 गांवों को मिलेगा सिंचाई का लाभ
भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज धार जिले के सरदारपुर दौरे पर रहेंगे. यहां वे 2,387 करोड़ रुपये की सिंचाई परियोजना का लोकार्पण करेंगे. इस परियोजना से धार और झाबुआ जिले के 260 गांवों को लाभ मिलने की उम्मीद है. साथ ही करीब 57,400 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई की सुविधा मिलेगी. परियोजना से क्षेत्र में पानी की कमी दूर करने और किसानों को खेती के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.
विंध्य को मिलेगी रेल कनेक्टिविटी की सौगात, 118 किमी रेलखंडों का होगा लोकार्पण
भोपाल: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सतना–देवेंद्रनगर और रीवा–चुरहट रेलखंडों का उद्घाटन करेंगे. इस दौरान देवेंद्रनगर–चुरहट नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाई जाएगी. रेल कनेक्टिविटी बढ़ने से सीधी जिले को रेल नेटवर्क से जोड़ने में मदद मिलेगी. इससे क्षेत्र में व्यापार, उद्योग, पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है. मध्य प्रदेश में रेल विकास के लिए वित्त वर्ष 2026-27 में ₹15,188 करोड़ का बजट आवंटित किया गया है.
CM मोहन यादव का आज का कार्यक्रम, कई विकास कार्यों की देंगे सौगात
भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे. सुबह 11:30 बजे अभ्युदय 2026 राष्ट्रीय एचआर-सीएसआर सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे. दोपहर 2 बजे धार जिले के सरदारपुर पहुंचकर विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण करेंगे. इस दौरान माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजनाओं का लोकार्पण और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की राशि सिंगल क्लिक से ट्रांसफर करेंगे. दोपहर 3 बजे नई रेल लाइन का लोकार्पण और नागौद और चुरहट रेलवे स्टेशन पर नई ट्रेन सेवा का शुभारंभ होगा. शाम 5:50 बजे मुख्यमंत्री निवास पहुंचेंगे.