Last Updated:
मध्य प्रदेश के देवास जिले के बागली में एक युवती करीब 200 से 250 फीट ऊंचे बीएसएनएल टावर पर चढ़ गई. सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, थाना प्रभारी और विधायक मौके पर पहुंचे. करीब 3 घंटे से अधिक चले ड्रामे के बाद प्रेमी युवक के आते ही युवती सुरक्षित नीचे उतर आई, जिसके बाद उसे सिविल अस्पताल भेजा गया.
देवास में युवती का हाई वोल्टेज ड्रामा.
Dewas News: मध्य प्रदेश के देवास जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. देवास जिले के बागली इलाके में स्थित बीएसएनएल (BSNL) कार्यालय के पास एक युवती लगभग 200 से 250 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गई. युवती के टावर पर चढ़ने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. देखते ही देखते मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.
3 घंटे तक टावर पर रही युवती
यह घटना शाम के समय की है. युवती टावर पर चढ़कर करीब 3 घंटे से अधिक समय तक ऊपर ही डटी रही. शाम करीब 4:45 बजे पुलिस को इस मामले की आधिकारिक सूचना मिली. सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंची.
विधायक और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बागली थाना प्रभारी, स्थानीय विधायक और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने लाउडस्पीकर और माइक के जरिए युवती से लगातार बातचीत की और उसे नीचे उतरने की समझाइश दी.
प्रेम प्रसंग से जुड़ा है मामला
शुरुआती जानकारी के अनुसार, टावर पर चढ़ी युवती कत्रोद थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है. मामला बागली थाना क्षेत्र के रहने वाले एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है.
प्रेमी के पहुंचते ही टला हादसा
पुलिस और प्रशासन द्वारा काफी देर तक दी गई समझाइश के बाद प्रेमी युवक को मौके पर बुलाया गया. प्रेमी युवक के घटनास्थल पर पहुंचते ही युवती मान गई और टावर से सुरक्षित नीचे उतर आई. युवती के सुरक्षित नीचे उतरते ही पुलिस और प्रशासन ने राहत की सांस ली. टावर से सुरक्षित नीचे उतारने के तुरंत बाद युवती को एम्बुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल ले जाया गया.