चिप डिजाइन से निर्माण तक, इंदौर में शुरू हो रही मध्य प्रदेश सेमीकंडक्टर समिट 2026, निवेश पर होगा मंथन

चिप डिजाइन से निर्माण तक, इंदौर में शुरू हो रही मध्य प्रदेश सेमीकंडक्टर समिट 2026, निवेश पर होगा मंथन


मिथिलेश गुप्ता(इंदौर),

MP Semiconductor Summit 2026: मध्य प्रदेश को सेमीकंडक्टर उद्योग का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में शुक्रवार से इंदौर में दो दिवसीय मध्य प्रदेश सेमीकंडक्टर समिट-2026 का शुभारंभ होगा. ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समिट का उद्घाटन करेंगे. इस दौरान वे ‘सेमीकंडक्टर हब के रूप में मध्य प्रदेश का विजन’ पेश करेंगे. समिट में देश-विदेश की कंपनियों के प्रतिनिधि, निवेशक, उद्योग विशेषज्ञ, शिक्षाविद और स्टार्टअप प्रतिनिधि शामिल होंगे.

दो दिवसीय आयोजन में सेमीकंडक्टर तकनीक, निवेश, इनोवेशन और कौशल विकास पर चर्चा होगी. समिट में 8 पैनल चर्चाएं, 5 राउंडटेबल बैठकें और 4 मुख्य सत्र आयोजित किए जाएंगे. वहीं, 50 से अधिक कंपनियां प्रदर्शनी में अपनी तकनीक, उत्पाद और औद्योगिक क्षमताओं का प्रदर्शन करेंगी.

चिप डिजाइन से लेकर निर्माण तक पर मंथन
समिट में सेमीकंडक्टर विनिर्माण, चिप डिजाइन, एडवांस पैकेजिंग और टेस्टिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादन, अनुसंधान एवं नवाचार जैसे विषयों पर चर्चा होगी. इसके साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), फैबलेस इकोसिस्टम और सेमीकंडक्टर सप्लाई चेन के विकास पर भी जोर रहेगा. मुख्यमंत्री निवेशकों और कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ वन-टू-वन बैठकें कर प्रदेश में निवेश और तकनीकी सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे.

मोबाइल से लेकर इलेक्ट्रिक वाहन उद्योग को मिल सकता है फायदा
सेमीकंडक्टर का इस्तेमाल मोबाइल, कंप्यूटर, कार, इलेक्ट्रिक वाहन, मेडिकल उपकरण, संचार प्रणाली और औद्योगिक मशीनों में होता है. प्रदेश में चिप पैकेजिंग, टेस्टिंग और इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादन से जुड़ा नेटवर्क विकसित होने पर इन क्षेत्रों की कंपनियों के लिए स्थानीय सप्लायर तैयार करने के अवसर बढ़ सकते हैं. इससे सहायक उद्योगों के विकास और तकनीकी रूप से कुशल युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है.

स्टार्टअप और कौशल विकास पर भी फोकस*
समिट के दौरान AI इंफ्रास्ट्रक्चर, चिप डिजाइन, बौद्धिक संपदा, फोटोनिक्स और क्वांटम तकनीक जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श होगा. उद्योग, शिक्षण संस्थानों और अनुसंधान केंद्रों के बीच सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की जाएगी. समिट के दूसरे दिन मध्यप्रदेश सेमीकॉन स्टार्टअप प्रतियोगिता के अंतिम चरण में चयनित विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा.

राज्य सरकार ने सेमीकंडक्टर क्षेत्र में निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए मध्य प्रदेश सेमीकंडक्टर नीति-2025 को मंजूरी दी है. अब समिट के जरिए निवेश आकर्षित करने, तकनीकी क्षमताओं को बढ़ाने और प्रदेश में सेमीकंडक्टर उद्योग का इकोसिस्टम विकसित करने की संभावनाओं पर जोर रहेगा.



Source link