यूरोप से नई दिल्ली तक कूटनीतिक हलचल: जयशंकर और डोनाल्ड टस्क का मंथन
Last Updated:
S Jaishankar Donald Tusk Talk: भारत और पोलैंड के ऐतिहासिक कूटनीतिक रिश्तों को नई गति देने के लिए पोलैंड के पीएम डोनाल्ड टस्क के आधिकारिक दौरे की शुरुआत बेहद अहम बैठकों के साथ हुई है. 21 अक्टूबर की शाम नई दिल्ली की धरती पर कदम रखने के बाद, पोलिश पीएम ने 22 अक्टूबर को विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के साथ उच्चस्तरीय द्विपक्षीय बातचीत की.
जयशंकर और टस्क के बीच भारत-पोलैंड सहयोग पर चर्चा हुई.
विदेश मंत्री जयशंकर की पीएम डोनाल्ड टस्क से मुलाकात, भारत-पोलैंड सहयोग पर हुई चर्चा
नई दिल्ली. भारत पहुंचे पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने 22 अक्टूबर को विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात की. बैठक के दौरान दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई. जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा, “पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क से मुलाकात कर खुशी हुई. टस्क ने भारत और पोलैंड के बीच कई क्षेत्रों में सहयोग को अधिक मजबूत करने को लेकर अपने विचार साझा किए.”
डोनाल्ड टस्क 21 अक्टूबर की शाम नई दिल्ली पहुंचे. उनका यह तीन दिन का आधिकारिक भारत दौरा रक्षा, व्यापार और रणनीतिक क्षेत्रों में दोनों देशों के सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से हो रहा है. हवाई अड्डे पर उनके आगमन पर खाद्य प्रसंस्करण उद्योग और जल शक्ति राज्य मंत्री राज भूषण चौधरी ने उनका स्वागत किया.
विदेश मंत्रालय (एमईए) ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि यह उच्च स्तरीय दौरा भारत-पोलैंड रणनीतिक साझेदारी को नई गति देगा और दोनों देशों के लंबे समय से चले आ रहे रिश्तों को मजबूत बनाएगा. टस्क के साथ पोलैंड के वित्त और अर्थव्यवस्था मंत्री आंद्रेज डोमान्स्की और एक उच्च स्तरीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है. नई दिल्ली में शीर्ष स्तर की बैठकों के अलावा पोलैंड का प्रतिनिधिमंडल नई दिल्ली और बेंगलुरु में होने वाले व्यापारिक कार्यक्रमों में भी भाग लेगा.
विदेश मंत्रालय के अनुसार, पोलैंड के प्रधानमंत्री के रूप में यह टस्क की भारत की दूसरी यात्रा है. इससे पहले वह वर्ष 2010 में अपने पहले कार्यकाल के दौरान भारत आए थे. दोनों नेताओं की पिछली मुलाकात 2024 में हुई थी, जब प्रधानमंत्री मोदी ने वारसॉ का ऐतिहासिक दौरा किया था. उसी दौरान भारत और पोलैंड के संबंधों को रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया गया था.
दिल्ली में अपने कार्यक्रम पूरे करने के बाद टस्क बेंगलुरु जाएंगे. वहां वह सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) और अंतरिक्ष क्षेत्र से जुड़े उद्योग प्रतिनिधियों सहित विभिन्न कारोबारी हितधारकों से मुलाकात करेंगे. भारत-पोलैंड बिजनेस फोरम का आयोजन 22 अक्टूबर को नई दिल्ली और 23 अक्टूबर को बेंगलुरु में किया जाएगा.