Last Updated:
कुनिका सदानंद मुंबई में एक इवेंट में पहुंचीं, जहां उन्होंने दलेर मेहंदी के साथ मंत्री के बर्ताव पर नाराजगी जताई. एक्ट्रेस ने दलेर मेहंदी की शख्सियत और विरासत को सराहा और कहा कि आज के ज्यादातर नेताओं में सभ्यता की कमी है. एक्ट्रेस ने कहा कि 35 लाख रुपये देने से आपको किसी की बेइज्जती करने का हक नहीं मिल जाता.
कुनिका सदानंद ने मंत्री के बर्ताव पर उठाए सवाल. (फोटो साभार: IANS)
नई दिल्ली: एक्ट्रेस कुनिका सदानंद गुरुवार 22 अक्टूबर को मुंबई में पीटीसी पंजाबी फिल्म पुरस्कारों में शामिल हुईं. इस दौरान उन्होंने दलेर मेहंदी और दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को लेकर अपना रिएक्शन दिया. उन्होंने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि पंजाब फिल्म इंडस्ट्री बहुत अहम इंडस्ट्री है. इस इंडस्ट्री में बेहतरीन कहानियों और दिलचस्प विषयों के आधार पर फिल्में बनाई जाती हैं. मैं पहली बार पीटीसी अवॉर्ड्स में शामिल हुई हूं और शायद मुंबई में यह पहली बार आयोजित भी हुई है और इसमें शामिल होकर मैं बहुत खुश हूं.
एक्ट्रेस ने कहा कि पंजाब इंडस्ट्री के फिल्मों का बजट भी बड़ा हो रहा है. वे कनाडा, लंदन सहित दुनियाभर के अलग-अलग हिस्सों में अपनी फिल्मों की शूटिंग करते है. मैं उन्हें भविष्य के लिए बहुत शुभकामनाएं देती हूं. हाल में पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी के साथ जो व्यवहार किया गया और कॉन्सर्ट में उनको जो कहा गया है कि वो शराब पीकर सिंगिंग कर रहे थे, इस पर उन्होंने कहा कि मैं हमेशा से कहती हूं कि ज्यादातर पॉलिटिशियन लोगों के पास सभ्यता नहीं है.
मंत्री के रवैये से जताई नाराजगी
कुनिका ने कहा कि कॉन्सर्ट के दौरान दलेर मेहंदी के साथ इतने अभद्र तरीके से बात की गई. उनका जो करियर है, उनकी जो पहचान है, उनकी जो आवाज है, वह इन पॉलिटिशियन के पास उनकी नाखून के बराबर भी नहीं है और इस तरह से उन्होंने बर्ताव किया. हो सकता है कि उनकी तबीयत खराब थी, उम्र हो गई है, लेकिन किसी को बेइज्जत करने का कोई अधिकार नहीं है. एक्ट्रेस कुनिका सदानंद ने कहा कि हमने सुना है कि दलेर मेहंदी बिल्कुल शराब नहीं पीते हैं. ऐसे में उनके ऊपर जो लांछन लगाया गया है कि वह शराब पीकर आए थे और उनकी जुबान लड़खड़ा रही थी. यह किसी भी तरह से एक कलाकार के साथ सही बर्ताव करने का तरीका नहीं है.
बदतमीजी करने का हक नहीं
दलेर मेहंदी पर आरोप लगाया गया कि उन्होंने 35 लाख रुपए लिए, लेकिन फिर भी सही से गाना नहीं गा रहे थे. इस पर कुनिका सदानंद ने कहा कि पैसे देकर आपने किसी को खरीदा नहीं. आपने पैसे दिए हैं, लेकिन आप बदतमीजी नहीं कर सकते. एक्टर और सिंगर दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट गुरुवार 23 अक्टूबर को दिल्ली में आयोजित होने वाला था, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर इसको कैंसिल कर दिया गया. इस पर उन्होंने कहा कि हमारे देश में सुरक्षा के नजरिए से दिक्कतें हैं. आए दिन किसी न किसी सेलिब्रिटी पर गोली चलाई जाती है. उनकी हत्या करने की कोशिश की जाती है. अगर सरकार की ओर से सुरक्षा के मद्देनजर कॉन्सर्ट को रद्द किया है तो यह उनकी लॉ एंड ऑर्डर को लेकर विफलता है.