क्रास्टचर्च: भारत के खिलाफ पहले टी-20 में न्यूजीलैंड ने भले ही धीमी शुरुआत की, लेकिन उसके बाद मेजबानों ने ऐसी रफ्तार पकड़ी की, भारतीय खेमा टेंशन में आ गया. टिम सिफर्ट और फिन एलन क्रीज पर बढ़िया सेट हो चुके थे. स्कोर देखते ही देखते चार ओवर में 36 रन पहुंच चुका था. न अनुभवी भुवनेश्वर कुमार विकेट ले पा रहे थे और न अर्शदीप सिंह को सफलता मिली. जब दोनों दिग्गज बेरंग साबित हो रहे थे, तब गौतम गंभीर के चेले ने न्यूजीलैंड की ओपनिंग साझेदारी तोड़ी.
142 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से विकेट
भारत के युवा गेंदबाज मयंक यादव ने गेंद थामते ही टिम सिफर्ट को अपनी रफ्तार से छकाया और 49 रन पर भारत को पहली सफलता दिलाई. दरअसल, आईपीएल 2023 में जब गौतम गंभीर लखनऊ सुपरजायंट्स के मेंटॉर थे, तब उन्होंने अपनी देखरेख में मयंक को ग्रूम किया था. मयंक ने अपनी रॉ स्पीड से हर किसी को प्रभावित किया था. अब गंभीर उन्हें इंडियन टीम में भी मौका दे रहे हैं.
मयंक ने आते ही तोड़ी साझेदारी
पांचवें ओवर में मयंक यादव को पहली बार अटैक पर लगाया गया था. पहली गेंद डॉट रहने के बाद मयंक अगली चार गेंदों में सिर्फ तीन रन ही दिए. टिम सिफर्ट बड़ा शॉट मारने के लिए बेताब थे और उनकी इसी छटपटाहट का फायदा मयंक ने उठाया. ऑफ साइड के बाहर 142 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से बैक ऑफ अ लैंथ बॉल फेंकी, जिस पर सिफर्ट पहले से शॉट लगाने का मूड बना चुके थे. गेंद ने बल्ले का मोटा किनारा लिया, जिसे विकेट के पीछे लपकने में संजू सैमसन ने कोई गलती नहीं की.
17 गेंद में 24 रन बनाकर आउट हुए सिफर्ट
दाएं हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज सिफर्ट अगर क्रीज पर कुछ ओवर और रुक जाते तो कितने खतरनाक हो सकते थे, ये बात हर कोई जानता है. मयंक ने उन्हें आउट कर भारत की मैच में वापसी ही करवाई. वह तीन चौके और एक छक्का जड़ चुके थे. 141.17 की स्ट्राइक रेट से रन बना रहे थे, लेकिन मयंक के जाल में फंस गए.
भारत की प्लेइंग इलेवन: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नमन धीर, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, मयंक यादव और अर्शदीप सिंह
न्यूजीलैंड की प्लेइंग इलेवन: फिन एलन, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, बेवन जैकब्स, माइकल ब्रेसवेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), नाथन स्मिथ, मैट हेनरी, एडम मिल्ने और लॉकी फर्ग्यूसन