Last Updated:
दिग्विजय सिंह अभी सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा उज्जैन से अयोध्या निकाल रहे हैं. यह यात्रा कुल 950 किलोमीटर की मानी जा रही है. उन्होंने इसे गैर राजनीतिक भी करार दिया है. अब इसमें बड़ा पेंच फंसता हुआ नजर आ रहा है, जहां राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव और डीजीपी को नोटिस जारी किया है और इस सिलसिले में दो हफ्ते के अंदर जवाब मांगा है.
दिग्विजय सिंह की यात्रा पर NHRC ने फंसाया पेंच
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह अभी सनातन यात्रा निकाल रहे हैं. लेकिन अब इसमें
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) की एंट्री हो गई है. दिग्विजय की यात्रा में बच्चों से कथित तौर पर राजनीतिक नारे लगवाने के मामले में संज्ञान लिया है. आयोग ने मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव और DGP को आरोपों की जांच कर दो हफ्ते के भीतर एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) सौंपने का निर्देश दिया है.
बच्चों को पैसे देकर यात्रा में लाने की जताई गई आशंका
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के मुताबिक शिकायत में आरोप लगाया गया है कि यात्रा में बच्चों को शामिल कर उनसे राजनीतिक नारे लगवाए गए. शिकायतकर्ता ने 22 अक्टूबर को फेसबुक पर इस घटना से जुड़े वीडियो और तस्वीरें साझा किए जाने का हवाला दिया है. बच्चों को पैसे देकर यात्रा में लाए जाने की आशंका भी जताई गई है.
क्या बोले NHRC के सदस्य प्रियंक कानूनगो
NHRC के सदस्य प्रियंक कानूनगो की अध्यक्षता वाली पीठ ने शुरुआती तौर पर मामले को बच्चों के अधिकारों के संभावित उल्लंघन से जुड़ा माना है. आयोग ने अधिकारियों को कथित आर्थिक लेन-देन, बच्चों को प्रलोभन देकर शामिल करने और बाल संरक्षण कानूनों के संभावित उल्लंघन की भी जांच करने को कहा है.
इसके अलावा, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के सचिव को भी बच्चों के कथित वीडियो और तस्वीरों के इस्तेमाल के मामले में जांच करने का आदेश दिया है. इसके अलावा ATR प्रस्तुत करने का आदेश भी दिया गया है.
(रिपोर्ट-रमाकांत दुबे)