Delhi MCD House meeting chaos। AAP Congress councillors clash in MCD। एक करोड़ चाहिए… कांग्रेस-AAP में माइक छीनने-कागज उड़ाने की नौबत, MCD में बवाल

Delhi MCD House meeting chaos। AAP Congress councillors clash in MCD। एक करोड़ चाहिए… कांग्रेस-AAP में माइक छीनने-कागज उड़ाने की नौबत, MCD में बवाल


होमताजा खबरDelhi

एक करोड़ चाहिए… कांग्रेस-AAP में माइक छीनने-कागज उड़ाने की नौबत, MCD में बवाल

Last Updated:

MCD AAP Congress Councilor Clash: दिल्ली नगर निगम की बैठक में विकास फंड को लेकर AAP और कांग्रेस के पार्षदों के बीच हंगामा हुआ. AAP ने तत्काल एक करोड़ रुपये जारी करने की मांग की थी. मेयर प्रवेश वाही ने 25 लाख रुपये के अतिरिक्त आवंटन की घोषणा की. प्रदूषण पर चर्चा के दौरान भी विवाद बढ़ा. माइक छीनने और कागज उछालने की घटनाओं के बाद सदन स्थगित हुआ. मेयर ने अनुशासन समिति से कार्रवाई की बात कही.

Zoom

एमसीडी के सदन में जमकर हंगामा हुआ.

दिल्ली नगर निगम (MCD) की बैठक में विकास फंड को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते बड़े हंगामे में बदल गया. आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस के पार्षदों के बीच तीखी बहस हुई. मामला इतना बढ़ा कि मेयर प्रवेश वाही की कुर्सी तक पार्षद पहुंच गए. आरोप है कि मेयर और बीजेपी पार्षदों से माइक छीनने की कोशिश हुई. मेज पर रखे कागज, फाइलें और पेय पदार्थ भी उछाले गए. इस दौरान अधिकारियों पर चाय और पानी गिरने की खबर भी सामने आई. आखिरकार सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी. विवाद के बाद मेयर ने अनुशासन समिति से कार्रवाई कराने की बात कही. वहीं, AAP ने बीजेपी मेयर और कांग्रेस नेता से सदन में माफी मांगने की मांग उठाई.

25 लाख रुपये के फंड पर क्यों भिड़े पार्षद?
हंगामे की शुरुआत वार्डों के विकास फंड को लेकर हुई. AAP पार्षदों ने अपने क्षेत्रों के लिए तुरंत फंड जारी करने की मांग की. मेयर प्रवेश वाही ने 25 लाख रुपये आवंटित करने की घोषणा की. उन्होंने कहा कि चालू वित्त वर्ष में प्रत्येक पार्षद को कुल दो करोड़ रुपये मिलेंगे. सदन के नेता जय भगवान यादव ने बताया कि नई घोषणा के बाद कुल आवंटन 75 लाख रुपये हो जाएगा. उनके मुताबिक, 50 लाख रुपये पहले ही आवंटित किए जा चुके हैं. अब 25 लाख रुपये और जारी किए जाएंगे. लेकिन AAP पार्षद तत्काल एक करोड़ रुपये देने की मांग पर अड़ गए. इसके बाद सदन पांच मिनट के लिए स्थगित कर दिया गया.

प्रदूषण पर चर्चा के बीच फिर बढ़ा बवाल
बैठक दोबारा शुरू हुई तो दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर सवाल उठे. चर्चा जल्द ही तीखी बहस में बदल गई. पार्षदों के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई. इसी दौरान कांग्रेस नेता नाजिया दानिश और विपक्ष के नेता अंकुश नारंग के बीच भी विवाद हुआ. नाजिया ने AAP की आलोचना की तो नारंग ने उन पर बीजेपी के करीब होने का आरोप लगाया. इसके जवाब में नाजिया ने AAP पार्षद शगुफ्ता जुबैर चौधरी का जिक्र किया. शगुफ्ता 2024 में अपने पति के साथ कांग्रेस छोड़कर AAP में शामिल हुई थीं. इसके बाद AAP पार्षद मेयर की कुर्सी के पास पहुंच गए. PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, वहां लगे माइक को नुकसान पहुंचाने की कोशिश का आरोप भी लगा.

AAP ने बीजेपी मेयर और कांग्रेस नेता से मांगी माफी
AAP ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर बीजेपी मेयर प्रवेश वाही और कांग्रेस नेता नाजिया दानिश को निशाने पर लिया. पार्टी ने आरोप लगाया कि शगुफ्ता जुबैर चौधरी के खिलाफ निजी टिप्पणियां की गईं और अभद्र भाषा का इस्तेमाल हुआ. AAP ने दोनों से सदन में माफी मांगने की मांग की. पार्टी का कहना है कि पार्षद अपने क्षेत्र के लोगों के अधिकारों और विकास के लिए फंड मांग रहे थे. ऐसे में उनकी आवाज दबाने के बजाय मांगों का जवाब दिया जाना चाहिए. AAP ने इस विवाद में कांग्रेस की भूमिका पर भी सवाल उठाए.

मेयर ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
हंगामे के बाद मेयर प्रवेश वाही ने मामला सदन की अनुशासन समिति को सौंपने की बात कही. उन्होंने नियमों का उल्लंघन करने वाले पार्षदों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का संकेत दिया. बैठक में हुए घटनाक्रम ने दिल्ली की नागरिक राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है. विकास फंड, प्रदूषण और पार्षदों के व्यवहार को लेकर अब राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं.



Source link