Last Updated:
Uttarakhand Election News: उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले मतदाता सूची को लेकर बड़ा अपडेट आया है. मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 12 नवंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की जाएगी. इस विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत 1 जनवरी 2027 तक 18 साल की उम्र पूरी करने वाले युवा वोटर लिस्ट में अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकेंगे. इसके अलावा सभी जिलों में ईवीएम और वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच भी शुरू कर दी गई है.
छूटे वोटर लिस्ट में जुड़वा सकते हैं नाम. (एआई तस्वीर)
Uttarakhand News: उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक सरगर्मी तेज हो गई है. राज्य में मतदाता सूची को लेकर एक बहुत बड़ा अपडेट सामने आया है, जिसके तहत आगामी 12 नवंबर को नई मतदाता सूची जारी की जाएगी. मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने इस संबंध में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की है. इस बैठक में चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत आगामी चुनावी तैयारियों और मतदाता सूची के पुनरीक्षण पर विस्तार से चर्चा की गई.
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी दी है कि भारत निर्वाचन आयोग की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार राज्य के सभी जिलों में ईवीएम (EVM) और वीवीपैट (VVPAT) मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच (FLC) शुरू कर दी गई है. इस पूरी तकनीकी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों को भी विशेष रूप से शामिल किया गया है, ताकि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष और सुचारू रूप से संपन्न हो सके.
1 जनवरी 2027 तक 18 वर्ष के होने वाले युवा जुड़वा सकेंगे नाम
उत्तराखंड में मतदाता सूची को पूरी तरह अपडेट करने के लिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है. इसके तहत जिन युवाओं की उम्र 1 जनवरी 2027 तक 18 वर्ष पूरी हो जाएगी, वे मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकेंगे. निर्वाचन विभाग ने स्पष्ट किया है कि 12 नवंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा, जिसके बाद लोग सूची में नाम जोड़ने, हटाने या किसी भी प्रकार के संशोधन के लिए अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे. हाल ही में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान नए नाम जोड़ने वाले फॉर्म-6 के 1,00,744 आवेदन प्राप्त हुए हैं.