Last Updated:
भोपाल के टीला जमालपुरा स्थित हैदर मंजिल में 13 अक्टूबर की रात महिला सायरा खान को पैर में गोली लगी थी. अब पीड़िता ने वीडियो जारी कर साफ किया कि पिस्टल उठाते समय गलती से ट्रिगर दब गया था. साथ ही उन्होंने पुलिस पर दबाव बनाकर बयान दर्ज करने का आरोप लगाया है.
पीड़िता ने जारी किया वीडियो.
रिपोर्ट: रमाकांत दुबे
भोपाल के टीला जमालपुरा इलाके में 13 अक्टूबर की रात हुई गोलीबारी की घटना में नया मोड़ आ गया है. यहां रहने वाली महिला सायरा खान के पैर में गोली लग गई थी. गोली लगने के तुरंत बाद परिजन सायरा को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले गए थे. घटना के शुरुआती समय में सायरा यह नहीं बता सकी थीं कि गोली कहां से चली और किसने चलाई थी.
अब पीड़ित महिला सायरा खान ने एक वीडियो संदेश जारी कर इस मामले पर अपनी ओर से सफाई दी है. वीडियो में सायरा ने बताया कि घटना वाली रात घर में एक लोडेड पिस्टल रखी हुई थी. हालांकि, सायरा को इस बात की बिल्कुल जानकारी नहीं थी कि पिस्टल में गोलियां भरी हैं. जब उन्होंने पिस्टल उठाई, तो गलती से उनका हाथ ट्रिगर पर पड़ गया. ट्रिगर दबते ही गोली चल गई, जो सीधे उनके पैर में जा लगी.
पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
सफाई देने के साथ ही सायरा खान ने पुलिस की कार्रवाई और रवैये पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं. सायरा का कहना है कि जब वह अस्पताल में भर्ती थीं, तब पुलिस टीम उनका बयान दर्ज करने पहुंची थी. सायरा ने पुलिसकर्मियों से अनुरोध किया था कि वह बेहोशी की हालत में हैं, इसलिए इस स्थिति में उनका बयान न लिया जाए. इसके बावजूद पुलिस ने दबाव बनाया और अचेत अवस्था में ही उनका बयान दर्ज कर लिया.
घबराहट में बोल दिया था…
पीड़िता सायरा खान का आरोप है कि अस्पताल में उस समय घबराहट में उन्हें जो समझ आया, उन्होंने वही बोल दिया था. पुलिस ने भी उसी आधार पर शुरुआती बयान तैयार कर लिया. अब सायरा खान ने खुद वीडियो जारी कर स्पष्ट किया है कि उनसे गलती से गोली चली थी. उन्होंने पुलिस पर दबाव में बयान लेने का आरोप लगाते हुए अपने पुराने बयान पर स्थिति पूरी तरह से साफ कर दी है.