Last Updated:
Dumka News: दुमका के रहने वाले दो बच्चों के शव गोड्डा में कुएं से बरामद किए गए. आरोप है कि बच्चों की मां ने ही उन्हें गुस्से में आकर कुएं में धकेल दिया था. पुलिस ने जब महिला को गिरफ्तार कर पूछताछ की, तो महिला की निशानदेही पर बच्चों के शव बरामद किए गए. दोहरे हत्याकांड का कारण पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है.
महिला ने बेटे और भतीजे को कुएं में फेंका.
दुमकाः झारखंड के दुमका से लापता हुए दो बच्चों की तलाश का दर्दनाक अंत हुआ. दोनों बच्चों के शव गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट थाना इलाके के सलगा टांड़ गांव के पास एक कुएं से बरामद किए गए. मृतकों की पहचान चार वर्षीय आरव और नौ वर्षीय आयुष कुमार के रूप में की गई. पुलिस ने मामले में आरव की मां राखी कुमारी को गिरफ्तार किया. पुलिस मामले की जांच कर रही.
19 अक्टूबर को घूमने निकला था परिवार
19 अक्टूबर को पाकुड़ जिले के महेशपुर थाना इलाके के बलियाडेंगाल गांव के रहने वाले विक्रम सिंह अपने परिवार के साथ घूमने निकले थे. परिवार दुमका के अलग-अलग स्थानों पर गया था. बताया जाता है कि परिवार सेल्फी ब्रिज और चुटोनाथ जैसी जगहों पर घूमकर आया. इसी बीच नगर थाना इलाके के पास परिवार नाश्ते के लिए रुका. तभी विक्रम सिंह की पत्नी राखी कुमारी अपने चार वर्षीय बेटे आरव और नौ वर्षीय भतीजे आयुष कुमार के साथ वहां से चली गईं. कुछ समय बाद तीनों का पता नहीं चला. परिवार ने पुलिस को इसकी सूचना दी, जिसके बाद दुमका नगर थाना में गुमशुदगी का मामला दर्ज कर तलाश शुरू की गई.
CCTV फुटेज से मिला अहम सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए दुमका के पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खैरवार के निर्देश पर विशेष जांच टीम बनाई गई. पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बच्चों की तलाश शुरू की. पुलिस के मुताबिक, फुटेज में राखी कुमारी दोनों बच्चों के साथ पैदल जाती दिखाई दीं. इसके बाद उन्होंने एक टोटो लिया और आगे जाने के लिए कार बुक की. पुलिस ने कार चालक से पूछताछ की. चालक ने महिला और बच्चों को गाड़ी से ले जाने की पुष्टि की. जांच आगे बढ़ी तो पुलिस को महिला के गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र में होने का सुराग मिला.
महिला की निशानदेही पर कुएं से मिले शव
पुलिस ने राखी कुमारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान महिला ने अलग-अलग बातें बताईं. बाद में उसने दोनों बच्चों को कुएं में धकेलने की बात स्वीकार की और उस स्थान की जानकारी दी, जहां बच्चे थे. इसके बाद पुलिस टीम सलगा टांड़ गांव के पास पहुंची. वहां एक कुएं से दोनों बच्चों के शव बरामद किए गए. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मौत की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है.
जांच में जुटी पुलिस
दुमका के एसपी पीताम्बर सिंह खैरवार ने बताया कि शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद से जुड़ी बातें सामने आई हैं. पुलिस का कहना है कि राखी कुमारी को अपने पति के दूसरी महिला से बातचीत करने को लेकर शक था. इसके अलावा, उसे लगता था कि ससुराल में उसे और उसके बच्चे को पर्याप्त महत्व नहीं दिया जाता. पुलिस इन बातों को घटना की संभावित वजह मानकर जांच कर रही है.