Last Updated:
मध्य प्रदेश के रीवा जिले के सिरमौर से एक बेहद हैरान और चौंकाने वाला मामला सामने आया है. जहां एक महिला रात में बिल्कुल बेफ्रिक होकर सो रही थी, तभी एक 12 फीट लंबा अजगर उसके पास लेट गया, जिसकी उसे भनक तक नहीं लगी. फिर सुबह जब उसकी आंखें खुलीं, तो वह हैरान रह गई. बाद में वन विभाग की टीम सांप को पकड़कर ले गई.
अजगर के साथ सोई महिला (एआई तस्वीर)
Rewa News: जरा सोचिए, आप रात को अपने बिस्तर पर चैन की नींद सो रहे हों और ठीक आपके सिर के पास एक खौफनाक, विशालकाय अजगर डेरा जमाकर बैठा हो. यह सोचकर ही रोंगटे खड़े हो जाते हैं ना? लेकिन मध्य प्रदेश के रीवा जिले से एक ऐसा ही दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला पूरी रात मौत के इतने करीब सोती रही और उसे भनक तक नहीं लगी. यहां वार्ड नंबर-11 में रहने वाले मुंशी प्रेमचंद द्विवेदी के घर में एक विशालकाय सांप घुस गया. खौफनाक बात यह रही कि यह सांप रातभर बेडरूम में सो रही एक महिला के सिरहाने डेरा जमाए रहा और महिला को भनक तक नहीं लगी.
महिला रात में आराम से सो रही थी. सुबह करीब 5 बजे जब उसकी आंखें खुलीं, तो उसे अपने बगल में किसी चीज की मौजूदगी का अहसास हुआ. जब उसने नजर घुमाकर देखा तो उसके पैरों तले से जमीन खिसक गई. बिस्तर के बगल में ही एक विशालकाय सांप कुंडली मारकर बैठा हुआ था. महिला ने सूझबूझ दिखाई और तुरंत बिना शोर मचाए वहां से हटीं और परिजनों को इसके बारे में बताया और वह बिल्कुल भी नहीं घबराई.
पकड़ा गया 12 फीट लंबा अजगर
कमरे में इतना बड़ा सांप देखकर पूरे परिवार में हड़कंप मच गया. परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय वन विभाग की टीम को दी. खबर मिलते ही वन अमला मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने करीब 12 फीट लंबे इस अजगर सांप को सुरक्षित पकड़ लिया.
सांप को अपने साथ ले गई वन विभाग की टीम
सांप के पकड़े जाने के बाद परिवार और मोहल्ले के लोगों ने राहत की सांस ली. गनीमत रही कि सांप ने रातभर महिला या परिवार के किसी सदस्य पर हमला नहीं किया, जिससे एक बहुत बड़ी अनहोनी होने से टल गई. वन विभाग की टीम सांप को अपने साथ ले गई है, जिसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया जाएगा. इस घटना ने एक बात तो साबित कर दी कि कभी-कभी हमारी समझदारी और किस्मत ही हमें सबसे बड़े खतरे से बचा लेती है.